Extra Income Ideas: आजकल सिर्फ एक सैलरी से घर चलाना मुश्किल हो गया है। अगर आप भी हर दिन सिर्फ 2 घंटे निकाल लें, तो अच्छी एक्स्ट्रा कमाई कर सकते हैं। जानें 3 धांसू तरीके

Side Income Ideas with Job: महीने की आखिरी तारीख आते-आते क्या आपका भी बैंक बैलेंस खाली होने लगता है? घर का किराया, बच्चों की फीस, राशन और EMI भरने के बाद हाथ में कुछ नहीं बचता है? आज के समय में सिर्फ एक नौकरी की सैलरी पर डिपेंड रहना समझदारी नहीं है। यही वजह है कि ज्यादातर लोग एक्स्ट्रा इनकम की जुगाड़ में लगे रहे हैं, लेकिन सबसे बड़ी टेंशन होती है जॉब में रहते हुए अलग से कोई काम करना। लेकिन अच्छी बात ये है कि एक्स्ट्रा पैसा कमाने के लिए आपको अपनी मौजूदा जॉब छोड़ने या लाखों रुपए लगाने की कोई जरूरत नहीं है। अगर आप अपने ऑफिस से आने के बाद या सुबह ऑफिस जाने से पहले रोजाना सिर्फ 2 घंटे अपने स्मार्टफोन या लैपटॉप को दे दें, तो महीने के ₹20,000 से ₹25,000 तक आराम से कमा सकते हैं। आइए जानते हैं 3 आसान काम...

AI टूल्स की मदद से कंटेंट और स्क्रिप्ट राइटिंग

आजकल हर छोटा-बड़ा यूट्यूबर, इंस्टाग्राम क्रिएटर और वेबसाइट मालिक अपने लिए लिखने वाले लोगों (Writers) की तलाश में है। इसके लिए आपका बहुत बड़ा लेखक होना जरूरी नहीं है। आपको यूट्यूब वीडियोज के लिए स्क्रिप्ट, इंस्टाग्राम रील्स के कैप्शन या ब्लॉग्स के लिए आसान हिंदी या अंग्रेजी में आर्टिकल लिखने होंगे। आप रिसर्च और आइडिया के लिए AI टूल्स की मदद ले सकते हैं, सिर्फ भाषा को अपनी बोलचाल जैसा बनाना होगा।

कमाई कितनी होगी, कहां काम मिलेगा?

एक छोटी स्क्रिप्ट या आर्टिकल के ₹300 से ₹800 तक मिलते हैं। रोज 2 घंटे में 2 काम भी निपटा लिए, तो महीने में ₹18,000 से ₹25,000 तक मिल सकते हैं। इसके लिए आप लिंक्डइन (LinkedIn), फेसबुक (Facebook) के 'कंटेंट राइटर्स' (Content Writers) ग्रुप्स या सीधे अपने पसंदीदा यूट्यूबर्स को ईमेल भेजकर काम मांग सकते हैं।

शॉर्ट वीडियो और रील्स एडिटिंग

आज हर दुकानदार, कोच, डॉक्टर और क्रिएटर इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर रील्स डालना चाहता है, लेकिन उनके पास वीडियो एडिट (Reels Editing) करने का टाइम नहीं है। सामने वाला आपको मोबाइल से रिकॉर्ड किया हुआ कच्चा वीडियो भेजेगा। आपको बस उसमें से फालतू हिस्सा काटना है, नीचे सबटाइटल (लिखा हुआ टेक्स्ट) लगाना है और हल्का बैकग्राउंड म्यूजिक जोड़ना है। ये काम आप अपने मोबाइल पर CapCut, VN या InShot जैसे फ्री ऐप्स से 30-40 मिनट में कर सकते हैं।

कमाई कितनी होगी?

एक रील एडिट करने के ₹300 से ₹500 तक आसानी से मिल जाते हैं। अगर आपने महीने के लिए 3 क्लाइंट भी पकड़ लिए और हर किसी की 15-20 रील्स एडिट कीं, तो ₹25,000 से ज्यादा की कमाई हो सकती है।

लोकल बिजनेस के लिए 'सोशल मीडिया हैंडलर' बनें

आपके आसपास कई जिम, ब्यूटी पार्लर, कोचिंग सेंटर, प्रॉपर्टी डीलर या कपड़े की दुकानें होंगी। ये लोग अपने बिजनेस को ऑनलाइन बढ़ाना चाहते हैं, लेकिन इन्हें सोशल मीडिया चलाना नहीं आता है। आप हफ्ते में एक दिन जैसे रविवार को उनकी दुकान पर जाकर मोबाइल से कुछ अच्छी फोटो और छोटे वीडियो बना लें। फिर रोज रात को 1-2 घंटे निकालकर उनके इंस्टाग्राम, फेसबुक और गूगल बिजनेस प्रोफाइल (Google Business Profile) पर पोस्ट डालें और ग्राहकों के मैसेज का जवाब दें।

कमाई कितनी होगी?

एक लोकल दुकानदार अपने प्रचार के लिए महीने के ₹5,000 से ₹8,000 खुशी-खुशी दे देता है। ऐसे 3 से 4 क्लाइंट संभालकर आप बिना किसी भारी मेहनत के ₹25,000 महीना कमा सकते हैं।

शुरुआत करने से पहले 2 जरूरी बातें याद रखें

पहले सैंपल तैयार करें: किसी से भी काम मांगने से पहले खुद के 2-3 सैंपल जैसे 2 एडिट की हुई रील्स या 2 लिखी हुई स्क्रिप्ट तैयार रखें, ताकि क्लाइंट आपका काम देखकर तुरंत हां कर दे।

धोखाधड़ी से बचें: कोई भी असली क्लाइंट काम देने के बदले आपसे 'रजिस्ट्रेशन फीस' या 'सिक्योरिटी मनी' नहीं मांगता है। जो पैसे मांगे, समझ जाएं कि वह फ्रॉड है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। यहां बताए गए तरीके स्किल्स (Skill) और मेहनत पर आधारित हैं। आपकी कमाई आपके काम की क्वॉलिटी, समय और क्लाइंट्स की संख्या के हिसाब से कम या ज्यादा हो सकती है। किसी भी प्लेटफॉर्म या क्लाइंट के साथ जुड़ने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें। किसी एक्सपर्ट की सलाह भी जरूर लें।