PM Modi Speech at IIT Delhi: आईआईटी दिल्ली दीक्षांत समारोह 2026 में PM मोदी ने छात्रों को सफलता का मंत्र दिया, लेकिन लड़कियों की संख्या पर उनकी एक बात ने सबका ध्यान खींचा। जानिए क्या कहा।
IIT Delhi 57th Convocation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को IIT दिल्ली के 57वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मेडल पाने वाले छात्रों को बधाई दी और बदलती दुनिया में लगातार सीखते रहने को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताया। पीएम मोदी ने महिला छात्रों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि मेडल पाने वालों में और लड़कियां होतीं तो और अच्छा लगता।
मेडल पाने वाले छात्रों को पीएम मोदी ने दी बधाई, महिला छात्रों को लेकर कही बड़ी बात
दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जिन छात्रों को उनकी उपलब्धियों के लिए मेडल मिले हैं, वे बधाई के हकदार हैं। उन्होंने छात्रों के साथ उनके परिवारों की खुशी और गर्व का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह परिवार आज अपने बच्चों की सफलता पर गर्व कर रहे हैं, उसी तरह उन्हें भी सभी छात्रों पर गर्व है।
महिला छात्रों को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि मेडल पाने वालों में अगर कुछ और लड़कियां होतीं तो और अच्छा लगता। उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा कि सिर्फ एक-दो क्यों, ऐसी उपलब्धियों में और लड़कियां भी होनी चाहिए थीं।
‘कैंपस लाइफ आपको हमेशा याद आएगी’
प्रधानमंत्री ने छात्रों को IIT दिल्ली से विदाई के साथ एक भावनात्मक संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि जिंदगी में जब भी पीछे मुड़कर देखने का मौका मिलेगा, तब यह कैंपस लाइफ याद आएगी। छात्रों को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि संस्थान से मिले अनुभव, प्रोफेसर्स का मार्गदर्शन और कैंपस का माहौल उनके लिए आगे भी एक संपत्ति की तरह रहेंगे। पीएम मोदी ने छात्रों से यह भी आग्रह किया कि संस्थान के लोगों से मिलकर जाएं और इस रिश्ते को आगे भी बनाए रखें।
ये भी पढ़ें- जॉब थी लेकिन कोई करने को तैयार नहीं! HR की बात सुनकर खिसक गई पैरों तले जमीन
तेजी से बदल रही दुनिया, सीखना नहीं रोकना होगा
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है। तकनीक की रफ्तार इतनी तेज है कि यह निश्चित तौर पर कहना मुश्किल है कि अगले 20 से 30 साल बाद दुनिया कैसी होगी। रणनीतिक समीकरणों से लेकर प्रोफेशन और अवसरों तक में लगातार बदलाव हो रहा है। इसी संदर्भ में उन्होंने छात्रों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि “जो सीखेगा, वह जीतेगा।” उनका कहना था कि नई चुनौतियों के समाधान खोजने का साहस रखने वालों के लिए मुश्किलें ही नए अवसरों में बदल सकती हैं।
ये भी पढ़ें- ₹15 लाख की नौकरी, ₹25 हजार ज्यादा का ऑफर और एक दिन में इस्तीफा! CEO ने सुनाई पूरी कहानी
IIT Delhi Convocation में 3000 से ज्यादा छात्रों को मिली डिग्री
IIT दिल्ली का 57वां दीक्षांत समारोह 8 अगस्त 2026 को आयोजित हुआ। समारोह में 3,000 से अधिक छात्र-छात्राओं को डिग्री प्रदान की गई, जबकि 587 PhD स्कॉलर्स भी इस मौके पर डिग्री हासिल करने वालों में शामिल रहे। समारोह में पीएम मोदी का संदेश सिर्फ डिग्री लेकर निकल रहे छात्रों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने बदलती तकनीक, नए प्रोफेशन और भविष्य की अनिश्चितताओं के बीच लगातार सीखने और नए समाधान तलाशने की क्षमता को आगे बढ़ने का आधार बताया।
