Software Professional Left High Paying Dubai Job Viral Post: परिवार के लिए दुबई की हाई सैलरी नौकरी छोड़ 32 वर्षीय प्रोफेशनल ने फैमिली बिजनेस में ₹1.5 करोड़ लगाए। अब उनकी पोस्ट चर्चा में है। जानिए क्या लिखा।

Reddit Viral Post: परिवार के लिए बड़े फैसले लेना आसान नहीं होता, खासकर तब जब बात करियर, करोड़ों की बचत और आने वाले समय की सुरक्षा से जुड़ी हो। ऐसे ही एक 32 वर्षीय भारतीय सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल की कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने बताया कि परिवार के दबाव और पारिवारिक बिजनेस से जुड़े रहने की चिंता के चलते उन्होंने दुबई की अच्छी-खासी नौकरी छोड़ दी। लेकिन अब परिवार के रियल एस्टेट कारोबार में ₹1.5 करोड़ से ज्यादा इनवेस्ट करने के बाद वह अपने फैसले पर सवाल उठा रहे हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दुबई की नौकरी छोड़ी, परिवार के साथ खड़े होने का लिया फैसला

पोस्ट के मुताबिक, प्रोफेशनल ने 2019 में दुबई में नौकरी शुरू की थी, जहां उन्हें करीब 23 हजार दिरहम (करीब ₹5.96 लाख) मंथली सैलरी मिलती थी। बाद में वह भारत लौटे, आईटी सेक्टर में काम जारी रखा और अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा निवेश करते रहे। इसी अनुशासित निवेश की बदौलत उन्होंने करीब 2 करोड़ रुपए की लिक्विड संपत्ति भी तैयार की। उन्होंने बताया कि कोविड के दौरान मां के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ गईं। इसी दौरान छोटे भाई ने कई बार कहा कि वह अकेले पिता और पारिवारिक कारोबार की जिम्मेदारी नहीं संभाल सकता। यही बातें उनके मन में यह डर पैदा करने लगीं कि अगर वह विदेश में ही रहे तो भविष्य में पारिवारिक बिजनेस से उनका जुड़ाव और अधिकार कमजोर पड़ सकता है। इसी वजह से उन्होंने भारत लौटने का फैसला किया।

₹1.5 करोड़ से ज्यादा लगाए, लेकिन बराबरी के हिस्से पर सवाल

भारत लौटने के बाद उन्होंने परिवार के कई रियल एस्टेट और निर्माण प्रोजेक्ट्स में ₹1.5 करोड़ से अधिक की राशि निवेश की। उनका कहना है कि सभी भुगतान बैंक के जरिए किए गए हैं और उनके पास हर लेनदेन का रिकॉर्ड मौजूद है। हालांकि, उनकी चिंता यह है कि छोटे भाई का आर्थिक योगदान अपेक्षाकृत कम होने के बावजूद अधिकांश मामलों में हिस्सेदारी 50-50 मानी जाती है। इसके अलावा, उन्हें लगता है कि भाई द्वारा किए गए कई खर्चों की भरपाई पिता की ओर से कर दी जाती है, जबकि उन्होंने खुद कभी ऐसी मांग नहीं की और अपने खर्च को व्यक्तिगत निवेश मानकर छोड़ दिया।

सम्मान और पारदर्शिता भी उतनी ही बड़ी चिंता

उन्होंने यह भी साझा किया कि मामला केवल पैसों का नहीं है। उन्हें महसूस होता है कि परिवार में उनके प्रोफेशनल स्ट्रगल और आर्थिक योगदान को वह सम्मान नहीं मिलता, जिसकी उन्हें उम्मीद थी। उनका कहना है कि कई बार छोटे भाई की बातें उन्हें यह एहसास कराती हैं कि विदेश में करियर बनाने के उनके फैसले को परिवार के लिए कम योगदान के रूप में देखा गया। नीचे देखें वायरल रेडिट पोस्ट-

रेडिट यूजर्स ने दी संतुलित सलाह

इस पोस्ट पर कई लोगों ने प्रैक्टिकल सजेशन दिए। कुछ यूजर्स ने सलाह दी कि परिवार के साथ आर्थिक लेनदेन और निवेश का स्पष्ट डॉक्यूमेंट तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी तरह का विवाद न हो। वहीं, कई लोगों का मानना था कि आगे का निवेश तभी किया जाए जब सभी पक्ष अपनी हिस्सेदारी और योगदान को पारदर्शी तरीके से तय करें। कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि अपने करियर और व्यक्तिगत संपत्ति को प्राथमिकता देना लंबे समय में अधिक सुरक्षित फैसला हो सकता है। यह मामला बताता है कि पारिवारिक कारोबार में भावनाओं के साथ-साथ फाइनेंशियल ट्रांसपेरेंसी और स्पष्ट जिम्मेदारियां भी उतनी ही जरूरी होती हैं, ताकि रिश्ते और भविष्य दोनों सुरक्षित रह सकें।