TET Exam Postponed: UPTET 2026 परीक्षा 2-4 जुलाई तक आयोजित होगी। इससे पहले महाराष्ट्र TET पेपर लीक की आशंका से परीक्षा स्थगित कर दी गई है। जिसकी चर्चा यूपी में तेज है।

Maha TET 2026 Postponed: उत्तर प्रदेश में अगले हफ्ते से UPTET 2026 की परीक्षा शुरू होने वाली है। इसी बीच महाराष्ट्र से आई एक खबर ने लाखों अभ्यर्थियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET 2026) को परीक्षा से ठीक एक दिन पहले स्थगित कर दिया गया। पेपर लीक की आशंका के बाद आज शनिवार को यह कदम उठाया गया है। यह परीक्षा रविवार, 28 जून को होनी थी। अब यूपी के करीब 20 लाख अभ्यर्थियों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है कि आखिर इतनी बड़ी परीक्षाओं में सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है?

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

महाराष्ट्र में क्या हुआ?

महाराष्ट्र में TET परीक्षा 28 जून को आयोजित होनी थी। परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और लाखों उम्मीदवार परीक्षा देने के लिए तैयार थे। लेकिन परीक्षा से कुछ घंटे पहले पुलिस को ऐसी जानकारी मिली, जिसके बाद जांच शुरू हुई। जांच के दौरान कुछ लोगों के पास ऐसे दस्तावेज मिले, जिनमें परीक्षा से जुड़े सवाल होने का शक जताया गया। इसके बाद अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर परीक्षा को फिलहाल टालने का फैसला लिया। अब मामले की जांच चल रही है और नई परीक्षा तारीख बाद में घोषित की जाएगी।

UPTET 2026 को लेकर क्यों बढ़ी चर्चा?

महाराष्ट्र की घटना ऐसे समय सामने आई है जब उत्तर प्रदेश में UPTET 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार UPTET के लिए करीब 20 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। ऐसे में अभ्यर्थी चाहते हैं कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में कराई जाए।

UPTET 2026 की पूरी डिटेल

परीक्षा तारीख: 2, 3 और 4 जुलाई 2026

परीक्षा मोड: ऑफलाइन

शिफ्ट: हर दिन दो पालियां

परीक्षा केंद्र: 955

जिले: 60

कुल आवेदन: 19,94,661

एडमिट कार्ड: 30 जून 2026

परीक्षा सिटी: परीक्षा की सिटी इंटीमेशन स्लिप पहले ही जारी की जा चुकी है।

UPTET पर क्या कोई असर पड़ेगा?

फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है कि महाराष्ट्र की घटना का UPTET 2026 पर कोई सीधा असर पड़ेगा। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अपनी निर्धारित तारीखों पर परीक्षा कराने की तैयारी में जुटा हुआ है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है। हर तरह की कड़ाई का पालन किया जा रहा है। हालांकि, महाराष्ट्र की घटना के बाद परीक्षा सुरक्षा, प्रश्नपत्र की गोपनीयता और निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा जरूर तेज हो गई है।

अभ्यर्थियों को क्या करना चाहिए?

  • ऐसी खबरों के बीच घबराने की जरूरत नहीं है। उम्मीदवारों को अपना पूरा फोकस तैयारी पर रखना चाहिए।
  • सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट की जानकारी पर भरोसा करें।
  • सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें।
  • एडमिट कार्ड जारी होने के बाद अपनी परीक्षा केंद्र की जानकारी अच्छी तरह चेक कर लें।
  • परीक्षा वाले दिन समय से पहले केंद्र पहुंचें।

यूपी टेट में पिछली बार से कम आए आवेदन

दिलचस्प बात यह है कि UPTET 2026 में पिछली परीक्षा की तुलना में करीब 1.70 लाख कम आवेदन आए हैं। इसके बावजूद कुल उम्मीदवारों की संख्या लगभग 20 लाख है, जो परीक्षा के बड़े स्तर को दिखाती है।