Congress double standards in Kerala: बीजेपी नेता राजीव चंद्रशेखर ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर दिल्ली और केरल में अलग-अलग रुख अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केरल में जमात-ए-इस्लामी और मुस्लिम लीग के साथ कांग्रेस का गठबंधन पूरी तरह से असंवैधानिक है।
Congress double standards in Kerala: राजीव चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि केरल में कांग्रेस एक तरफ संविधान और लोकतंत्र की दुहाई देती है, तो दूसरी तरफ जमात-ए-इस्लामी के साथ राजनीतिक गठबंधन करती है। उन्होंने इस संगठन की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह संविधान और धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने बांग्लादेश में हुई अराजकता का जिक्र करते हुए भी संगठन पर निशाना साधा।
बीजेपी नेता ने कांग्रेस के सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम लीग के कुछ मंत्रियों ने खुले तौर पर कहा है कि उनका एकमात्र लक्ष्य 'धर्म, धर्म और धर्म' है।
PM SHRI योजना को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना
राजीव चंद्रशेखर ने शिक्षा के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी दिल्ली में युवाओं के भविष्य और शिक्षा के अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन केरल में मुस्लिम लीग के दबाव में कांग्रेस पीएम श्री (PM SHRI) योजना लागू करने का विरोध कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि यह योजना गरीब बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर देने के लिए है। ऐसे में कांग्रेस का रुख उसके राजनीतिक दावों पर सवाल खड़े करता है।
महिलाओं के अधिकारों पर भी उठाए सवाल
बीजेपी नेता ने महिलाओं के अधिकारों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देशभर में महिलाओं के अधिकारों और समानता की बात करते हैं, लेकिन केरल में उनका राजनीतिक गठबंधन ऐसे लोगों के साथ है जो महिलाओं को घर की चारदीवारी तक सीमित रखना चाहते हैं।
राजीव चंद्रशेखर का कहना है कि इस मुद्दे पर राहुल गांधी चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर अपने राजनीतिक हितों के लिए विचारधारा से समझौता करने का आरोप लगाया।
मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा
राजीव चंद्रशेखर ने मुस्लिम आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए भी कांग्रेस पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी दिल्ली में संविधान की बात करते हैं, जबकि केरल में कांग्रेस असंवैधानिक मुस्लिम आरक्षण का समर्थन कर रही है।
बीजेपी नेता ने इसे कांग्रेस की दोहरी राजनीति बताते हुए कहा कि दिल्ली और केरल में पार्टी का अलग-अलग रुख जनता के सामने उसकी असलियत उजागर करता है। उन्होंने सवाल किया कि इसे धोखेबाजी की राजनीति नहीं तो और क्या कहा जाए?




