एक भारतीय युवक ने वीडियो में छात्रों को अमेरिका में पढ़ाई और नौकरी के लिए न आने की चेतावनी दी है। उन्होंने CPT, OPT और H1B वीज़ा की अनिश्चितताओं का हवाला देते हुए कनाडा और जर्मनी जैसे देशों को बेहतर विकल्प बताया है।

मेरिका में पढ़ाई करने और नौकरी पाने का सपना देखने वाले भारतीयों के लिए एक चेतावनी सामने आई है। अनुष्क शर्मा नाम के एक भारतीय युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा है कि फिलहाल अमेरिका में अपना पैसा और वक्त लगाना ठीक नहीं है। उन्होंने अपने पोस्ट में यहां तक कह दिया कि 'अमेरिका अब खत्म हो चुका है'। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी ध्यान खींच रहा है।

'अमेरिका खत्म, दूसरे देश चुनें'

अनुष्क शर्मा ने वीडियो में कहा कि पहले वह अमेरिका आने के लिए भारतीय छात्रों की मदद करते थे, लेकिन अब जो हालात हैं, उसमें वह अमेरिका आने की सलाह नहीं दे सकते। उन्होंने खास तौर पर बिजनेस प्रोग्राम्स के लिए आने वाले छात्रों को दूसरे देशों की यूनिवर्सिटीज़ पर विचार करने को कहा। उन्होंने ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के साथ-साथ कनाडा, जर्मनी और स्विट्जरलैंड जैसे देशों को बेहतर विकल्प बताया।

View post on Instagram

CPT, OPT और H1B वीज़ा का पेंच

अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों को पढ़ाई के साथ काम करने की इजाजत देने वाले CPT (Curricular Practical Training) और OPT (Optional Practical Training) नियमों में बदलाव एक बड़ी चिंता है। शर्मा ने साफ किया कि CPT को पूरी तरह से रद्द नहीं किया गया है, लेकिन नए नियमों की वजह से कुछ यूनिवर्सिटीज़ में कोर्स क्रेडिट से जुड़े CPT मिलने में मुश्किल आ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि OPT और H1B वीज़ा से जुड़े नियम और खर्चे भी अनिश्चितता बढ़ा रहे हैं।

वीडियो पर मिली-जुली राय

शर्मा के वीडियो पर सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग तरह की राय दे रहे हैं। कुछ लोगों ने माना कि मौजूदा हालात में छात्रों को अमेरिका जाने के फैसले पर दोबारा सोचना चाहिए। वहीं, कुछ का कहना था कि हर सेक्टर को एक जैसा नहीं आंकना चाहिए, यह चुनौती खासकर टेक्नोलॉजी सेक्टर में ज्यादा है। कुछ लोगों ने इसे गलत जानकारी भी बताया और कहा कि CPT को पूरी तरह बंद करने की बात सही नहीं है।