UPTET एग्जाम 2 से 4 जुलाई को होने जा रहा है। कैंडिडेट्स को कुछ चीजों का ध्यान रखना चाहिए। जानें 5 ऐसी गलतियां, जो एग्जाम वाले दिन परेशानी बढ़ा सकती हैं।
UPTET 2026 Big Warning for Candidates: यूपीटीईटी 2026 की परीक्षा अब ज्यादा दूर नहीं है। सिटी स्लिप के बाद जल्द ही एडमिट कार्ड (UPTET Admit Card 2026) भी आने वाला है। ऐसे में ज्यादातर कैंडिडेट्स पढ़ाई पर तो पूरा ध्यान दे रहे हैं, लेकिन कुछ छोटी-छोटी गलतियां ऐसी होती हैं, जो परीक्षा वाले दिन बड़ी परेशानी बन सकती हैं। हर साल कई उम्मीदवार सिर्फ तैयारी की कमी से नहीं, बल्कि लापरवाही की वजह से भी मुश्किल में पड़ जाते हैं। अगर आप भी 2 से 4 जुलाई को होने जा रहे यूपीटीईटी एग्जाम (UPTET 2026 Exam) देने जा रहे हैं, तो इन 5 गलतियों से जरूर बचें।

UPTET Exam 2026: सिटी स्लिप देखकर रिलैक्स मत हो जाइए
कई कैंडिडेट्स सिटी स्लिप डाउनलोड करते ही सोच लेते हैं कि अब सब काम पूरा हो गया, लेकिन ध्यान रखें, सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड दोनों अलग चीजें हैं। सिटी स्लिप सिर्फ यह बताती है कि आपकी परीक्षा किस शहर में होगी। परीक्षा केंद्र का पूरा पता, रिपोर्टिंग टाइम और जरूरी निर्देश एडमिट कार्ड में दिए जाएंगे। इसलिए 30 जून को एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उसे जरूर डाउनलोड करें।
UPTET 2026: एग्जाम सेंटर का रास्ता पहले से न देखना
अगर आपका सेंटर दूसरे शहर में पड़ा है, तो आखिरी दिन सफर का प्लान बनाना रिस्की हो सकता है। ट्रैफिक, बस या ट्रेन में देरी जैसी समस्याएं किसी के साथ भी हो सकती हैं। बेहतर होगा कि परीक्षा से पहले ही सेंटर की लोकेशन और वहां पहुंचने का तरीका देख लें।
UPTET 2026: जरूरी दस्तावेज घर पर भूल जाना
परीक्षा केंद्र पहुंचने के बाद अगर पता चले कि एडमिट कार्ड या आईडी प्रूफ यानी पहचान पत्र तो घर पर रह गया है, तो सारी मेहनत बेकार हो सकती है। इसलिए परीक्षा से एक रात पहले ही एडमिट कार्ड, आधार कार्ड या कोई वैध पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो (अगर जरूरी हो), ब्लू या ब्लैक पेन जैसी चीजों को अलग रख लें।
UPTET Exam 2026 Time: एग्जाम टाइम को हल्के में लेना
कई उम्मीदवार सोचते हैं कि परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले पहुंच जाएंगे। लेकिन कई केंद्रों पर एंट्री समय से पहले बंद कर दी जाती है, इसलिए रिपोर्टिंग टाइम का ध्यान रखें और कोशिश करें कि कम से कम 30 से 45 मिनट पहले सेंटर पर पहुंच जाएं। थोड़ी जल्दी पहुंचना हमेशा सेफ रहता है।
UPTET Exam Day Guidelines: मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक सामान साथ ले जाना
मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होती है। कई बार उम्मीदवार आदत में मोबाइल जेब में रख लेते हैं और बाद में परेशानी का सामना करना पड़ता है। परीक्षा वाले दिन सिर्फ जरूरी डॉक्यूमेंट्स और अनुमति वाली चीजें ही साथ रखें।


