Bihar CM Nitish Kumar Family: नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं। जानें उनके परिवार में कौन-कौन हैं। उनकी पत्नी, बेटे निशांत समेत सीएम नीतीश कुमार की पर्सनल लाइफ की रोचक बातें।
Bihar CM Nitish Kumar Family: नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जेडीयू का प्रदर्शन इस बार उम्मीद से कहीं बेहतर रहा। नतीजों के बाद जेडीयू और बीजेपी दोनों ही दलों के कई नेताओं ने खुलकर कहा कि राज्य की कमान एक बार फिर नीतीश कुमार को ही संभालनी चाहिए। नीतीश कुमार पहले ही 9 बार मुख्यमंत्री की शपथ ले चुके हैं और अब वे 10वीं बार CM पद की कामन संभाल रहे हैं। ऐसे समय में लोगों के मन में यह सवाल भी उठ रहा है कि नीतीश कुमार के परिवार में कौन-कौन है, उनका पारिवारिक जीवन कैसा है और उनके बेटे निशांत क्या करते हैं? जानिए बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पर्सनल लाइफ की रोचक बातें।
नीतीश कुमार के परिवार में कौन-कौन हैं?
नीतीश कुमार की शादी मंजू कुमारी सिन्हा से 22 फरवरी 1973 को हुई थी। वर्ष 2007 में मंजू कुमारी का निधन हो गया था। नीतीश कुमार का एक ही बेटा है, निशांत कुमार। निशांत राजनीति में नहीं हैं। वे आध्यात्मिक जीवन की ओर झुकाव रखते हैं और उन्होंने कई इंटरव्यू में कहा है कि उन्हें राजनीति में दिलचस्पी नहीं है। हालांकि 2025 चुनाव से पहले ऐसी खबरें जरूर आई थीं कि निशांत हरणौत से चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन उन्होंने इस बात से साफ इनकार किया था।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में फ्लैट-करोड़ों की प्रॉपर्टी, जानें CM नीतीश कुमार कितने अमीर
नीतीश कुमार का एजुकेशन और शुरुआती जीवन
नीतीश कुमार का जन्म 1951 में पटना के बख्तियारपुर में हुआ। उन्होंने बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, पटना अब NIT Patna से इंजीनियरिंग की डिग्री ली है।
नीतीश कुमार का राजनीतिक सफर
नीतीश कुमार ने पहली बार 2000 में बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, लेकिन तब सरकार सिर्फ 7 दिन ही चली। वे 2005 में दोबारा CM बने और 2014 तक लगातार सत्ता में रहे। फिर एक छोटे ब्रेक के बाद 2015 में फिर सरकार बनाई और पिछले 10 साल से लगातार CM हैं। वे बिहार के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री बन चुके हैं।
ये भी पढ़ें- क्या करते हैं CM नीतीश कुमार के बेटे? जानें कितनी है निशांत की नेटवर्थ
नीतीश कुमार किन-किन राजनीतिक पदों पर रह चुके हैं?
अपने राजनीतिक करियर में नीतीश कुमार ने केंद्र में कई महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाले हैं-
- अप्रैल 1990 से नवंबर 1990: कृषि और को-ऑपरेशन मंत्रालय में राज्य मंत्री रहे।
- 19 मार्च 1998 से 5 अगस्त 1999: रेल मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री के तौर पर काम किया। इसी दौरान, 14 अप्रैल 1998 से 5 अगस्त 1999 तक उन्हें सर्फेस ट्रांसपोर्ट मंत्रालय का अतिरिक्त चार्ज भी मिला हुआ था।
- 13 अक्टूबर 1999 से 22 नवंबर 1999: वो सर्फेस ट्रांसपोर्ट के कैबिनेट मंत्री रहे।
- 22 नवंबर 1999 से 3 मार्च 2000: उन्होंने कृषि मंत्री (कैबिनेट) के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
- 3 मार्च 2000 से 10 मार्च 2000: पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे।
- फिर 27 मई 2000 से 20 मार्च 2001: वापस कृषि मंत्री (कैबिनेट) बने।
- 20 मार्च 2001 से 21 जुलाई 2001: वो कृषि मंत्री रहे, साथ ही रेल मंत्रालय का अतिरिक्त चार्ज भी संभाला।
- 22 जुलाई 2001 से 21 मई 2004: उन्होंने लगातार रेल मंत्री (कैबिनेट) के रूप में काम किया।
कितनी है बिहार सीएम नीतीश कुमार की संपत्ति
कैबिनेट सचिवालय की वेबसाइट के अनुसार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुल संपत्ति 1.64 करोड़ रुपए है। जिसमें चल संपत्ति 16.97 लाख रुपए और अचल संपत्ति 1.48 करोड़ रुपए है। कैश 21,052 और बैंक बैलेंस लगभग 60,811 रुपए है। दिल्ली के द्वारका में उनके नाम एक फ्लैट भी है।
