Who is Parth Kumar Tiwari NDA 2026 Topper: UP के पार्थ कुमार तिवारी NDA 2026 के ऑल इंडिया टॉपर बने। जानिए उनकी सक्सेस स्टोरी, परिवार और शिक्षा से जुड़ी पूरी जानकारी।

NDA 2026 Topper Success Story: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और नौसेना अकादमी (NA) परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार कुल 742 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है, जिनमें 651 पुरुष और 91 महिलाएं शामिल हैं। इन सभी में सबसे ऊपर स्थान हासिल कर देशभर में चर्चा का विषय बने हैं, पार्थ कुमार तिवारी, जिन्होंने ऑल इंडिया रैंक 1 प्राप्त कर इतिहास रच दिया है।

742 टैलेंट चुने गए लेकिन टॉपर बने पार्थ

इस परीक्षा के जरिए उम्मीदवारों का चयन राष्ट्रीय रक्षा अकादमी यानी National Defence Academy (NDA) के 156वें कोर्स और नेवल अकादमी के 118वें INAC कोर्स के लिए किया गया है। कुल 742 सफल उम्मीदवारों में से पार्थ ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर अपनी मेहनत और अनुशासन का शानदार उदाहरण पेश किया है।

कौन हैं NDA AIR-1 टॉपर पार्थ?

पार्थ मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहने वाले हैं। उनका जन्म वर्ष 2009 में हुआ था। शुरुआती शिक्षा उन्होंने कर्नाटक के कोडागु जिले में प्राप्त की। शुरुआती शिक्षा ज्ञान गंगा स्कूल से प्राप्त की, जहां उन्होंने LKG से कक्षा 3 तक पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वे यूनिक कॉन्वेंट स्कूल में दाखिल हुए और कक्षा 4 व 5 की शिक्षा पूरी की। आगे कक्षा 6 और 7 के लिए उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ, जहां से उनकी शैक्षणिक यात्रा को एक नई दिशा और मजबूत आधार मिला। फिर कक्षा 8 में उनका चयन प्रतिष्ठित राष्ट्रीय भारतीय सैन्य महाविद्यालय (RIMC), देहरादून के लिए हुआ। यहीं से उनके सैन्य करियर की दिशा तय हो गई।

पिता रिटायर शिक्षक, मां भी टीचर

पार्थ के पिता नाथ शरण तिवारी कर्नाटक के सैनिक स्कूल में हिंदी शिक्षक थे, जो अब रिटायर हो चुके हैं, जबकि उनकी मां निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। पार्थ का परिवार शिक्षा और प्रोफेशनल सफलता का मजबूत उदाहरण है। उनकी बड़ी बहन संध्या तिवारी बेंगलुरु में इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं, जबकि दूसरी बहन निवेदिता सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट हैं। ऐसे प्रेरणादायक और शैक्षणिक माहौल में पले-बढ़े पार्थ को हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती रही, जिससे उन्होंने भी अपने परिवार की उपलब्धियों की परंपरा को आगे बढ़ाया। घर का अनुशासन और शिक्षा का माहौल ही उनकी सफलता की मजबूत नींव बना। परिवार के अनुसार, पार्थ शुरू से ही पढ़ाई के साथ-साथ लक्ष्य के प्रति बेहद गंभीर रहे हैं।

पार्थ कुमार तिवारी का आगे की तैयारी और NDA ट्रेनिंग प्लान

रिपोर्ट के अनुसार, पार्थ कक्षा 12 की पढ़ाई पूरी करने के बाद National Defence Academy, पुणे में ग्रेजुएशन और सैन्य प्रशिक्षण एक साथ करेंगे। इसके बाद वे आगे की ट्रेनिंग के लिए एक साल फिर देहरादून लौट सकते हैं।

UPSC NDA रिजल्ट से जुड़ी अहम जानकारी

UPSC ने बताया है कि सभी सफल उम्मीदवारों के अंक परिणाम घोषित होने के करीब 15 दिन बाद वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उम्मीदवार किसी भी जानकारी के लिए आयोग के फेसीलिटेशन काउंटर से संपर्क कर सकते हैं। इस साल का NDA परिणाम इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि इसमें बड़ी संख्या में महिला उम्मीदवारों ने भी सफलता हासिल की है।