15 अगस्त बॉलीवुड के लिए हमेशा खास रहा है। इस मौके पर रिलीज हुई कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई की है। ‘गदर 2’, ‘स्त्री 2’, ‘वॉर 2’ और ‘एक था टाइगर’ जैसी फिल्मों ने स्वतंत्रता दिवस पर शानदार प्रदर्शन किया। अब ‘बंटवारा 1947’ और ‘आवारापन 2’ से भी बड़ी कमाई की उम्मीदें हैं।

15 August Box Office: स्वतंत्रता दिवस सिर्फ देशभक्ति और जश्न का दिन नहीं, बल्कि बॉलीवुड के लिए भी बेहद खास रहा है। बीते कई सालों में 15 अगस्त के आसपास रिलीज हुई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। यही वजह है कि मेकर्स इस खास मौके को फिल्म रिलीज के लिए पसंद करते हैं। इस साल भी 14 अगस्त को 'बंटवारा 1947' और 'आवारापन 2' सिनेमाघरों में पहुंची हैं। अब सबकी नजर इनके स्वतंत्रता दिवस वाले कलेक्शन पर है। लेकिन इससे पहले नजर डालते हैं उन फिल्मों पर, जिन्होंने 15 अगस्त के मौके पर बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की और अपनी अलग पहचान बनाई।

'गदर 2' ने बनाया सबसे बड़ा रिकॉर्ड

15 अगस्त के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड की बात हो और 'गदर 2' का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। सनी देओल और अमीषा पटेल स्टारर यह फिल्म 11 अगस्त 2023 को रिलीज हुई थी और स्वतंत्रता दिवस पर इसने जबरदस्त कमाई की। 'गदर 2' ने 15 अगस्त के दिन 55.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन 525.70 करोड़ रुपये बताया गया है। स्वतंत्रता दिवस पर एक दिन में सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड भी फिलहाल इसी फिल्म के नाम है।

'शोले' ने रचा था इतिहास

साल 1975 में 15 अगस्त के दिन रिलीज हुई 'शोले' भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में शामिल है। अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, जया बच्चन और हेमा मालिनी स्टारर इस फिल्म ने दर्शकों के दिलों पर ऐसा राज किया कि कई सिनेमाघरों में यह लंबे समय तक चलती रही। मुंबई के मिनर्वा थिएटर में फिल्म के लगातार पांच साल तक चलने का भी जिक्र मिलता है। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म की ओपनिंग करीब 8 लाख रुपये रही थी।

सलमान खान की 'तेरे नाम' ने जीता दिल

2003 में 15 अगस्त के मौके पर सलमान खान और भूमिका चावला की 'तेरे नाम' रिलीज हुई थी। राधे और निर्झरा की प्रेम कहानी दर्शकों को खूब पसंद आई। करीब 12 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन 15.14 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 24.55 करोड़ रुपये बताया गया है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 1.90 करोड़ रुपये कमाए थे।

रणबीर कपूर की 'बचना ऐ हसीनों'

2008 में रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण, बिपाशा बसु और मिनिषा लांबा स्टारर 'बचना ऐ हसीनों' भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज हुई। करीब 23 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 36.57 करोड़ रुपये और दुनियाभर में करीब 62 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। पहले दिन फिल्म की कमाई 4.87 करोड़ रुपये रही।

'एक था टाइगर' ने मचाया तहलका

सलमान खान और कैटरीना कैफ की 'एक था टाइगर' 15 अगस्त 2012 को रिलीज हुई थी। कबीर खान के निर्देशन में बनी इस स्पाई-एक्शन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। करीब 75 करोड़ रुपये के बजट वाली फिल्म ने भारत में 198.78 करोड़ रुपये और दुनियाभर में लगभग 320 करोड़ रुपये कमाए। ओपनिंग डे पर फिल्म का कलेक्शन 32.93 करोड़ रुपये था।

'सिंघम रिटर्न्स' ने भी दिखाया दम

अजय देवगन और करीना कपूर की 'सिंघम रिटर्न्स' 15 अगस्त 2014 को सिनेमाघरों में आई थी। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले दिन 32.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर बाजीराव सिंघम के किरदार में नजर आए थे।

'सत्यमेव जयते' ने भी किया शानदार कलेक्शन

जॉन अब्राहम की एक्शन फिल्म 'सत्यमेव जयते' साल 2018 में स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज हुई थी। करीब 45 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 90.39 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि इसकी वर्ल्डवाइड कमाई करीब 121 करोड़ रुपये रही। फिल्म ने पहले दिन 20.52 करोड़ रुपये कमाए थे।

'गोल्ड' और 'मिशन मंगल' ने भी कमाए करोड़ों

अक्षय कुमार की दो फिल्मों ने भी स्वतंत्रता दिवस का भरपूर फायदा उठाया। 2018 में रिलीज हुई 'गोल्ड' ने पहले दिन 25.25 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके अगले साल 2019 में आई 'मिशन मंगल' ने ओपनिंग डे पर 29.16 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ विद्या बालन, तापसी पन्नू और कई शानदार कलाकार नजर आए थे।

और पढ़ें: Batwara 1947 छोड़ो 'आवारापन 2' ने तो सनी देओल की 'बॉर्डर 2' को भी पछाड़ा, 2026 में बस एक मूवी आगे

'स्त्री 2' ने भी मचाई धूम

2024 में श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की 'स्त्री 2' स्वतंत्रता दिवस के दिन रिलीज हुई। हॉरर-कॉमेडी फिल्म ने पहले दिन ही 51.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और आगे चलकर इसका इंडिया नेट कलेक्शन करीब 597.99 करोड़ रुपये तक पहुंचा।

'वॉर 2' ने भी 15 अगस्त को कमाए थे 45 करोड़

ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की 'वॉर 2' 14 अगस्त 2025 को रिलीज हुई थी। फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन यानी 15 अगस्त को 45 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। फिल्म का कुल इंडिया नेट कलेक्शन 236.55 करोड़ रुपये बताया गया है।

अब बारी 'बंटवारा 1947' और 'आवारापन 2' की

साल 2026 में स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले यानी 14 अगस्त को 'बंटवारा 1947' और 'आवारापन 2' सिनेमाघरों में रिलीज हुई हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि इन दोनों फिल्मों को 15 अगस्त की छुट्टी का कितना फायदा मिलता है और क्या इनमें से कोई फिल्म स्वतंत्रता दिवस के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड की रेस में आगे निकल पाती है।

इसे भी पढ़ें: आखिर क्यों ‘टॉक्सिक’ की शूटिंग के दौरान कियारा आडवाणी का यश रखते थे खास ख्याल