LPG Subsidy Scam: अगर आपके घर में इंडेन, HP या भारत गैस का कनेक्शन है, तो अलर्टक हो जाएं। गैस सब्सिडी और e-KYC के नाम पर ठग बैंक खाता खाली कर रहे हैं। जानिए क्या करें।

Gas Cylinder Subsidy Scam Alert: क्या आपके मोबाइल पर भी ऐसा कोई मैसेज या कॉल आया है, जिसमें कहा गया हो कि 'आपकी गैस सब्सिडी रुकने वाली है, तुरंत इस लिंक पर क्लिक करके KYC पूरा करें?' अगर हां, तो अलर्ट हो जाइए। एक गलत क्लिक आपकी जिंदगीभर की कमाई मिनटों में साफ कर सकता है। देश के कई बड़े बैंकों ने आम लोगों को LPG गैस सिलेंडर सब्सिडी स्कैम को लेकर चेतावनी दी है। पंजाब एंड सिंध बैंक (Punjab & Sind Bank) और ICICI बैंक ने साफ कहा है कि साइबर ठग इन दिनों इंडेन (Indane), HP और भारत गैस (Bharat Gas) के ग्राहकों को अपना निशाना बना रहे हैं। आइए समझते हैं कि ये पूरा खेल क्या है और आप खुद को कैसे बचा सकते हैं...

एलपीजी के नाम पर ठग कैसे बिछा रहे हैं जाल?

बैंकों के मुताबिक, जालसाज खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी, तेल कंपनी का अधिकारी या सरकारी प्रतिनिधि बताकर लोगों को डराते हैं। गैस कनेक्शन कटने, सब्सिडी लिंक करने, रजिस्ट्रेशन फीस की मांग जैसे कई तरीके अपना रहे हैं।

गैस के नाम पर 5 तरीके से हो रही ठकी

कनेक्शन कटने की धमकी: ठग WhatsApp या SMS भेजकर डराते हैं कि अगर आपने आज ही अपडेट नहीं किया, तो आपका गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा या बिजली-पानी बंद हो जाएगा।

सब्सिडी लिंक करने का झांसा: अनजान नंबरों से लिंक भेजकर कहा जाता है कि आधार से सब्सिडी लिंक करने के लिए फॉर्म भरें।

रजिस्ट्रेशन फीस की मांग: सब्सिडी का पैसा खाते में भेजने के नाम पर पहले कुछ रुपए रजिस्ट्रेशन या वेरिफिकेशन फीस के तौर पर जमा करने को कहा जाता है।

फर्जी कस्टमर केयर नंबर: इंटरनेट या मैसेज के जरिए नकली हेल्पलाइन नंबर दिए जाते हैं। इन पर कॉल करते ही ठग आपके फोन का कंट्रोल हासिल कर लेते हैं।

खतरनाक APK फाइल भेजना: कई बार चैट पर एक ऐप या APK फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करने को कहा जाता है, जिससे आपका फोन हैक हो जाता है और बैंक OTP ठगों के पास जाने लगते हैं।

गैस सब्सिडी और e-KYC का असली नियम क्या है?

1 अक्टूबर 2026 से पेट्रोलियम मंत्रालय ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) और सब्सिडी का लाभ लेने के लिए बायोमेट्रिक आधार वेरिफिकेशन (e-KYC) अनिवार्य कर दिया है। अगर ये पूरा नहीं है, तो सब्सिडी रुक सकती है। उज्ज्वला लाभार्थियों को साल में 4 सिलेंडर रिफिल पर ₹200 से ₹300 तक की सब्सिडी मिलती है। जैसे अगर दिल्ली में 14.2 किलो के सिलेंडर की कीमत ₹942 है, तो ₹200 की सब्सिडी के बाद ये आपको ₹742 का पड़ेगा और ₹300 की सब्सिडी पर ₹642 का।

गैस सब्सिडी का पैसा कैसे मिलता है?

आपको पहले सिलेंडर की पूरी कीमत चुकानी होती है, जिसके बाद सब्सिडी का पैसा सीधे आपके बैंक खाते में वापस (Refund) आ जाता है। इसके लिए कोई भी बैंक या गैस कंपनी आपको वॉट्सऐप (WhatsApp) पर लिंक नहीं भेजती है।

अपने बैंक अकाउंट बचाने के लिए तुरंत अपनाएं ये तरीके

  • पंजाब एंड सिंध बैंक और ICICI बैंक ने ग्राहकों की सुरक्षा के लिए ये जरूरी बातें बताई हैं...
  • मैसेज या वॉट्सऐप पर आए किसी भी गैस बुकिंग, बिल या KYC का कोई अनजान लिंक को बिल्कुल न खोलें।
  • बैंक का ओटीपी, UPI पिन, डेबिट या क्रेडिट कार्ड की जानकारी या पासवर्ड किसी के साथ शेयर न करें।
  • किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर फोन में रिमोट-एक्सेस ऐप या कोई APK फाइल इंस्टॉल न करें।
  • अगर आपको सच में अपना e-KYC कराना है, तो किसी लिंक पर जाने के बजाय सीधे अपने नजदीकी अधिकृत गैस डिस्ट्रीब्यूटर (एजेंसी) के ऑफिस जाएं या आधिकारिक ऐप (IndianOil, HP Pay, Hello BPCL) का ही इस्तेमाल करें।
  • किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना फिंगरप्रिंट या बायोमेट्रिक डेटा न दें।

अगर ठगी हो जाए तो क्या करें?

  • बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
  • ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकारी पोर्टल cybercrime.gov.in पर जाएं।
  • अपने बैंक और संबंधित गैस कंपनी (Indian Oil, HPCL या BPCL) को तुरंत सूचना दें ताकि आपका खाता फ्रीज किया जा सके।
Scroll to load tweet…

Disclaimer: ये आर्टिकल सामान्य जानकारी के लिए है। यहां दिए गए डिटेल्स बैंकों द्वारा जारी जनहित चेतावनी और आधिकारिक दिशा-निर्देशों पर आधारित है। किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी गैस एजेंसी से ही संपर्क करें।