Petrol Pump Safety Rules: क्या पेट्रोल भरवाते समय कार में या बाइक पर बैठे रहना सेफ है? जानिए पेट्रोल पंप पर स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी और फ्यूल स्पिल से होने वाले बड़े रिस्क।

Petrol Pump Precautions: जब भी आप पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने जाते हैं, तो क्या करते हैं? कार में आराम से AC चलाकर बैठे रहते हैं या बाइक पर ही जमे रहते हैं? अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो सावधान हो जाइए। ये छोटी सी आदत किसी बड़े खतरे को दावत दे सकती है। पेट्रोल पंप पर सुरक्षा को लेकर कई सख्त नियम होते हैं, लेकिन जानकारी न होने की वजह से ज्यादातर लोग इन्हें हल्के में लेते हैं। आइए समझते हैं कि तेल भरवाते समय गाड़ी के अंदर या ऊपर बैठे रहना चाहिए या नहीं...

पेट्रोल भरतवाते टाइम कार में बैठे रहना क्यों गलत है?

स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी का खतरा

कार की खिड़कियां बंद करके अंदर बैठे रहने में दो सबसे बड़े खतरे छिपे हैं। जिनमें से पहला स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी (Static Electricity) का खतरा है। जब आप कार की सीट पर बैठते हैं और हिलते-डुलते हैं, तो कपड़ों और सीट के रगड़ने से शरीर में हल्का सा करंट (स्टैटिक चार्ज) बन जाता है। अगर आप तेल भरते समय अचानक बाहर निकलकर मेटल के पार्ट या नोजल के पास हाथ लगाते हैं, तो हल्की-सी चिंगारी (Spark) निकल सकती है, जो पेट्रोल की भाप में आग लगाने के लिए काफी है।

इमरजेंसी में बाहर निकलने का वक्त न मिलना

अगर फ्यूल भरते समय अचानक पाइप लीक हो जाए या आग लग जाए, तो कार के अंदर बंद रहने पर बाहर निकलने का मौका बहुत कम मिलता है। इससे बड़ा हादसा हो सकता है।

बाइक या स्कूटी पर बैठे-बैठे पेट्रोल भरवाना कितना खतरनाक?

गिरावट या स्पिल का डर

टू-व्हीलर चलाने वाले अक्सर बाइक पर बैठे-बैठे ही फ्यूल टैंक का ढक्कन खुलवा देते हैं। ऐसा भूलकर भी न करें। अगर पेट्रोल गलती से छलककर गर्म साइलेंसर या इंजन पर गिर गया, तो सेकंड्स में आग भड़क सकती है। बाइक पर बैठे होने की वजह से आप तुरंत कूदकर भाग भी नहीं पाएंगे।

बैलेंस बिगड़ने का रिस्क

पेट्रोल पंप पर बाइक या स्कूटी में तेल डलवाते समय नोजल लगाते या निकालते वक्त अगर किसी का धक्का लग जाए, तो बाइक गिर सकती है और भरा हुआ पेट्रोल जमीन पर फैल सकता है। इससे खतरा भी बढ़ सकता है।

पेट्रोल डलवाते समय क्या करना चाहिए?

  • गाड़ी को स्टार्ट रखकर तेल कभी न भरवाएं।
  • टू-व्हीलर से हमेशा नीचे उतरकर साइड में खड़े हों। कार में हैं तो बाहर निकलना सबसे सेफ ऑप्शन है।
  • अगर कार में ही बैठना मजबूरी हो, तो अंदर-बाहर बार-बार न करें। अगर बाहर निकलना ही पड़े, तो कार के किसी मेटल हिस्से जैसे दरवाजे का मेटल फ्रेम को हाथ लगाकर बॉडी का करंट डिस्चार्ज कर लें।
  • फोन का इस्तेमाल न करें।
  • धूम्रपान या आग से जुड़ी किसी भी चीज को बिल्कुल दूर रखें।
  • पेट्रोल गिर जाए या कोई असामान्य बात दिखे तो तुरंत पंप कर्मचारी को बताएं।