NCERT ने कक्षा 7 की गणित किताब ‘गणिता प्रकाश’ में बड़ा बदलाव किया है। अब छात्र ब्रह्मगुप्त जैसे भारतीय गणितज्ञों के योगदान, बीजगणित और ज्यामिति की भारतीय जड़ों के बारे में जान सकेंगे। जानिए डिटेल।

NCERT Class 7 Textbook Update: नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने कक्षा 7 की नई गणित की किताब में बड़ा बदलाव किया है। ‘गणिता प्रकाश’ (Ganita Prakash) के पार्ट 2 में अब छात्रों को सिर्फ सवाल-जवाब ही नहीं, बल्कि भारतीय गणितज्ञों की ऐतिहासिक उपलब्धियों के बारे में भी पढ़ने को मिलेगा। नई किताब में बीजगणित (Algebra), पूर्णांक (Integers) और ज्यामिति (Geometry) जैसे विषयों में भारत के प्राचीन गणितज्ञों का योगदान समझाया गया है।

गणिता प्रकाश नई किताब में क्या खास है

गणिता प्रकाश के नए संस्करण में संस्कृत ग्रंथों से लिए गए उदाहरण, प्राचीन गणितीय समस्याएं और उनके हल दिए गए हैं। किताब में भारतीय गणित के गौरवशाली इतिहास को दिखाने की कोशिश की गई है, ताकि छात्र जान सकें कि बीजगणित और अंकगणित जैसे विषयों की जड़ें भारत में कितनी गहरी हैं।

ब्रह्मगुप्त और बीजगणित पर नया अध्याय

किताब में पूर्णांकों वाले अध्याय में 7वीं सदी के प्रसिद्ध भारतीय गणितज्ञ ब्रह्मगुप्त का उल्लेख किया गया है। इसमें बताया गया है कि उनकी रचना ‘ब्रह्मस्फुटसिद्धांत’ में पहली बार धनात्मक (Positive) और ऋणात्मक (Negative) संख्याओं के गुणा-भाग के नियम लिखे गए थे। NCERT के मुताबिक, यह गणित के इतिहास में एक अहम कदम था जिसने अंकगणित और बीजगणित के विकास की दिशा तय की।

Algebra को कहा गया ‘Bijaganita’

अलजेब्रा (Algebraic Equations) वाले चैप्टर में बताया गया है कि प्राचीन भारत में इसे ‘बीजगणित’ (Bijaganita) कहा जाता था। उस समय गणितज्ञ प्रतीकों के जरिए समीकरण बनाते थे और उन्हें हल करते थे। यानी आज जो अलजेब्रा के सवाल हम हल करते हैं, उसकी नींव सदियों पहले भारत में रखी जा चुकी थी।

पहले भाग में भी था भारतीय गणित का जिक्र

गणिता प्रकाश के पहले भाग में भी कुछ अध्यायों में भारतीय गणितज्ञों का संदर्भ दिया गया था, लेकिन इस बार इसे और विस्तार से शामिल किया गया है।

ये भी पढ़ें- हरियाणा 10वीं 12वीं बोर्ड एग्जाम 2026 रजिस्ट्रेशन शुरू: लेट फीस के साथ कब तक सकते हैं अप्लाई, कितनी लगेगी फीस?

छात्रों को सही इतिहास सिखाना है मकसद

NCERT के निदेशक दिनेश प्रसाद सकलानी के अनुसार इन बदलावों का मकसद छात्रों को सही इतिहास सिखाना है, ताकि उन्हें भारत के योगदान को औपनिवेशिक नजरिए से नहीं बल्कि सही संदर्भ में समझने का मौका मिले।

नई शिक्षा नीति के तहत बदलाव

पुरानी कक्षा 7 की किताब में प्राचीन भारतीय गणितज्ञों का कोई उल्लेख नहीं था। लेकिन अब NCERT ने यह बदलाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यक्रम रूपरेखा (NCF) के अनुरूप किया है, ताकि शिक्षा प्रणाली में भारतीय परंपरा और ज्ञान को सही स्थान मिल सके।

ये भी पढ़ें- वंदे मातरम के 150 साल: बंकिमचंद्र ने लिखा, टैगोर ने सुर दिया... जानिए रोचक फैक्ट्स