एक 30 साल के लड़के की रेडिट पोस्ट वायरल हो रही है, जिसकी सालाना सैलरी 20 लाख रुपये है, लेकिन बैंक अकाउंट में एक भी पैसा नहीं है. उसने बताया कि परिवार का घर बनवाने में उसकी सारी जमा-पूंजी खर्च हो गई. अब वो भविष्य के लिए पैसे बचाने की सलाह मांग रहा है.
एक तरफ 20 लाख रुपये की सालाना सैलरी और दूसरी तरफ बैंक अकाउंट बिल्कुल खाली। सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन एक 30 साल के लड़के की रेडिट पोस्ट ने फाइनेंशियल प्लानिंग और परिवार की जिम्मेदारियों पर एक बड़ी बहस छेड़ दी है।

घर बनवाया, अकाउंट खाली हो गया!
यह कहानी एक ऐसे लड़के की है जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आता है और फिलहाल घर में अकेला कमाने वाला है। उसने बताया कि किसी भी तरह के कर्ज या EMI से बचने के लिए उसने अपने परिवार का घर बनवाने में एक साथ 14 लाख रुपये लगा दिए। इस वजह से उसकी सारी बचत खत्म हो गई। अब इस अनिश्चित जॉब मार्केट में उसे जीरो से शुरुआत करनी पड़ रही है। आईटी प्रोफेशनल लड़के ने लिखा, "उम्र 30 साल, पुरुष - सैलरी 20 लाख - बचत 0 - EMI 0 - कर्ज 0।" उसने आगे बताया, "मैं टेक सेक्टर में काम करता हूं और 30 साल का हूं। मेरी सैलरी 20 लाख है। मेरे पास अब तक कोई सेविंग नहीं है। मैं एक सामान्य परिवार से हूं और घर में अकेला कमाने वाला हूं। कुछ समय पहले मैंने 14 लाख रुपये खर्च करके अपने परिवार का घर बनवाया। यह पूरी रकम मैंने अपनी बचत से दी, कोई लोन नहीं लिया।"
जीरो से कैसे शुरू करूं, कोई सलाह?
इसके बाद उसने रेडिट के दूसरे यूजर्स से सलाह मांगी: "मुझे पैसे बचाने की शुरुआत करने के लिए कुछ सुझाव चाहिए। आज के हालात में मैं सिर्फ इस नौकरी पर निर्भर नहीं रह सकता। इस 'जीरो बैलेंस' वाली स्थिति से मैं दौलत बनाना कैसे शुरू करूं? मुझे कोई आइडिया नहीं है कि कहां से शुरू करूं। मेरे नाम पर कोई पॉलिसी या इंश्योरेंस भी नहीं है। कैसे और कहां से शुरू करूं, कुछ समझ नहीं आ रहा।"
लड़के को सपोर्ट करते हुए एक यूजर ने लिखा: "आप बहुत अच्छा कर रहे हैं। यहां कुछ सुझाव हैं: जितनी जल्दी हो सके एक टर्म इंश्योरेंस लें। अगले एक साल तक अपनी सैलरी का 50% बचाएं और 6 महीने की सैलरी के बराबर एक इमरजेंसी फंड (Rainy day fund) बनाएं। अपनी 50% सैलरी में सादगी से जिएं। आपका मुख्य लक्ष्य ज्यादा पैसा कमाना होना चाहिए।" ज्यादातर लोगों ने लड़के को इंश्योरेंस लेने की सलाह दी, लेकिन एक दूसरे रेडिट यूजर ने इस पर सवाल उठाया। उसने पूछा: "सब लोग इंश्योरेंस लेने को कह रहे हैं। लेकिन इस बात की क्या गारंटी है कि क्लेम सही समय पर मिल ही जाएगा?"
