Qantas Job Cuts 2026: ऑस्ट्रेलिया की एयरलाइन Qantas में 850 कर्मचारियों की नौकरी जाने वाली है। इतना ही नहीं कंपनी का कामकाज भारत में शिफ्ट किया जा रहा है। जानें पूरी वजह।

Qantas Layoffs 2026: ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज एयरलाइन Qantas ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और कामकाज में बदलाव के नाम पर 850 नौकरियां खत्म करने का ऐलान किया है। कंपनी अपने कई कॉर्पोरेट काम अब कंसल्टिंग कंपनी Accenture को सौंपेगी। इस फैसले से सैकड़ों कर्मचारियों की नौकरी पर संकट खड़ा हो गया है। दुनियाभर में कंपनियां AI के इस्तेमाल से कामकाज को तेज और आसान बनाने की कोशिश कर रही हैं। अब इसका असर एयरलाइन सेक्टर में भी साफ दिखाई देने लगा है। Qantas का कहना है कि बदलती तकनीक के दौर में कंपनी को अपने पुराने सिस्टम में सुधार करना होगा। लेकिन कर्मचारियों के लिए यह बदलाव नौकरी जाने की चिंता लेकर आया है।

Qantas में कहां-कहां खत्म होंगी नौकरियां?

Qantas की CEO Vanessa Hudson ने मंगलवार को कर्मचारियों को भेजे ईमेल में बताया कि अगले कुछ वर्षों में ऑस्ट्रेलिया में 850 पद खत्म किए जाएंगे। इसका पहला चरण 2027 के मध्य तक शुरू होगा। यह फैसला एयरलाइन के करीब 28,000 कर्मचारियों वाले ऑस्ट्रेलियाई वर्कफोर्स के लगभग 3 फीसदी हिस्से को प्रभावित करेगा। शुरुआती दौर में जिन विभागों पर असर पड़ने वाला है, उनमें शामिल हैं-

  • फाइनेंस (Finance)
  • प्रोक्योरमेंट (Procurement)
  • ह्यूमन रिसोर्स (HR)
  • मार्केटिंग (Marketing)

कंपनी के मुताबिक, कुछ कर्मचारियों के काम Accenture को सौंपे जाएंगे। इन कामों को संभालने वाली टीमों का बड़ा हिस्सा भारत में होगा।

AI के कारण नौकरी जाएगी या काम करने का तरीका बदलेगा?

Qantas का कहना है कि एयरलाइन इंडस्ट्री में AI के बढ़ते इस्तेमाल और तकनीकी बदलावों के बीच कंपनी को नए कौशल की जरूरत है। Accenture के साथ साझेदारी से उसे डेटा और AI विशेषज्ञता मिलेगी, जिसे तेजी से विकसित करना उसके लिए मुश्किल है। कंपनी पुराने तकनीकी सिस्टम को बेहतर बनाने और कॉर्पोरेट कामकाज को सरल करने की भी तैयारी कर रही है। हालांकि, सवाल यह है कि क्या AI के नाम पर कंपनियां कर्मचारियों की जगह कम लागत वाले विकल्प तलाश रही हैं? Qantas के फैसले में तकनीकी बदलाव के साथ-साथ कामकाज को दूसरे देश में शिफ्ट करने का पहलू भी शामिल है।

कर्मचारियों को पहले नहीं दी गई थी ऑफशोरिंग की जानकारी?

Qantas के इस फैसले पर ऑस्ट्रेलियन सर्विसेज यूनियन (ASU) ने नाराजगी जताई है। यूनियन के असिस्टेंट नेशनल सेक्रेटरी Scott Cowen ने कहा कि कंपनी ने इस साल की शुरुआत में कर्मचारियों को भरोसा दिलाया था कि Accenture के साथ समझौते के तहत नौकरियों को विदेश नहीं भेजा जाएगा। अब कर्मचारियों को बताया गया है कि उनका काम ज्यादातर विदेश में बैठे लोगों के जरिए किया जाएगा। यूनियन का कहना है कि जिन कर्मचारियों ने सालों तक एयरलाइन को चलाने में योगदान दिया है, उन्हें इस बदलाव की कीमत नहीं चुकानी चाहिए।

क्या ऑस्ट्रेलिया में AI और आउटसोर्सिंग से बढ़ेगा नौकरी का संकट?

Qantas अकेली कंपनी नहीं है जो इस रास्ते पर आगे बढ़ रही है। ऑस्ट्रेलिया में Woolworths, Officeworks, Telstra और National Australia Bank जैसी कंपनियां भी इस साल विदेशों में काम सौंपने से जुड़े फैसले ले चुकी हैं। इससे साफ है कि AI, लागत में कटौती और आउटसोर्सिंग का मेल अब कॉर्पोरेट सेक्टर में रोजगार के भविष्य को प्रभावित कर रहा है। Qantas के लिए यह बदलाव भले ही कामकाज को आधुनिक बनाने का कदम हो, लेकिन कर्मचारियों के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है, तकनीक आगे बढ़ेगी, तो उनकी नौकरी कितनी सुरक्षित रहेगी?