PF Account New Scheme: नई नौकरी ज्वाइन करने वाले कर्मचारियों के लिए EPFO ने एक ज़रूरी सूचना जारी की है। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत 15,000 रुपये का फायदा लेने के लिए PF खाते से जुड़े DBT और NPCI मैपिंग को पूरा करना ज़रूरी है। ऐसा नहीं करने पर यह सरकारी मदद हाथ से निकल सकती है।
PM Viksit Bharat Rozgar Yojana: EPFO ने एक बड़ा अलर्ट जारी किया है। अगर आपने नई-नई नौकरी शुरू की है, तो कुछ ज़रूरी काम निपटा लें, वरना आपके खाते में आने वाले 15,000 रुपये अटक सकते हैं। EPFO ने साफ कहा है कि बैंक खाते में DBT की सुविधा होनी चाहिए और NPCI मैपिंग भी पूरी होनी चाहिए।
EPFO की चेतावनी: एक गलती से होगा ₹15,000 का नुकसान!
केंद्र सरकार ने नई नौकरी करने वालों को फायदा देने और कंपनियों को रोज़गार देने के लिए प्रोत्साहित करने के मकसद से 'प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना' शुरू की है। इस स्कीम के तहत, नई नौकरी ज्वाइन करने वालों को 15,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। यह पैसा सरकार एक ही बार देती है, लेकिन दो किस्तों में आपके खाते में जमा होता है। इसके अलावा, नौकरी देने वाली कंपनी को भी हर एक कर्मचारी पर 3,000 रुपये केंद्र सरकार देती है।
इस योजना का मकसद देश में रोज़गार के मौके बढ़ाना है। इससे लाखों लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इसी योजना को लेकर EPFO ने एक बड़ा अपडेट दिया है और कर्मचारियों को अलर्ट किया है।
ये काम पूरा करने पर ही खाते में आएगा पैसा!
इस योजना का फायदा उठाने के लिए ज़रूरी है कि नई नौकरी करने वाले का एक PF अकाउंट हो। यह फायदा तभी मिलेगा जब आप किसी ऐसी कंपनी में काम करते हैं जो PF (Provident Fund) के दायरे में आती है। EPFO ने अलर्ट किया है कि सिर्फ PF खाता होना ही काफी नहीं है, आपका UAN नंबर भी एक्टिवेट होना चाहिए। यह प्रोसेस आपको फेस ऑथेंटिकेशन के ज़रिए पूरा करना होगा।
इतना ही नहीं, आपको यह भी चेक करना होगा कि आपके EPFO से जुड़े बैंक खाते में DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) की सुविधा है या नहीं। अगर DBT सुविधा नहीं है, तो अपने बैंक खाते को अपडेट कराएं। अगर कर्मचारी यह प्रोसेस पूरा कर लेते हैं, तो 15,000 रुपये उनके खाते में जमा हो जाएंगे। वरना दिक्कतें आ सकती हैं। EPFO ने यह जानकारी अपने X प्लेटफॉर्म पर दी है।
पहले साल में ही खाते में आ जाएगा पैसा!
बैंक खाते की NPCI मैपिंग भी पूरी होनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने 15 अगस्त, 2025 को 'प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना' को शुरू किया था। इस योजना का लाभ नौकरी के पहले साल में ही मिल जाता है। जिन कर्मचारियों की सैलरी एक लाख रुपये से कम है, उन्हें यह सुविधा मिलती है।
इस योजना के लिए आपको कोई अलग से अर्जी देने की ज़रूरत नहीं है। अगर आपका PF अकाउंट है और लगातार छह महीने तक आपके खाते में PF का पैसा जमा होता है, तो सरकार दो किस्तों में यह रकम आपके बैंक खाते में भेज देगी। पहली किस्त में 8,000 रुपये और दूसरी किस्त में 7,000 रुपये आपके खाते में जमा होंगे।
