एक डिजिटल एजेंसी कर्मचारी ने ₹28,000 की सैलरी पर मानसिक प्रताड़ना और माइक्रोमैनेजमेंट का खुलासा किया। सहकर्मी से ऑफिस के माहौल की शिकायत करने पर उसे नौकरी से निकालने की धमकी दी गई। कंपनी कर्मचारियों की हर गतिविधि पर सख्त नज़र रखती है।
सैलरी सिर्फ 28,000 रुपये महीना, लेकिन बदले में मिलने वाले मानसिक तनाव का कोई हिसाब नहीं। हमारे आसपास ऐसे बहुत से लोग होंगे जो अपने मैनेजर या बॉस के खराब बर्ताव की वजह से परेशान रहते हैं। ऐसी ही एक कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। एक डिजिटल एजेंसी में काम करने वाले लड़के ने रेडिट पर अपनी आपबीती सुनाई है। उसने बताया कि कैसे उसे ऑफिस में भयंकर मानसिक प्रताड़ना और माइक्रोमैनेजमेंट का सामना करना पड़ रहा है। हालत ये हो गई कि जब उसने ऑफिस के खराब माहौल के बारे में अपने एक सहकर्मी से चैट की, तो उसे नौकरी से निकालने की धमकी दे दी गई।
लड़के ने अपने सहकर्मी को चैट पर बताया था कि ऑफिस के माहौल की वजह से हुई स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उसे अपनी जेब से 5,000 रुपये खर्च करके एक ENT डॉक्टर को दिखाना पड़ा। बस यही बात मैनेजर को चुभ गई। लड़के ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'आज बेइज्जती हुई, शायद कल नौकरी से निकाल दिया जाऊंगा'। उसने आगे बताया, 'आज मैनेजर ने टीम्स चैट को लेकर सबके सामने मेरी बेइज्जती की। मुझसे पूछा कि मैं ऑफिस काम करने आता हूं या मजाक करने। जब मैंने अपनी पर्सनल चैट चेक करने पर आपत्ति जताई, तो वह और भी गुस्सा हो गया। उसने धमकी दी कि वो चैट के स्क्रीनशॉट मालिक को भेजेगा और मुझे नौकरी से निकलवा देगा।'
पोस्ट में यह भी बताया गया है कि कंपनी ने एक खास एचआर सॉफ्टवेयर बनवाया है। इसके जरिए कर्मचारियों के लॉग-इन टाइम से लेकर बाथरूम जाने तक के समय पर भी नजर रखी जाती है। कंपनी का माहौल इतना टॉक्सिक है कि एचआर मैनेजर ने भी तंग आकर नौकरी छोड़ दी। लड़के की सैलरी 28,000 रुपये महीना है। परफॉर्मेंस के आधार पर 0 से 12,000 रुपये तक इंसेंटिव मिल सकता है। कोई इंश्योरेंस या दूसरी सुविधा नहीं है। लेकिन, ऑफिस में लॉग-इन करने में एक मिनट की भी देरी होने पर उस दिन की छुट्टी (लीव) काट ली जाती है।
कर्मचारी ने कंटेंट राइटिंग फील्ड की मौजूदा हालत पर भी निराशा जताई। उसने आरोप लगाया कि कई कंपनियां फ्रेशर्स को 12,000 रुपये में हायर करती हैं और AI टूल्स से कंटेंट बनवाकर विदेशी क्लाइंट्स को बेचकर उन्हें धोखा दे रही हैं। इस पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट किया। ज्यादातर लोगों ने उसे जल्द से जल्द नई नौकरी ढूंढकर यहां से निकलने की सलाह दी।
