Teachers Day 2025: शिक्षक दिवस अपने टीचर्स के योगदानों को सम्मान देने, उनका आभार प्रकट करने का दिन है। जानें क्यों हर साल भारत में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। पढ़ें इसका इतिहास, महत्व और कैसे पूरे देश में शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है।

Teachers Day 2025: भारत में हर साल 5 सितंबर को शिक्षक दिवस (Teachers Day) बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस बार यह शुक्रवार को मनाया जाएगा। यह दिन सिर्फ एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि हमारे जीवन में गुरु-शिष्य के रिश्ते की अहमियत को याद करने का एक खास मौका है। भारतीय संस्कृति में गुरु को हमेशा ऊंचा दर्जा दिया गया है और कहा भी गया है- गुरु बिना ज्ञान नहीं, ज्ञान बिना जीवन नहीं। इसीलिए 5 सितंबर का दिन पूरे देश में शिक्षकों को समर्पित किया जाता है। जानिए आखिर क्यों यह दिन खास है, इसका इतिहास क्या है और देशभर में इसे कैसे मनाया जाता है।

5 सितंबर को ही क्यों मनाते हैं शिक्षक दिवस, जानिए इतिहास

5 सितंबर का दिन महान दार्शनिक, शिक्षक और भारत के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती होती है। उनका जन्म 5 सितंबर 1888 को मद्रास प्रेसीडेंसी (आज का तमिलनाडु) में हुआ था। वे न सिर्फ एक बेहतरीन शिक्षक थे, बल्कि गहरी सोच वाले दार्शनिक और लेखक भी थे। उन्होंने कोलकाता यूनिवर्सिटी और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे बड़े संस्थानों में पढ़ाया और दुनिया भर में भारतीय दर्शन को लोकप्रिय बनाया। डॉ. राधाकृष्णन को 1954 में भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न मिला और 1963 में उन्हें ब्रिटेन के रॉयल ऑर्डर ऑफ मेरिट की मानद सदस्यता भी दी गई। कहानी तब की है जब वे 1962 में भारत के राष्ट्रपति बने। कुछ छात्रों ने उनसे उनकी जन्मदिन पर जश्न मनाने की अनुमति मांगी। इस पर उन्होंने कहा कि अगर मेरा जन्मदिन मनाना ही है तो इसे “शिक्षक दिवस” के रूप में मनाओ। तभी से भारत में हर साल 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई।

शिक्षक दिवस का महत्व

शिक्षक सिर्फ किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि जीवन जीने की राह भी दिखाते हैं। वे समाज का भविष्य गढ़ते हैं और विद्यार्थियों में सही सोच और मूल्य भरते हैं। शिक्षक दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हमें अपने गुरुओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करनी चाहिए। यह दिन शिक्षकों के लिए भी आत्ममंथन का अवसर है ताकि वे शिक्षा को और बेहतर, प्रेरणादायक और सकारात्मक बना सकें।

शिक्षक दिवस कैसे मनाया जाता है?

भारत के हर स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी में इस दिन खास कार्यक्रम होते हैं। छात्र भाषण, नाटक, गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए शिक्षकों को सम्मान देते हैं। कई जगह बड़े छात्र, शिक्षकों का रोल निभाते हुए छोटे बच्चों को पढ़ाते हैं। बच्चे अपने टीचर्स को गिफ्ट्स, कार्ड्स और फूल देकर धन्यवाद करते हैं। कुल मिलाकर, शिक्षक दिवस एक ऐसा दिन है जब पूरा देश उन गुरुओं को सलाम करता है, जिनकी वजह से लाखों छात्रों का भविष्य रोशन होता है।