Who is Abhijeet Dipke Cockroach Janata Party: कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party) सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस बीच सभी इस ऑनलाइन पार्टी के फाउंडर के बारे में जानना चाहते हैं। जानिए कौन हैं CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके, उनकी पढ़ाई, करियर समेत पूरी डिटेल।

Who is Abhijeet Dipke Cockroach Janata Party Founder: इन दिनों सोशल मीडिया पर एक नया राजनीतिक दल कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party/CJP) धूम मचा रहा है। जिसने कुछ ही दिनों में इंटरनेट की पूरी दिशा बदल दी। कॉकरोच जनता पार्टी के साथ ही इसके फाउंडर अभिजीत दीपके भी सुर्खियों में हैं। सभी जानना चाहते हैं कि आखिर अभिजीत दीपके कौन हैं? कितने पढ़े-लिखे हैं और क्या करते हैं और कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत क्यों-कैसे हुई? बता दें कि मीम, व्यंग्य और युवाओं-जेन जी की नाराजगी को केंद्र में रखकर शुरू हुआ ऑनलाइन कॉकरोच जनता पार्टी का ऑनलाइन आंदोलन अब देश की सबसे चर्चित डिजिटल राजनीतिक घटनाओं में गिना जा रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि CJP का इंस्टाग्राम अकाउंट महज कुछ दिनों में करोड़ों यूजर्स तक पहुंच गया और फॉलोअर्स के मामले में BJP के आधिकारिक अकाउंट से भी आगे निकल गया। शुरुआत के महज पांच दिनों में ही सीजेपी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 11.9 मिलियन फॉलोअर्स हो चुके हैं, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 8.7 मिलियन फॉलोअर्स से कहीं अधिक हैं। जानिए कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के बारे में पूरी डिटेल।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके कौन हैं, कितने पढ़े-लिखे?

अभिजीत दीपके मूल रूप से महाराष्ट्र से आते हैं और उन्होंने पुणे से पत्रकारिता (Journalism) की पढ़ाई की। मीडिया, नैरेटिव बिल्डिंग और पब्लिक कम्युनिकेशन में शुरुआती रुचि ने उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका पहुंचाया। उन्होंने अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशन में मास्टर ऑफ साइंस (MS) की डिग्री हासिल की। यही वह दौर था, जब उन्होंने डिजिटल राजनीति, ऑनलाइन पब्लिक मूड और सोशल मीडिया कैम्पेनिंग को गहराई से समझा। अभिजीत दीपके सिर्फ एक छात्र नहीं रहे, बल्कि उन्होंने सोशल मीडिया को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल करना सीखा। यही वजह है कि आज उनका नाम इंटरनेट-ड्रिवन राजनीतिक कम्युनिकेशन के नए चेहरे के तौर पर देखा जा रहा है।

AAP के साथ काम कर चुके हैं अभिजीत दीपके

अभिजीत दीपके इससे पहले आम आदमी पार्टी (AAP) की सोशल मीडिया और चुनावी कैंपेन टीम का हिस्सा रह चुके हैं। 2020 से 2023 के बीच उन्होंने पार्टी के डिजिटल नैरेटिव, ऑनलाइन कैम्पेन और मीम-आधारित राजनीतिक कंटेंट पर काम किया। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान आप पार्टी की सोशल मीडिया रणनीति को युवाओं तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका बताई जाती है। उस समय पार्टी ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में बड़ी जीत दर्ज की थी और डिजिटल कैंपेनिंग को इसकी बड़ी वजह माना गया था। राजनीतिक हलकों में माना जाता है कि अभिजीत को यह अच्छी तरह समझ है कि इंटरनेट पर कौन-सा कंटेंट वायरल होगा और किस तरह युवाओं की भावनाओं को डिजिटल भाषा में बदला जा सकता है।

कैसे शुरू हुई कॉकरोच जनता पार्टी?

अभिजीत दीपके के अनुसार कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत किसी राजनीतिक योजना के तहत नहीं हुई थी। यह एक वायरल प्रतिक्रिया के तौर पर सामने आई। दरअसल, सोशल मीडिया पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत से जुड़े कथित बयान वायरल हुए, जिसमें बेरोजगार युवाओं को तिलचट्टा (cockroach) और परजीवी (parasite) जैसे शब्दों से जोड़कर देखा गया। यहीं से इंटरनेट पर मीम्स की बाढ़ आ गई। हजारों युवाओं ने इसे बेरोजगारी, सिस्टम से निराशा और सामाजिक दबाव के प्रतीक के तौर पर लेना शुरू किया। अभिजीत दीपके ने इसी गुस्से और व्यंग्य को एक डिजिटल मूवमेंट का रूप दे दिया। देखते ही देखते “Cockroach Janta Party” सिर्फ मीम पेज नहीं रही, बल्कि Gen Z की ऑनलाइन आवाज बन गई।

कॉकरोच जनता पार्टी का Voice of the Lazy & Unemployed” बना ट्रेंड?

CJP ने खुद को “Voice of the Lazy & Unemployed” बताया। यह लाइन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई क्योंकि बड़ी संख्या में युवा बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं के दबाव और आर्थिक असुरक्षा से जुड़ाव महसूस कर रहे थे। पार्टी ने व्यंग्यात्मक घोषणापत्र जारी किया, जिसमें रोजगार, युवा मानसिक दबाव और राजनीतिक जवाबदेही जैसे मुद्दों को मीम और हास्य के जरिए उठाया गया। यही वजह रही कि यह आंदोलन पारंपरिक राजनीति से अलग दिखा और इंटरनेट की भाषा बोलने लगा।

महुआ मोइत्रा और कीर्ति आजाद का भी मिला समर्थन

CJP को सिर्फ आम सोशल मीडिया यूजर्स का ही नहीं, बल्कि कुछ विपक्षी नेताओं का समर्थन भी मिला। TMC सांसद महुआ मोइत्रा और कीर्ति आजाद ने सोशल मीडिया पर इस ट्रेंड को लेकर प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद इसकी चर्चा और तेज हो गई। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता को सीधे चुनावी ताकत नहीं माना जा सकता। लेकिन यह जरूर साफ हो गया है कि युवा मतदाता अब पारंपरिक भाषणों से ज्यादा डिजिटल व्यंग्य और मीम कल्चर से जुड़ रहे हैं।

अमेरिका में बैठकर चला रहे हैं डिजिटल आंदोलन

अभिजीत दीपके फिलहाल अमेरिका में हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janata Party) पहले से प्लान नहीं की गई थी। उनके मुताबिक, यह आंदोलन युवाओं की लंबे समय से जमा नाराजगी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी आबादी युवा है, लेकिन बड़ी संख्या में युवा वर्कफोर्स से बाहर हैं। यही असंतोष अब सोशल मीडिया पर खुलकर दिखाई दे रहा है।