Indian IT Engineer Earns Rs 7 lakh Per Month Viral Story: 2 नौकरी कर 16 घंटे काम करने वाला 29 साल का IT इंजीनियर हर महीने ₹7 लाख कमाता है, फिर भी एक डर उसे सता रहा है। जानिए क्या है यह डर और इतनी सैलरी के बाद भी वह परेशान क्यों है?
Instagram Viral Story: आईटी सेक्टर में अच्छी सैलरी पाने का सपना लगभग हर प्रोफेशनल देखता है। लेकिन जब हर महीने 7 लाख रुपए की कमाई करने वाला एक 29 वर्षीय टेक प्रोफेशनल भी भविष्य को लेकर तनाव में हो, तो यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर इतनी कमाई के बाद भी असुरक्षा की भावना क्यों बनी रहती है। हाल ही में पर्सनल फाइनेंस पॉडकास्ट 'फिक्स योर फाइनेंस' में बातचीत के दौरान रोहित नाम के एक आईटी प्रोफेशनल ने अपनी जिंदगी से जुड़े कई ऐसे पहलुओं का खुलासा किया, जो आज के युवा कर्मचारियों की सोच और चुनौतियों को सामने लाते हैं।
दो नौकरियां, 16 घंटे की मेहनत और ₹7 लाख की मासिक आय
रोहित ने बताया कि वह एक साथ दो कंपनियों के लिए काम करते हैं। दिन में एक कंपनी की नौकरी और रात में दूसरी कंपनी का काम संभालते हैं। इनमें से एक कंपनी अमेरिका की है। दोनों नौकरियों को मिलाकर उनकी मंथली कमाई करीब 7 लाख रुपए तक पहुंच जाती है। हालांकि, इस कमाई की कीमत भी कम नहीं है। रोजाना लगभग 16 घंटे काम करने की वजह से उनके पास परिवार, दोस्तों या खुद के लिए समय लगभग नहीं बचता।
बचपन आर्थिक तंगी में बीता
रोहित ने बताया कि उनका बचपन आर्थिक तंगी में बीता। परिवार में सिर्फ एक बच्चे की पढ़ाई हो सकती थी, इसलिए उनके भाई ने अपनी पढ़ाई छोड़कर उन्हें आगे बढ़ने का मौका दिया। यही वजह है कि आज भी उन्हें लगता है कि अगर वह सफल नहीं हुए तो यह पूरे परिवार की उम्मीदों पर असर होगा। यही सोच उन्हें लगातार ज्यादा काम करने के लिए प्रेरित करती है।
AI और नौकरी जाने का डर नहीं छोड़ रहा पीछा
हाल ही में पिता बनने के बाद रोहित ने नई कार खरीदी और करीब 85 लाख रुपए का 2BHK फ्लैट भी लिया। घर मिलने के बाद उनकी होम लोन ईएमआई करीब 60 रुपए हजार होगी, जबकि कार की ईएमआई 28 हजार रुपए है। अन्य घरेलू खर्चों को मिलाकर उनका मासिक खर्च करीब 1.3 लाख रुपए से 1.4 लाख रुपए रहने का अनुमान है। इतनी मजबूत आय और अच्छी बचत के बावजूद उन्हें सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि अगर भविष्य में AI की वजह से आईटी सेक्टर में नौकरियां प्रभावित हुईं और उनकी आय कम हो गई, तो वित्तीय स्थिति कैसे संभलेगी।
80 लाख रुपए से ज्यादा की बचत, फिर भी नहीं मिली मानसिक राहत
रोहित ने बताया कि उनके म्यूचुअल फंड इनवेस्टमेंट वैल्यू करीब 70 लाख रुपए पहुंच चुकी है। इसके अलावा शेयर बाजार में लगभग 2 लाख रुपए और फिक्स्ड डिपॉजिट में 10 लाख रुपए जमा हैं। यानी कुल मिलाकर उनके पास 82 लाख रुपए से ज्यादा की बचत है। बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि इतनी मजबूत वित्तीय स्थिति के बावजूद तनाव क्यों है, तो उन्होंने स्वीकार किया कि लगातार काम करने की वजह से उनकी पर्सनल लाइफ लगभग खत्म हो चुकी है। नीचे देखें वायरल इंस्टाग्राम पोस्ट-
अगला लक्ष्य 7-8 करोड़ की संपत्ति
रोहित का कहना है कि वह अगले पांच से छह वर्षों में 7 से 8 करोड़ की संपत्ति तैयार करना चाहते हैं। इसके बाद वह दो नौकरियों में से एक छोड़कर केवल अमेरिका वाली नौकरी पर फोकस करने की योजना बना रहे हैं। रोहित की कहानी सिर्फ ऊंची कमाई की नहीं, बल्कि उस मानसिक दबाव की भी है जो आज के आईटी प्रोफेशनल्स के बीच तेजी से बढ़ रहा है। अच्छी सैलरी, मजबूत निवेश और संपत्ति होने के बावजूद AI, जॉब सिक्योरिटी और भविष्य की अनिश्चितता कई युवाओं के लिए बड़ी चिंता बन चुकी है।


