SIP vs Home Loan Interest: 50 लाख का होम लोन आपको 1 करोड़ से ज्यादा का पड़ सकता है, जिसमें बड़ा हिस्सा सिर्फ ब्याज का होता है। अगर आप EMI की जगह SIP में निवेश करें, तो कुछ सालों में इतना फंड बना सकते हैं कि घर बिना लोन के खरीद सकें और लाखों का ब्याज बचा लें। जानिए कैसे…

Home Loan Interest Savings Tips: अपना घर होना हर किसी का सपना होता है, लेकिन इस सपने को पूरा करने के चक्कर में ज्यादातर लोग 20-25 साल के होम लोन में फंस जाते हैं। क्या आप जानते हैं कि अगर आप 50 लाख रुपए का घर लोन पर लेते हैं, तो बैंक को ब्याज समेत 1 करोड़ रुपए से भी ज्यादा चुकाते हैं? यानी एक घर की कीमत में आप बैंक को दो घर के पैसे दे देते हैं। लेकिन क्या ऐसा संभव है कि बिना बैंक के आगे हाथ फैलाए और बिना भारी-भरकम ब्याज दिए आप अपने सपनों का आशियाना बना सकें? आज हम आपको SIP (Systematic Investment Plan) का वो फॉर्मूला बताएंगे, जो आपको लाखों के ब्याज से बचा सकता है।

होम लोन कितना महंगा पड़ता है?

मान लीजिए आपने 50 लाख रुपए का घर खरीदने के लिए 9% की ब्याज दर पर 20 साल का लोन लिया। आपकी EMI करीब 45,000 रुपए महीने की होगी। इस तरह आपको कुल 1.08 करोड़ के आसपास की रकम चुकानी होगी। सिर्फ ब्याज ही करीब 58 लाख रुपए होंगे, जो घर की कीमत से भी ज्यादा हैं।

होम लोन पर ब्याज बचाने का SIP फॉर्मूला क्या है?

1. 10-10-10 का नियम

अगर आप आज घर खरीदने की जल्दबाजी न करें और अगले कुछ सालों तक अनुशासन के साथ निवेश करें, तो आपको अच्छा फायदा हो सकता है। इसे 'Buy Later, Buy Cash' स्ट्रेटेजी कहते हैं। अगर आपकी उम्र कम है और आप 10 साल बाद घर लेना चाहते हैं, तो हर महीने 30,000 रुपए की SIP शुरू करें। अगर इसका अनुमानित रिटर्न 15% मानें, तो एसआईपी कैलकुलेटर के अनुसार, 10 साल बाद आपकी कुल रकम 83.5 लाख रुपए के करीब हो सकती है। इससे आप बिना किसी टेंशन के शानदार घर खरीद सकते हैं और ब्याज का एक रुपया भी किसी को नहीं देना पड़ेगा।

2. EMI वाली SIP का जादू

अब जितनी EMI आप बैंक को देने वाले थे (मान लीजिए 45,000 रुपए), उतनी ही रकम की SIP शुरू कर दें, तो केवल 7 से 8 साल में आपके पास इतना फंड जमा हो जाएगा कि आप 50-60 लाख का घर कैश में खरीद सकें।

बिना लोन घर खरीदने के 3 बड़े फायदे

  1. आप बैंक को दिए जाने वाले लाखों-करोड़ों रुपए बचा लेते हैं, जो आपके रिटायरमेंट या बच्चों की पढ़ाई में काम आ सकते हैं।
  2. सिर पर कर्ज की तलवार नहीं लटकती। नौकरी जाने या मंदी आने का डर आपको परेशान नहीं करता है।
  3. जब आप हाथ में कैश लेकर घर खरीदने जाते हैं, तो बिल्डर या सेलर आपको 5-10% का एक्स्ट्रा डिस्काउंट भी दे देता है।

क्या आपको कभी लोन नहीं लेना चाहिए?

एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर आपको अभी घर की बहुत ज्यादा जरूरत है, तो आप 'हाइब्रिड मॉडल' अपना सकते हैं। घर की कीमत का 50% हिस्सा बचाकर डाउन पेमेंट करें और बाकी 50% का लोन लें और साथ में एक छोटी SIP शुरू करें। यह SIP इतनी होनी चाहिए कि लोन खत्म होने तक वह आपके दिए गए कुल ब्याज की भरपाई कर दे।

डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी और शैक्षिक उद्देश्य के लिए है। इसमें दी गई SIP रिटर्न दरें (जैसे 12%-15%) अनुमानित हैं और बाजार के उतार-चढ़ाव पर निर्भर करती हैं। वास्तविक रिटर्न इससे कम या ज्यादा हो सकता है। होम लोन या निवेश से जुड़ा कोई भी निर्णय लेने से पहले अपनी वित्तीय स्थिति, जोखिम क्षमता और जरूरतों का सही आकलन करें। किसी भी निवेश से पहले किसी प्रमाणित वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से सलाह जरूर लें। यह कंटेंट किसी भी प्रकार की निवेश सलाह (Investment Advice) या गारंटीड रिटर्न का दावा नहीं करता है।