केंद्रीय बजट 2024-25 पर पीएम मोदी ने कहा, "यह बजट समाज के हर वर्ग को शक्ति देने वाला है। ये देश के गांव, गरीब, किसान को समृद्धि पर ले जाने वाला है। नौजवानों को अनगिनत नए अवसर देगा। बजट में सरकार ने 'रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना' की घोषणा की है। इससे रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।"
Budget 2024: नए टैक्स रिजीम में राहत, सोना-चांदी सस्ता, शेयर बाजार गिरा

Union Budget 2024: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को संसद में बजट पेश किया। उन्होंने लगातार 7 बजट पेश कर इतिहास रचा। करदाताओं को उम्मीद के अनुसार टैक्स में राहत दी गई है। बजट पेश किए जाने के बाद शेयर बाजार में गिरावट आई है।
बजट 2024: नरेंद्र मोदी बोले- नौजवानों को मिलेंगे अनगिनत अवसर
बजट 2024: नए टैक्स रिजीम में स्टैंडर्ड डिडक्शन 75 हजार तक बढ़ा
नए टैक्स रिजीम में बदलाव किया गया है। तीन लाख रुपए तक आमदनी पर टैक्स नहीं लगेगा। 3-7 लाख रुपए आमदनी पर 5 फीसदी, 7-10 लाख रुपए तक पर 10 फीसदी, 10-12 लाख रुपए तक पर 15 फीसदी, 12-15 लाख रुपए तक पर 20 फीसदी और 15 लाख रुपए से अधिक आमदनी होने पर 30 फीसदी टैक्स लगेगा। स्टैंडर्ड डिडक्शन बढ़ाकर 75 हजार किया गया है। पहले यह 50 हजार रुपए था। पुराने टैक्स रिजीम में बदलाव नहीं हुआ है।
बजट 2024 लाइव: विदेशी कंपनियों पर कॉर्पोरेट टैक्स दर घटकर 35%
विदेशी कंपनियों पर कॉर्पोरेट टैक्स दर को घटाकर 35% किया गया है। पहले यह 40 फीसदी था। बेनामी एक्ट के तहत पूरी सूचना देने पर बेनामीदार को राहत मिलेगी।
बजट 2024 लाइव: लचीले होंगे टैक्स कानून
वित्त मंत्री ने कहा कि इनकम टैक्स प्रणाली को आसान बनाया जाएगा। टैक्स कानूनों को लचीला बनाया जाएगा। टैक्स विवादों का समाधान 6 महीने में करने की कोशिश होगी। इनकम टैक्स अधिनियम 1961 की छह महीने में समीक्षा होगी। ई-कॉमर्स पर टीडीएस 1 फीसदी से घटाकर 0.1 फीसदी किया गया है।
सोना-चांदी पर सीमा शुल्क घटकर 6% हुआ
बजट में सोना और चांदी की कीमत कम करने का प्रावधान किया गया है। दोनों कीमती धातुओं पर सीमा शुल्क घटाकर 6 फीसदी किया गया है।
बजट 2024 लाइव: मोबाइल फोन, चार्जर पर सीमा शुल्क 15%
कैंसर की तीन और दवाओं पर GST में छूट मिलेगी। सीमा शुल्क को सरल बनाने की समीक्षा होगी। मोबाइल फोन, चार्जर पर सीमा शुल्क घटाकर 15% किया गया है। 25 आवश्यक खनीज पर सीमा शुल्क नहीं लगेगा। सोलर सेल और सोलर पैनल बनाने वाले सामान पर सीमा शुल्क में कमी होगी।
मॉड्यूलर परमाणु रिएक्टरों के विकास के लिए निजी क्षेत्र के साथ होगी साझेदारी
वित्त मंत्री ने कहा कि देश में छोटे और मॉड्यूलर परमाणु रिएक्टरों के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। सरकार छोटे रिएक्टरों की स्थापना, छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों के अनुसंधान और विकास के लिए निजी क्षेत्र के साथ साझेदारी करेगी।
बजट 2024 लाइव: बुनियादी ढांचे के निर्माण पर खर्च होंगे 11 लाख करोड़ रुपए
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि देश में मजबूत बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए महत्वपूर्ण निवेश किए गए हैं। बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 11 लाख करोड़ रुपए से अधिक आवंटित किए गए हैं। यह हमारे GDP का 3.4% होगा। निजी क्षेत्र द्वारा बुनियादी ढांचे में निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा।
बजट 2024 लाइव:1 करोड़ गरीबों का बनेगा घर
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत 10 लाख करोड़ रुपए के निवेश से 1 करोड़ गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर बनाए जाएंगे। इसमें अगले पांच वर्षों में 2.2 लाख करोड़ रुपए की केंद्रीय सहायता शामिल होगी। मुफ्त सौर बिजली योजना से 1 करोड़ परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्राप्त करने में सक्षम बनाया जाएगा।
बजट 2024 लाइव: आंध्र प्रदेश को 15,000 करोड़ रुपए की मदद
