Kota Coaching Laddu Protest: कोटा में 6 लड्डुओं के लिए आखिर क्यों भड़क उठे छात्र? कैसे बनी ‘लड्डू जनता पार्टी’ और क्यों पहुंचा मामला पुलिस तक? जानिए इस अनोखे आंदोलन की पूरी कहानी।

Laddu Janta Party: कोटा में पढ़ाई के साथ अब लड्डू की राजनीति भी गरमा गई है। कोटा के एक बड़ी कोचिंग के छात्रों ने दिवाली पर लड्डू नहीं मिलने से नाराज होकर ऐसा आंदोलन छेड़ा कि सोशल मीडिया पर ‘लड्डू जनता पार्टी’ (LJP) की चर्चा होने लगी। छात्रों का आरोप है कि कोचिंग प्रबंधन ने हर छात्र को 6 लड्डू देने का वादा किया था, लेकिन दिवाली की छुट्टी से पहले उन्हें लड्डू तक नहीं मिले। राजस्थान के कोटा को देशभर में इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के बड़े केंद्र के रूप में जाना जाता है। यहां हर साल हजारों छात्र अपने सपनों को पूरा करने आते हैं। लेकिन इस बार कोटा में पढ़ाई, टेस्ट और रैंक के अलावा एक अलग ही मुद्दा सुर्खियों में है। यह मुद्दा है छह लड्डुओं का!

क्या है पूरा मामला

दरअसल, एलन करियर इंस्टीट्यूट के छात्रों के बीच उस समय नाराजगी फैल गई, जब दिवाली की छुट्टियों से पहले उन्हें कथित तौर पर वादे के मुताबिक लड्डू नहीं मिले। छात्रों का कहना है कि उनसे हर छात्र को छह लड्डू देने की बात कही गई थी। लेकिन जब लड्डू बांटने की बारी आई तो उन्हें निराशा हाथ लगी।

ये भी पढ़ें- UPSC Mains Result 2026 Date: 13 हजार उम्मीदवारों का इंतजार होने वाला है खत्म, जानें कब आएगा यूपीएससी मेन्स रिजल्ट?

लड्डू नहीं मिले तो सड़कों पर उतरे छात्र

लड्डू नहीं मिलने से नाराज छात्रों ने कोटा में एलन के अलग-अलग सेंटरों के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते यह मामला सिर्फ मिठाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छात्रों के बीच चर्चा और विरोध का बड़ा मुद्दा बन गया। छात्रों ने सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। इंस्टाग्राम पर ‘लड्डू जनता पार्टी’ यानी LJP के नाम से पेज बनाया गया। इसके बाद लड्डू आंदोलन से जुड़े मीम्स, रील्स और मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। नीचे देखें वीडियो-

Laddu Protest: कोटा कोचिंग में ऐसा क्या हुआ कि छात्रों ने बना डाली ‘लड्डू जनता पार्टी’?

दूसरी कोचिंग ने भंडारा कर बढ़ाई चर्चा

इस पूरे विवाद के बीच दूसरी कोचिंग संस्थानों की ओर से रविवार को भंडारे का आयोजन किए जाने की बात भी सामने आई। बताया जा रहा है कि वहां छात्रों को मिठाइयां और दूसरी चीजें खाने के लिए दी गईं। ऐसे में एलन के छात्रों की नाराजगी और बढ़ गई। एक तरफ छात्र अपने छह लड्डुओं का इंतजार कर रहे थे, तो दूसरी तरफ दूसरी कोचिंग के भंडारे की तस्वीरें और वीडियो चर्चा में आने लगे।

पुलिस तक पहुंचा लड्डू आंदोलन

छात्रों का विरोध बढ़ने पर मामला इतना गरमा गया कि स्थिति संभालने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर कई तरह के दावे और वीडियो भी सामने आए हैं। कुछ पोस्ट में छात्रों के साथ पुलिस की सख्ती का आरोप लगाया गया है। इस बीच एलन के संस्थापक ब्रजेश माहेश्वरी को भी छात्रों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। वायरल हो रहे दावों के मुताबिक, छात्रों के विरोध के बाद आखिरी समय में लड्डुओं की व्यवस्था की गई। इतना ही नहीं, छात्रों से सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो पोस्ट करने की अपील भी किए जाने की बात कही जा रही है, जिनमें वे लड्डू मिलने की जानकारी दे सकें।

ये भी पढ़ें- Agniveer Scheme: अग्निवीरों के लिए सरकार का बड़ा फैसला, अब 4 नहीं 6 साल होगी नौकरी! जानें क्या बदला

डेढ़ लाख की फीस और 50 रुपये के लड्डू पर सवाल

इस पूरे विवाद ने एक बड़ा सवाल भी खड़ा कर दिया है। छात्र लाखों रुपये खर्च करके कोटा में पढ़ाई करने आते हैं। ऐसे में अगर किसी संस्थान की ओर से त्योहार पर कुछ लड्डू देने का वादा किया जाता है, तो छात्रों को उम्मीद होना स्वाभाविक है। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब छात्र मोटी फीस देते हैं, तो त्योहार पर किए गए छोटे से वादे को पूरा करने में आखिर परेशानी क्यों हुई?