Reddit Viral Post on US Job Market: US में 3 इंटरव्यू और 18 राउंड के बाद भी नौकरी नहीं मिली। 15 साल के अनुभवी भारतीय टेक प्रोफेशनल की रेडिट वायरल पोस्ट ने सबका ध्यान खींचा। जानिए क्या लिखा।
Reddit Viral Post: अमेरिका के टेक सेक्टर में लगातार बढ़ती चुनौतियों के बीच एक भारतीय मूल के वरिष्ठ टेक प्रोफेशनल की सोशल मीडिया पोस्ट ने हजारों लोगों का ध्यान खींचा है। करीब 15 साल के अनुभव वाले इस प्रोफेशनल ने बताया कि लंबी कोशिशों, बड़ी कंपनियों के 3 इंटरव्यू और हर एक इंटरव्यू के 6-6 राउंड देने के बावजूद उन्हें अमेरिका में नई नौकरी नहीं मिल सकी। आखिरकार उन्होंने भारत लौटने का फैसला कर लिया और इसे अपने करियर का अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत बताया। रेडिट पर शेयर की गई पोस्ट में उन्होंने लिखा कि अब उन्होंने भारत लौटने की हकीकत को स्वीकार कर लिया है। पिछले कुछ समय में उन्होंने तीन अलग-अलग भर्ती प्रक्रियाओं में हिस्सा लिया। हर कंपनी की चयन प्रक्रिया में छह-छह इंटरव्यू राउंड हुए, लेकिन अंत में किसी भी जगह उन्हें नौकरी का ऑफर नहीं मिला। नीचे देखें वायरल रेडिट पोस्ट-

15 साल का अनुभव भी नहीं आया काम
पोस्ट के मुताबिक, प्रोफेशनल वरिष्ठ प्रबंधन (Senior Manager) स्तर की टेक रोल की तलाश कर रहे थे। उनका कहना है कि इतने वर्षों के अनुभव के बावजूद मौजूदा जॉब मार्केट में सही अवसर मिलना बेहद मुश्किल साबित हुआ। कई चरणों वाली इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी सफलता हाथ नहीं लगी। उन्होंने यह भी माना कि भारत, खासकर दिल्ली-एनसीआर में भी टेक सेक्टर में प्रतिस्पर्धा कम नहीं है। इसके बावजूद उन्हें भरोसा है कि समय के साथ वह अपने करियर को फिर से मजबूत कर पाएंगे।
गुरुग्राम का घर बना सबसे बड़ा सहारा
इस प्रोफेशनल ने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर भी सकारात्मक बात शेयर की। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम में उनका अपना अपार्टमेंट है, जिससे उनके पास अगले दो से चार साल तक का आर्थिक सहारा रहेगा। यही बात उन्हें बिना अतिरिक्त दबाव के भारत में नई नौकरी तलाशने का आत्मविश्वास दे रही है।
दूसरे प्रोफेशनल्स ने भी शेयर किया अपना अनुभव
इस पोस्ट पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा कि अमेरिका का टेक इंडस्ट्री पहले जैसी नहीं रही और फिलहाल नौकरी का बाजार बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि 40 साल की उम्र और करीब 10 साल तक मैनेजर रहने के बाद अब उन्हें व्यक्तिगत योगदानकर्ता (IC) वाली भूमिकाओं के लिए भी कम अवसर मिल रहे हैं। बार-बार लंबी इंटरव्यू प्रक्रिया से गुजरना मानसिक रूप से थकाने वाला हो गया है, इसलिए उन्होंने भी भारत लौटकर कुछ समय शांति से बिताने और फिर आगे की योजना बनाने का फैसला किया है।
रेडिट से पोस्ट में दिखी बदलते टेक जॉब मार्केट की झलक
यह अनुभव सिर्फ एक व्यक्ति की कहानी नहीं है, बल्कि मौजूदा वैश्विक टेक जॉब मार्केट की बदलती तस्वीर भी दिखाता है। बड़ी टेक कंपनियों में भर्ती की रफ्तार पहले जैसी नहीं रही है और वरिष्ठ स्तर के पेशेवरों के लिए उपयुक्त अवसर हासिल करना पहले से अधिक कठिन होता जा रहा है। ऐसे माहौल में कई भारतीय प्रोफेशनल विदेश में लंबे समय तक संघर्ष करने के बजाय भारत लौटकर अपने करियर को नई दिशा देने का विकल्प चुन रहे हैं।


