Top 5 Rainiest Places in the World: दुनिया की 5 सबसे बारिश वाली जगहों के बारे में जानिए, जहां साल भर बारिश होती है और वर्षा के सारे रिकॉर्ड टूट जाते हैं।
Rainiest Place on Earth: जब भी भारी बारिश की बात होती है तो लोगों के दिमाग में मुंबई, चेरापूंजी या मेघालय का नाम आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में कुछ ऐसी जगहें भी हैं जहां बारिश के लिए मानसून (Monsoon) का इंतजार नहीं करना पड़ता। इन जगहों पर सालभर इतनी बारिश होती है कि सामान्य जीवन तक प्रभावित हो जाता है? यहां बादलों का आना कोई खबर नहीं, बल्कि रोजमर्रा की बात है। इन इलाकों में बारिश के रिकॉर्ड बार-बार टूटते हैं और प्रकृति अपना सबसे अलग रूप दिखाती है। जानिए दुनिया की 5 सबसे ज्यादा बारिश वाली जगहों के बारे में, जहां पानी बरसने के मामले में प्रकृति सारे रिकॉर्ड तोड़ देती है।

मावसिनराम, भारत: धरती का सबसे बारिश वाला गांव
मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स में स्थित मावसिनराम को दुनिया की सबसे ज्यादा बारिश वाली जगह माना जाता है। यहां औसतन 11,800 मिमी से ज्यादा सालाना बारिश दर्ज की जाती है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाएं खासी पहाड़ियों से टकराकर भारी वर्षा कराती हैं। यही वजह है कि यह छोटा सा गांव विश्व रिकॉर्ड होल्डर बना हुआ है।
चेरापूंजी, भारत: बारिश का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
मावसिनराम से कुछ ही दूरी पर स्थित चेरापूंजी लंबे समय तक दुनिया की सबसे ज्यादा बारिश वाली जगह के रूप में जाना जाता रहा। यहां एक साल में करीब 11,700 मिमी बारिश होती है। चेरापूंजी के नाम एक महीने और एक साल में सबसे अधिक वर्षा दर्ज होने जैसे कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी हैं।
टुटुनेंडो, कोलंबिया: जहां हर दिन भीगता है मौसम
दक्षिण अमेरिका के कोलंबिया में स्थित टुटुनेंडो दुनिया के सबसे नम इलाकों में गिना जाता है। यहां औसतन 11,000 मिमी के आसपास सालाना बारिश होती है। घने जंगलों और प्रशांत महासागर के प्रभाव के कारण यहां लगभग पूरे साल बारिश का सिलसिला बना रहता है।
क्रॉप रिवर, न्यूजीलैंड: प्रकृति का जलभंडार
न्यूजीलैंड के दक्षिणी द्वीप में स्थित क्रॉप रिवर क्षेत्र में हर साल करीब 11,500 मिमी तक बारिश दर्ज की जाती है। यहां की पहाड़ियां और समुद्री हवाएं मिलकर अत्यधिक वर्षा का कारण बनती हैं। यह इलाका मौसम वैज्ञानिकों के लिए भी खास अध्ययन का विषय है।
डेबुंड्शा, कैमरून: अफ्रीका की सबसे बारिश वाली जगह
अफ्रीकी देश कैमरून के माउंट कैमरून की तलहटी में बसा डेबुंड्शा सालाना लगभग 10,000 मिमी से अधिक बारिश प्राप्त करता है। समुद्र से आने वाली नमी और ऊंचे पर्वतों की भौगोलिक स्थिति इसे दुनिया के सबसे अधिक वर्षा वाले क्षेत्रों में शामिल करती है।
आखिर इन जगहों पर इतनी बारिश क्यों होती है?
विशेषज्ञों के मुताबिक इन सभी स्थानों की एक समान विशेषता है, समुद्र से आने वाली नमी भरी हवाएं और उनके सामने मौजूद ऊंचे पहाड़। जब हवाएं पहाड़ों से टकराती हैं तो वे ऊपर उठती हैं और भारी बारिश का कारण बनती हैं। इसे ओरोग्राफिक रेनफॉल कहा जाता है।


