Akshay Kumar Share Haiwaan Movie New Video: सैफ अली खान के 56वें जन्मदिन पर अक्षय कुमार ने खास अंदाज में बधाई दी। 17 साल बाद दोनों इस फिल्म में साथ दिखेंगे, जिसमें अक्षय नेगेटिव और सैफ एक नेत्रहीन किरदार में हैं।
बॉलीवुड के ‘छोटे नवाब’ सैफ अली खान आज अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उन्हें परिवार, दोस्तों और फैंस की तरफ से जमकर बधाइयां मिल रही हैं। इसी बीच उनके खास दोस्त और को-स्टार अक्षय कुमार ने भी सैफ को एक बेहद दिलचस्प अंदाज में बर्थडे विश किया है। अक्षय का यह अंदाज सीधे उनकी अपकमिंग फिल्म ‘हैवान’ से जुड़ा है, जिसे लेकर इन दिनों खूब बज बना हुआ है।
अक्षय ने सैफ को किया खास अंदाज में बर्थडे विश
अक्षय कुमार ने सैफ अली खान के जन्मदिन के मौके पर एक वीडियो शेयर कर उन्हें विश किया। इस बर्थडे विश में उन्होंने अपनी और सैफ की पुरानी बॉन्डिंग के साथ-साथ उनकी आने वाली फिल्म ‘हैवान’ का ट्विस्ट भी जोड़ दिया। यही वजह है कि अक्षय का पोस्ट बाकी बर्थडे विशेज से थोड़ा अलग नजर आया। सैफ और अक्षय की जोड़ी इससे पहले ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘ये दिल्लगी’, ‘कीमत’, ‘आरज़ू’ और ‘टशन’ जैसी फिल्मों में साथ नजर आ चुकी है। अब करीब 17 साल बाद दोनों एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देने वाले हैं।
और पढ़ें - गोविंदा इस बॉलीवुड हसीना से करना चाहते थे शादी, सुनीता से सगाई भी तोड़ी, फिर क्यों नहीं बनी बात?
‘हैवान’ में बदली नजर आएगी दोनों की जोड़ी
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की अपकमिंग फिल्म ‘हैवान’ को प्रियदर्शन डायरेक्ट कर रहे हैं। फिल्म में दोनों एक्टर्स बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं। जहां सैफ एक नेत्रहीन लेकिन बेहद सक्षम किरदार निभा रहे हैं, वहीं अक्षय फिल्म में एक खतरनाक और पूरी तरह नेगेटिव किरदार में दिखाई देंगे। खास बात यह है कि अक्षय ने इस फिल्म में अपने किरदार को लेकर खुद कहा है कि इसमें कोई ग्रे शेड नहीं है और उनका कैरेक्टर पूरी तरह बुरा है। यानी पर्दे पर दर्शकों को अक्षय का ऐसा रूप देखने को मिलेगा, जो उनके आम हीरो या कॉमेडी वाले अंदाज से काफी अलग है।
सैफ के लिए अक्षय का ‘हैवान’ ट्विस्ट क्यों है खास?
अक्षय और सैफ की दोस्ती और स्क्रीन केमिस्ट्री बॉलीवुड में काफी पुरानी है। दोनों ने अपने करियर के शुरुआती दौर में कई फिल्मों में साथ काम किया और अब इतने साल बाद फिर से एक थ्रिलर के लिए साथ आए हैं। सैफ ने भी ‘हैवान’ में अक्षय के नेगेटिव रोल को लेकर उत्साह जाहिर किया था और माना था कि इस किरदार ने दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को एक नया और खतरनाक ट्विस्ट दिया है।
फिल्म के टीजर ने भी दर्शकों की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। इसमें अक्षय का डार्क अवतार और सैफ का रहस्यमयी किरदार कहानी को लेकर कई सवाल खड़े करता है। खासकर टीजर का रहस्यमयी माहौल और अक्षय का डरावना अंदाज फिल्म को लेकर बज बढ़ा रहा है।
और पढ़ें - तैमूर-जेह पूछते हैं ‘हमारी सुरक्षा कौन करेगा?’ सैफ अली खान ने बताया क्यों डर में हैं दोनों बेटे
11 सितंबर को रिलीज होगी ‘हैवान’
प्रियदर्शन की यह फिल्म मलयालम थ्रिलर ‘ओप्पम’ का अडैप्टेशन है और इसमें कहानी को हिंदी दर्शकों के हिसाब से नए अंदाज में पेश किया गया है। फिल्म में सैफ और अक्षय की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर आमने-सामने होगी। ‘हैवान’ 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। सैफ के जन्मदिन पर अक्षय का यह खास बर्थडे विश सिर्फ दोस्ती की झलक नहीं दिखाता, बल्कि उनकी मच-अवेटेड फिल्म ‘हैवान’ का बज भी और बढ़ा देता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि पर्दे पर 17 साल बाद लौटी यह जोड़ी दर्शकों पर कितना असर छोड़ती है।
