56 वर्षीय मनोज, जो 14 साल टाटा AIG में काम करने के बाद छंटनी का शिकार हुए, अब डिलीवरी बॉय का काम कर रहे हैं। एक लिंक्डइन पोस्ट के जरिए उनकी कहानी वायरल हुई, जो कॉर्पोरेट छंटनी और बढ़ती उम्र में नौकरी खोने के दर्द को दर्शाती है।

कॉरपोरेट कंपनियों में छंटनी और बढ़ती उम्र में नौकरी खोने का दर्द।।। एक लिंक्डइन पोस्ट ने इस बहस को फिर से हवा दे दी है। ये कहानी है 56 साल के मनोज की, जो एक बड़ी इंश्योरेंस कंपनी में 14 साल काम करने के बाद अब डिलीवरी बॉय की नौकरी करने को मजबूर हैं। उनकी इस कहानी को एंटरप्रेन्योर किरण वर्मा ने लिंक्डइन पर शेयर किया है, जो अब इंटरनेट पर वायरल हो चुकी है।

किरण वर्मा ने नोएडा में 40 रुपये में एक लेटर अर्जेंट भेजने के लिए 'पोर्टर' (Porter) ऐप पर डिलीवरी बुक की। थोड़ी देर में एक बुजुर्ग शख्स डिलीवरी लेने पहुंचे। ये मनोज थे। किरण पहली मंजिल पर थे, उन्होंने मनोज को ऊपर आने के लिए कहा। शारीरिक तकलीफ के बावजूद मनोज सीढ़ियां चढ़कर ऊपर आए। किरण ने उन्हें पानी दिया, लेकिन उन्होंने बड़ी विनम्रता से मना कर दिया और मुस्कुराते हुए पैकेट ले लिया।

जाते-जाते मनोज ने कहा, 'आज कोई काम नहीं था, बस इसी एक डिलीवरी का इंतज़ार कर रहा था'। उनकी ये बात किरण के दिल को छू गई। उनके अच्छे पहनावे और विनम्र स्वभाव को देखकर किरण ने उन्हें अंदर बुलाकर बिठाया। बातचीत में जो कहानी सामने आई, वो हैरान करने वाली थी। मनोज टाटा एआईजी (Tata AIG) लाइफ इंश्योरेंस जैसी बड़ी कंपनी में एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट में 14 साल काम कर चुके हैं। लेकिन 2023 में कंपनी ने जब बड़े पैमाने पर छंटनी की, तो उनकी भी नौकरी चली गई।

अपनी हालत पर मनोज ने जो कहा, वो किसी को भी सोचने पर मजबूर कर देगा। उन्होंने कहा, 'जब हम कढ़ी बनाते हैं तो सबसे पहले कढ़ी पत्ता डालते हैं। लेकिन जब खाने बैठते हैं तो सबसे पहले उसी को निकालकर फेंक देते हैं'।

नौकरी जाने के बाद उम्र और सेहत की वजह से उन्हें कहीं और काम नहीं मिला। परिवार चलाने के लिए कोई और रास्ता न देख, उन्होंने 56 की उम्र में डिलीवरी बॉय का काम शुरू कर दिया। किरण ने मनोज को डिलीवरी चार्ज से ज़्यादा पैसे दिए और उन्हें विदा किया। किरण ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'सबसे मुश्किल वो होता है जब ज़िंदगी आपको बताती है कि आप जो करना चाहते हैं, उसके काबिल नहीं हैं'।

ये पोस्ट वायरल होने के बाद डिलीवरी कंपनी 'पोर्टर' ने भी इस पर जवाब दिया। कंपनी ने मनोज की मेहनत की तारीफ की और किरण को यह दिल छू लेने वाली कहानी शेयर करने के लिए धन्यवाद कहा।