Big Fall in Stock Market : ट्रंप के टैरिफ के कारण शेयर बाजार में भारी गिरावट आई। सेंसेक्स 3000 अंक और निफ्टी 900 अंक तक गिरा। जानिए इस गिरावट के पीछे का कारण…

Why Market Crashed Today : ट्रंप की टैरिफ ने पूरा शेयर बाजार हिला दिया है। सोमवार 7 अप्रैल को सेंसेक्स 3000 अंक गिरकर करीब 72,300 पर आ गया, निफ्टी में 900 अंकों की गिरावट आई। ये लुढ़कर 22,000 से नीचे आ गया। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स के 30 शेयर लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं। टाटा स्टील हो या टाटा मोटर्स या फिर इंफोसिस जैसी बड़ी कंपनियां बड़े दबाव में नजर आ रही हैं। NSE के सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी मेटल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। आईटी, ऑयल एंड गैस और हेल्थकेयर इंडेक्स सभी में भयंकर गिरावट है। जानिए इसके पीछे का कारण क्या है...

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दुनियाभर के स्टॉक बाजार ढेर

ट्रंप के टैरिफ के बाद मची हलचल के बीच दुनियाभर के बाजार ढेर हो गए हैं। एशियाई बाजारों में जापान के निक्केई (Nikkei 225) में 6%, कोरिया के कोस्पी इंडेक्स (KOSPI) में 4.50%, चीन का शंघाई इंडेक्स (SSE Composite Index) 6.50% और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग (Hang Seng Index) 10% नीचे आ गया है। अमेरिकी बाजारों में भी ऐसा ही हाल देखने को मिला है। 3 अप्रैल को डाउ जोन्स 3.98%, S&P 500 इंडेक्स 4.84% और नैस्डेक कंपोजिट 5.97% तक गिर गया है।

शेयर बाजार में गिरावट के 3 सबसे बड़े कारण

1. ट्रंप का टैरिफ बम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 26% समेत दुनियाभर में टैरिफ लगाया है। इसमें वियतनाम पर 46%, चीन पर 34%, साउथ कोरिया पर 25%, जापान पर 24% और यूरोपीय यूनियन पर 20% का टैरिफ लगाया गया है। इसके बाद से ही शेयर बाजार में गिरावट है।

2. चीन का अमेरिका पर पलटवार

अमेरिका के रेसिप्रोकल टैरिफ के जबाव में चीन ने शुक्रवार, 4 अप्रैल को उस पर 34% का जवाबी टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया, जो 10 अप्रैल से लागू होगा। इसका असर भी बाजारों पर देखने को मिल रहा है।

3. निवेशकों का भरोसा डगमगाया

अमेरिकी टैरिफ से सामान महंगा होने से खरीदारी कम होगी, जिसका असर अर्थव्यवस्था की ग्रोथ पर पड़ सकता है। मांग कम होने से कच्चे तेल के दाम भी गिर गए हैं। कमजोर इकोनॉमिक संकेत से निवेशकों में हलचल है और भरोसा हिल रहा है।

शेयर बाजार में ट्रिगर वाले पॉइंट्स

  • एशिया समेत ग्लोबल मार्केट्स में चौतरफा गिरावट, डाओ, नैस्डैक टूटे
  • क्रूड 63 डॉलर के पास, सोना 3000 डॉलर के नीचे
  • बेस मेटल्स और क्रिप्टो में भी हर तरफ गिरावट
  • US बॉन्ड यील्ड 7 महीने के सबसे नीचले स्तर पर आ गया है
  • ट्रंप और पॉवेल में ब्याज दरों को लेकर जुबानी जंग
  • FIIs (विदेशी निवेशकों) की 9,525 करोड़ की बिकवाली
  • अमेरिका-चीन के एक्शन से दुनियाभर में ट्रेडवॉर का खतरा