Who is Ashish Kumar Dash: IIT खड़गपुर से पढ़े आशीष कुमार डैश इंफोसिस के नए CEO और MD बन गए हैं। जानिए उनके 30 साल के करियर, प्रोफाइल और जॉइनिंग की पूरी जानकारी।

Infosys New CEO: भारत की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस में टॉप लेवल पर एक बड़ा बदलाव हुआ है। कंपनी के बोर्ड ने आशीष कुमार डैश को अपना नया CEO और MD बनाने का बड़ा फैसला लिया है। आशीष कुमार डैश तुरंत प्रभाव से CEO-डेजिग्नेट (CEO-Designate) का पद संभाल लेंगे और फिर 1 अप्रैल 2027 से आधिकारिक तौर पर कंपनी की मुख्य कमान संभालेंगे। IIT से पढ़ाई करके ग्लोबल आईटी इंडस्ट्री के शिखर तक पहुंचने वाले आशीष कुमार डैश आखिर कौन हैं, उनका बैकग्राउंड क्या है और इंफोसिस में इस फेरबदल के क्या मायने हैं, आइए जानते हैं...

आशीष कुमार डैश कौन हैं?

आशीष कुमार डैश ने देश के टॉप इंस्टीट्यूट्स में से एक IIT खड़गपुर से इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है। इसके अलावा उन्होंने दुनिया की दिग्गज स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी (Stanford University) से ग्लोबल लीडरशिप प्रोग्राम की पढ़ाई भी पूरी की है। उन्हें टेक और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन सेक्टर में काम करने का 30 साल से भी ज्यादा का एक्सपीरिएंस है। मौजूदा समय में वे इंफोसिस में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (EVP) के पद पर तैनात हैं और अमेरिका के लॉस एंजेलिस से कंपनी का इंटरनेशनल बिजनेस संभाल रहे हैं।

आशीष कुमार डैश की ग्लोबल मंचों पर धाक

आशीष कुमार डैश सिर्फ बिजनेस ही नहीं संभालते, बल्कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF), संयुक्त राष्ट्र (UN) के सस्टेनेबल डेवलपमेंट अलायंस और B20 समिट 2023 जैसे ग्लोबल मंचों पर भारत और इंफोसिस का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं।

आशीष कुमार डैश कब से संभालेंगे इंफोसिस की जिम्मेदारी?

आशीष कुमार 31 मार्च 2027 तक CEO-डेजिग्नेट के तौर पर मौजूदा लीडरशिप के साथ काम करेंगे। 1 अप्रैल 2027 से वे इंफोसिस के पूर्णकालिक CEO और MD बन जाएंगे। इसके लिए जरूरी कानूनी अप्रूवल मिलना बाकी हैं। हालांकि, कंपनी ने साफ कर दिया है कि सेबी या किसी भी रेगुलेटरी बॉडी की तरफ से उनके डायरेक्टर बनने पर कोई रोक नहीं है।

इंफोसिस के कर्मचारियों के लिए खुशखबरी

लीडरशिप बदलने के साथ ही इंफोसिस के बोर्ड ने कर्मचारियों के प्रोत्साहन के लिए भी बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने नए कर्मचारियों के लिए 9,836 रिस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट्स (RSUs) यानी कंपनी के शेयर्स जारी करने को हरी झंडी दे दी है। ये शेयर्स 1 अगस्त 2026 से बांटे जाने शुरू होंगे और अगले 3 सालों में कर्मचारियों को दिए जाएंगे।

आईटी सेक्टर के लिए इस फैसले के मायने

आईटी सेक्टर में आ रहे AI और डिजिटल बदलावों के बीच आशीष कुमार डैश जैसे एक्सपीरिएंस्ड और आईआईटी से निकले दिग्गज को कमान सौंपना इंफोसिस का एक मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। अब सभी निवेशकों और टेक इंडस्ट्री की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि 2027 से आशीष की लीडरशिप में इंफोसिस कौन-सी नई ऊंचाइयों को छूती है।