AAP Candidates List Punjab Election 2027 : पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भगवंत मान और आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। 31 कैंडिडेट की इस सूची में एक नाम पंजाबी एक्ट्रेस सोनिया मान का भी है। जिन्हों दिल्ली में हार के बाद एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारा है।

अमृतसर. पंजाब की राजनीति में आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक पंजाबी एक्ट्रेस को चुनावी मैदान में उतारकर सबका ध्यान खींचा है। पार्टी ने सोनिया मान को राजासांसी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। सोनिया मान फिल्मों में काम करने के साथ-साथ किसान आंदोलन और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रही हैं। ऐसे में उनका नाम उम्मीदवारों की लिस्ट में आने के बाद उनकी चर्चा तेज हो गई है।

सोनिया मान का सफर फिल्मी दुनिया से शुरू हुआ, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने राजनीति और सामाजिक मुद्दों में भी अपनी पहचान बनाई। आइए जानते हैं कौन हैं सोनिया मान और उनका अब तक का सफर कैसा रहा है।

हल्द्वानी में जन्म, अमृतसर में हुई पढ़ाई

सोनिया मान का जन्म उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुआ था। बाद में वह पढ़ाई के लिए अमृतसर आ गईं। उन्होंने अमृतसर के डीएवी कॉलेज से पढ़ाई की। उनके पिता बलदेव सिंह मान कीर्ति किसान यूनियन के नेता रहे हैं। उनके पिता किसान आंदोलन से भी जुड़े रहे और किसानों के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई।

पंजाबी के साथ दूसरी फिल्मों में भी किया काम

  • सोनिया मान एक्ट्रेस और मॉडल हैं। उन्होंने पंजाबी फिल्मों के अलावा हिंदी, मलयालम, मराठी और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया है। उनकी फिल्मों में 'हानी', '25 किल्ले', 'मोटर मित्रां दी' और 'हैप्पी हार्डी एंड हीर' जैसे नाम शामिल हैं।
  • इसके अलावा वह कई पंजाबी म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं। सिद्धू मूसेवाला और जस्सी गिल के म्यूजिक वीडियो में भी उन्होंने काम किया है।

किसान आंदोलन से जुड़ीं, 2025 में AAP में शामिल हुईं

  • सोनिया मान किसान आंदोलन के दौरान भी काफी सक्रिय रहीं। उन्होंने दिल्ली की सीमाओं पर हुए किसान प्रदर्शन में हिस्सा लिया और किसानों के मुद्दों को उठाया।
  • 23 फरवरी 2025 को उन्होंने अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। इसके बाद जून 2025 में पार्टी ने उन्हें राजासांसी विधानसभा क्षेत्र का इंचार्ज बनाया।
  • अब AAP ने उन्हें इसी राजासांसी सीट से 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है। फिल्मी दुनिया से राजनीति तक पहुंचीं सोनिया मान के सामने अब चुनावी मैदान में अपनी पहचान और जनसमर्थन साबित करने की चुनौती होगी।