मध्य प्रदेश की नंदिनी अग्रवाल ने 19 साल की उम्र में CA फाइनल परीक्षा में टॉप करके इतिहास रचा। दुनिया की सबसे कम उम्र की CA बनकर उन्होंने लाखों युवाओं को प्रेरित किया।

चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) भारत की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक है। यह परीक्षा इतनी चुनौतीपूर्ण है कि लाखों छात्र सालों तक इसे पास करने की कोशिश करते हैं, कई बार असफल होते हैं और अंततः बीच में ही छोड़ देते हैं। लेकिन मध्य प्रदेश के मुरैना की रहने वाली नंदिनी अग्रवाल ने न सिर्फ इस चुनौती को स्वीकार किया, बल्कि महज 19 साल की उम्र में CA फाइनल परीक्षा पास करके अखिल भारतीय स्तर पर टॉप किया। इतना ही नहीं, वह दुनिया की सबसे कम उम्र की महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट भी बनीं। इस रिकॉर्ड को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने भी मान्यता दी है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नंदिनी की उपलब्धि सिर्फ परीक्षा पास करने तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि इस क्षेत्र में उनकी सफलता आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वे अपने अनुभवों से छात्रों को प्रेरित कर रही हैं। एक छोटे शहर की साधारण लड़की कैसे कड़ी मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास से असाधारण बन सकती है, इसकी एक बड़ी मिसाल नंदिनी की कहानी है। 

CA फाइनल्स में टॉप करने वाली नंदिनी कौन हैं? 
18 अक्टूबर 2001 को जन्मी नंदिनी ने जुलाई 2021 में CA (न्यू कोर्स) की फाइनल परीक्षा दी थी। तब उनकी उम्र सिर्फ 19 साल, 8 महीने, 18 दिन थी, और उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 1 (AIR 1) हासिल की। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अनुसार, यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे पहले उन्होंने 16 साल की उम्र में ही CA इंटर परीक्षा में AIR 31 हासिल किया था।

आर्टिकल ट्रेनी के रूप में शुरू किया करियर 
नंदिनी ने PwC में आर्टिकल ट्रेनी के रूप में अपना करियर शुरू किया। इसके बाद उन्होंने बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (BCG) में एसोसिएट मैनेजमेंट कंसल्टेंट के तौर पर काम किया। यहाँ उन्होंने G20 टीम के साथ काम किया। वर्तमान में नंदिनी प्राइवेट इक्विटी एनालिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। 

सोशल मीडिया पर भी पॉपुलर 
नंदिनी सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 74 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जबकि यूट्यूब पर 2 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। यहाँ वे CA परीक्षा, करियर सलाह और पढ़ाई से जुड़े वीडियो शेयर करती हैं, जो छात्रों के लिए काफी मददगार साबित होते हैं। 

लिंक्डइन प्रोफाइल पर ...
नंदिनी के लिंक्डइन प्रोफाइल पर उनके अनुभव और स्किल्स की एक लंबी लिस्ट है। उन्होंने अब तक स्टेच्यूटरी ऑडिट, ग्रुप रिपोर्टिंग, IFRS, टैक्स ऑडिट और फॉरेंसिक ऑडिट जैसे क्षेत्रों में काम किया है। 

युवाओं के लिए प्रेरणा
CA जैसी कठिन परीक्षाओं से डरने वाले लाखों छात्रों के लिए नंदिनी की कहानी काफी प्रेरणादायक है। उन्होंने साबित किया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और कड़ी मेहनत हो, तो कोई भी परीक्षा मुश्किल नहीं होती। 

खुद पर विश्वास रखें
नंदिनी अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, लगातार प्रयास और परिवार के समर्थन को देती हैं। "अगर आप खुद पर विश्वास रखें और पूरी लगन से तैयारी करें, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता" - यही उनका मानना है। उनकी उपलब्धि न सिर्फ आने वाली पीढ़ी के लिए राह दिखाती है, बल्कि हमें यह भी सिखाती है कि उम्र कभी भी सफलता की सीमा नहीं बन सकती।