सार
World Most Expensive Yacht Price: दुनिया की सबसे महंगी नाव 'हिस्ट्री सुप्रीम' है, जिसकी कीमत में एशिया के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी के एंटीलिया जैसे 2 घर बड़े आराम से खरीदे जा सकते हैं।
World Most Expensive Yacht: दुनिया में एक से बढ़कर एक महंगी चीजें हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं वर्ल्ड की उस सबसे महंगी याट (नाव) के बारे में, जो देखने में भले ही उतनी बड़ी न हो, लेकिन इसे दुनिया की सबसे महंगी YACHT कहा जाता है। इस नाव को 'हिस्ट्री सुप्रीम याट' के नाम से जाना जाता है। इसे बनाने में तीन साल का समय लगा। सोने और प्लेटिनम के ढांचे से तैयार की गई इस याट के बेस, डेक, रेलिंग, डायनिंग एरिया और एंकर में भी गोल्ड का इस्तेमाल किया गया है। बता दें कि सिर्फ इसके मेंटेनेंस पर हर साल 50 मिलियन डॉलर (4350 करोड़ रुपए) खर्च होते हैं। कितनी है दुनिया की सबसे महंगी याट की कीमत..
कितनी है History Supreme Yacht की कीमत
इंटरनेट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, History Supreme Yacht की कीमत 4.5 अरब डॉलर यानी 34,800 करोड़ रुपए है। यानी इस कीमत में भारत के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी के एंटीलिया जैसे 2 आलीशान घर खरीदे जा सकते हैं। बता दें कि एंटीलिया की कीमत 2 अरब डॉलर (15,000 करोड़) है। इसके अलावा इस यॉट की कीमत में बड़े आराम से 34,000 से ज्यादा BMW X5 कार खरीदी जकती हैं। इस कार की कीमत 97 लाख से 1.10 करोड़ के आसपास है।
किसने बनाई हिस्ट्री सुप्रीम यॉट
हिस्ट्री सुप्रीम यॉट को ब्रिटेन के मशहूर डिजाइनर स्टुअर्ट ह्यूजेस ने डिजाइन किया था। इसे बनाने में 1 लाख किलो सोना और प्लेटिनम का इस्तेमाल किया गया है। इसमें डायनासोर का एक डमी लगाया गया है, जिसकी हड्डी और यॉट में मिलने वाली वाइन के ग्लास 18 कैरेट हीरे से बने हैं।
दुनिया की सबसे महंगी यॉट में कितने लोग कर सकते हैं सफर
हिस्ट्री सुप्रीम यॉट भले ही दुनिया की सबसे महंगी नाव है, लेकिन इसमें एक बार में सिर्फ 22 यात्री ही सफर कर सकते हैं। इसकी स्पीड 14 नॉटिकल माइल है। इंटरनेट पर इसकी कुछ फोटो ही मौजूद हैं।
कौन है दुनिया की सबसे महंगी नाव का मालिक
यह नाव रॉबर्ट कुओक की है, जो एक मलेशियाई बिजनेसमैन हैं और विभिन्न उद्योगों में अपनी सफलता के लिए जाने जाते हैं। होटल और अन्य कारोबारों में उनके कारोबार ने उन्हें अमीर बना दिया। जब उन्हें ये नाव चाहिए थी, तो उन्होंने इंजीनियरों से कुछ नया और अलग बनाने को कहा। अपने विचार को हकीकत में बदलने के लिए उन्होंने खुद डिजाइनरों के साथ मिलकर काम किया।
अभी कहां है दुनिया की सबसे महंगी नाव
दुनिया की सबसे महंगी यॉट 'हिस्ट्री सुप्रीम' फिलहाल दुबई मरीना में है। ये अन्य आलीशान नावों के बीच रखी है, लेकिन किसी मुकुट में जड़े रत्न की तरह अलग ही नजर आती है। बहुत से लोग इस प्रसिद्ध नाव की एक झलक पाने के लिए मरीना में आते हैं। 100 फीट लंबी इस नाव को बनाने में तीन साल से ज्यादा का समय लगा था।
दुनिया की सबसे महंगी नाव में क्या-क्या?
1- मनोरम दृश्यों वाला एक शानदार मास्टर सुइट।
2- क्रिस्टल झूमर के साथ आलीशान डाइनिंग एरिया।
3- 3D स्क्रीन वाला मूवी थियेटर, हेलीकॉप्टरों के लिए विशेष लैंडिंग पैड।
4- स्पा, बेहतरीन उपकरणों से लैस किचन।
5- आलीशान पार्टियों और धूप सेंकने के लिए कई डेक।
6- शराब और दुर्लभ शराब की बोतलों के स्टोरेज के लिए एक खास कमरा।
7- नाव में एक ऐसा कमरा, जहां से आप पानी के नीचे देख सकते हैं।