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि 21,400 करोड़ रुपए की लागत से पीरपैंती में 2400 मेगावाट का नया बिजली संयंत्र स्थापित किया जाएगा। बिहार में नए हवाई अड्डे, मेडिकल कॉलेज और खेल बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा। सरकार ने आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम में प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए प्रयास किए हैं। राज्य की पूंजी की आवश्यकता को समझते हुए, हम बहुपक्षीय एजेंसियों के माध्यम से विशेष वित्तीय सहायता की सुविधा प्रदान करेंगे। राज्य को 15,000 करोड़ रुपए की सहायता मिलेगी।
बजट 2024 लाइव: MSME को टर्म लोन की सुविधा के लिए क्रेडिट गारंटी योजना शुरू
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि MSME को टर्म लोन की सुविधा के लिए क्रेडिट गारंटी योजना शुरू की जाएगी। इससे MSME का क्रेडिट जोखिम कम होगा। प्रत्येक आवेदक को 100 करोड़ रुपए तक का कवर मिलेगा। कर्ज की राशि इससे अधिक हो सकती है।
500 टॉप कंपनियों में सरकार दिलाएगी इंटर्नशिप
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार 500 टॉप कंपनियों में युवाओं को 1 साल का इंटर्नशिप दिलाएगी। इससे पांच साल में 1 करोड़ युवाओं को लाभ होगा। उन्हें 5000 रुपए प्रति माह वेतन मिलेगा। इसके साथ ही 6000 रुपए की सहायता भी मिलेगी।
बिहार को सड़क के लिए मिले 26000 करोड़ रुपए
बजट से बिहार को सड़क के लिए 26000 करोड़ रुपए मिले हैं। पूर्वोत्तर के राज्यों के लिए कई सड़क परियोजनाओं का ऐलान हुआ है। बिहार में पटना से पूर्णिया तक और बक्सर से भागलपुर तक दो नए एक्सप्रेसवे बनेंगे। बक्सर में गंगा नदी पर पुल बनेगा।
बजट 2024 लाइव: शिक्षा के लिए मिलेगा 10 लाख कर्ज
वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार घरेलू संस्थानों में उच्च शिक्षा के लिए 10 लाख रुपए तक कर्ज देगी। हमारी सरकार प्रधानमंत्री पैकेज के हिस्से के रूप में रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजनाओं के लिए तीन योजनाएं लागू करेगी। ये ईपीएफओ में नामांकन पर आधारित होंगी। पहली बार रोजगार पाने वाले युवाओं को एक महीने के वेतन इतना लाभ ईपीएफओ से मिलेगा। इससे 210 लाख युवाओं को फायदा होगा।
शिक्षा और रोजगार पर खर्च होंगे 1.48 लाख करोड़ रुपए
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "मुझे 2 लाख करोड़ रुपए के केंद्रीय खर्च के साथ 5 साल में 4.1 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार, कौशल और अन्य अवसरों की सुविधा के लिए 5 योजनाओं की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। इस साल हमने शिक्षा, रोजगार और कौशल के लिए 1.48 लाख करोड़ रुपए खर्च करने का प्रावधान किया है।"
बजट 2024 लाइव: दलहन-तिलहन में आत्मनिर्भरता पर जोर
आत्मनिर्भरता के लिए सरकार दलहन और तिलहन का उत्पादन बढ़ाने पर जोर देगी। सब्जी उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखला के लिए क्लस्टर बनाए जाएंगे। 400 जिलों में फसलों का डिजिटल सर्वे होगा।
बजट 2024 लाइव: गरीबों-महिलाओं पर ध्यान देंगे
वित्त मंत्री ने कहा कि हम गरीबों और महिलाओं पर ध्यान देंगे। लोगों को हमारी नीतियों पर भरोसा है। विकसित भारत के लिए पहली प्राथमिकता कृषि उत्पादन को बढ़ाना है। कृषि रिसर्च पर सुधार होगा। 32 फसलों की 109 किस्में लाएंगे।
बजट 2024 लाइव: वित्त मंत्री ने कहा- कंट्रोल में है महंगाई
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत है। महंगाई नियंत्रण में है। ग्लोबल इकोनॉमी मुश्किल में है। भारत में महंगाई दर चार फीसदी के करीब है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भाषण शुरू
संसद की कार्यवाही 11 बजे शुरू हो गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सांसदों से बजट 2024 की हार्ड कॉपी लेने की अपील की। इसके बाद निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण शुरू किया।
संसद लाई गई केंद्रीय बजट 2024 की प्रतियां
केंद्रीय बजट 2024 की प्रतियां संसद लाई गईं हैं। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का यह पहला बजट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद पहुंचे हैं।