TMPV Share Price Today: टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स का शेयर अचानक 10% क्यों गिरा? गिरावट के बाद टाटा मोटर्स का शेयर किस भाव पर आ गया है? क्या जगुआर लैंड रोवर के नए आउटलुक से बाजार निराश हुआ? जिनके पास टाटा मोटर्स के शेयर हैं, उन्हें अब क्या करना चाहिए?
Tata Motors Share Crash: शेयर बाजार में बुधवार का दिन टाटा मोटर्स के निवेशकों के लिए एक बड़ा झटका लेकर आया। दोपहर के कारोबार में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (TMPV) के शेयरों में अचानक भारी बिकवाली शुरू हो गई और देखते ही देखते यह शेयर करीब 10% तक टूट गया। इस भारी गिरावट के साथ ही यह दिग्गज स्टॉक निफ्टी 50 का टॉप लूजर बन गया। बाजार बंद होने के समय टाटा मोटर्स का यह शेयर ₹355 के आसपास ट्रेड कर रहा था। इस गिरावट के बाद कंपनी की कुल मार्केट कैप घटकर करीब ₹1.46 लाख करोड़ रह गई है। अगर पिछले एक साल का रिकॉर्ड देखें तो यह शेयर करीब 12.5% टूट चुका है, जबकि इस दौरान निफ्टी 50 में सिर्फ 3.3% की कमजोरी आई है। आखिर अचानक टाटा के इस भरोसेमंद शेयर में ऐसी भगदड़ क्यों मची? क्या आपको डरकर अपना घाटा बुक कर लेना चाहिए या इस गिरावट को एक मौके की तरह देखना चाहिए? आइए जानते हैं मार्केट एक्सपर्ट्स क्या कर रहें...

टाटा का शेयर अचानक क्यों टूटा?
टाटा मोटर्स की इस गिरावट के पीछे उसकी सबसे बड़ी और प्रीमियम कंपनी जगुआर लैंड रोवर (JLR) का एक नया ऐलान है। बुधवार को जेएलआर के 'इन्वेस्टर डे' पर कंपनी ने आने वाले साल (FY27) को लेकर कुछ आंकड़े और अपनी भविष्य की रणनीति साझा की, जिससे शॉर्ट-टर्म के निवेशक थोड़े निराश हो गए। JLR ने कहा है कि साल 2027 में उनकी कमाई (Revenue) 13% की रफ्तार से बढ़ सकती है, लेकिन ऑपरेटिंग मार्जिन (EBIT Margin) सिर्फ 4% के आसपास रहने की उम्मीद है। हालांकि यह पिछले साल के मुकाबले बेहतर है, लेकिन बाजार को इससे ज्यादा की उम्मीद थी। कंपनी को उम्मीद है कि 2027 में उसका कामकाज 'नो प्रॉफिट, नो लॉस' (Break-even) के स्तर पर आ जाएगा। पिछले साल यह नेगेटिव में था, लेकिन निवेशक उम्मीद कर रहे थे कि कंपनी अब तक भारी मुनाफे में आ जाएगी।
अमेरिका को 'हथियार' बनाकर वापसी करेगी टाटा की JLR
अमेरिका पर फोकस
भले ही आज बाजार के शॉर्ट-टर्म इनवेस्टर्स डरे हुए हैं, लेकिन JLR के सीईओ पी.बी. बालाजी ने कंपनी के एक बहुत बड़े और धांसू लॉन्ग-टर्म प्लान का खुलासा किया है। कंपनी अब अमेरिका (US) पर पूरा फोकस करने जा रही है।
बिजनेस को डबल करने का टारगेट
सीईओ पीबी बालाजी का दावा है कि आने वाले सालों में वे अमेरिका के अकेले बिजनेस को इतना बड़ा बना देंगे, जितनी बड़ी आज पूरी JLR कंपनी है। अमेरिका के बाजार पर राज करने के लिए टाटा ने 'स्टेलेंटिस' (Stellantis) कंपनी के साथ हाथ मिलाया है। इसके तहत JLR की सबसे मशहूर गाड़ी 'डिफेंडर' (Defender) के कुछ बेहद खास और एक्सक्लूसिव मॉडल सिर्फ अमेरिकी ग्राहकों के लिए तैयार किए जाएंगे।
₹1.9 लाख करोड़ का भारी निवेश
कंपनी ने अपने पुराने वादे को दोहराते हुए कहा कि वे नई तकनीक और शानदार गाड़ियां बनाने के लिए 18 बिलियन पाउंड (करीब ₹1.9 लाख करोड़) का निवेश जारी रखेंगे। इसके अलावा वे फिजूलखर्च रोककर करीब ₹18,000 करोड़ की बचत भी करेंगे।
TMPV Share: इनवेस्टर्स को क्या करना चाहिए?
अगर आपके पोर्टफोलियो में भी टाटा मोटर्स का यह शेयर है, तो बाजार के जानकारों के मुताबिक आपको अपनी रणनीति इस तरह तय करनी चाहिए कि अगर आपने सिर्फ कुछ दिनों के मुनाफे के लिए ₹355 के ऊपर दांव लगाया था, तो शेयर में थोड़ी और कमजोरी दिख सकती है। बाजार JLR के नए आउटलुक को पूरी तरह पचाने में थोड़ा समय लेगा, इसलिए संभलकर रहें। टाटा मोटर्स का बिजनेस मॉडल और JLR का अमेरिकी मार्केट को कैप्चर करने का प्लान बेहद मजबूत है। अगर आप 2 से 3 साल के लिए पैसा लगाकर भूलना चाहते हैं, तो 10% की यह गिरावट आपके लिए गिरावट में धीरे-धीरे खरीदने (Buy on Dips) का एक शानदार मौका हो सकती है।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सूचनात्मक उद्देश्यों (Informational Purposes) के लिए है और इसे निवेश सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी स्टॉक में पैसा लगाने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) या मार्केट एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।


