अक्षय कुमार की नई फिल्म को लेकर अहम् जानकारी सामने आई है। खास बात यह है कि इस फिल्म में वे अपने ससुर राजेश खन्ना के रोल में नज़र आएंगे। इसके चलते लोगों का एक्साइटमेंट बढ़ गया है।

अक्षय कुमार की अगली बड़ी फिल्म को लेकर नया अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह डायरेक्टर नीरज पांडे की अपकमिंग फिल्म में अपने ससुर दिवंगत सुपरस्टार राजेश खन्ना का किरदार निभाएंगे। यह अक्षय और नीरज पांडे की ‘बेबी’ और ‘स्पेशल 26’ के बाद तीसरी साझेदारी होगी। बताया जा रहा है कि फिल्म में अक्षय का रोल एक्सटेंडेड कैमियो होगा और उन्होंने इसके लिए करीब 10 दिन की शूटिंग के लिए हामी भरी है। फिल्म के लीड रोल में फरहान अख्तर नजर आएंगे, जो आरडी बर्मन के किरदार की तैयारी शुरू कर चुके हैं। मेकर्स सितंबर में इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को फ्लोर पर ले जाने की तैयारी में हैं।

अक्षय कुमार किस फिल्म में निभाएंगे राजेश खन्ना का रोल

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय कुमार नीरज पांडे की अपकमिंग फिल्म आर. डी. बर्मन की बायोपिक में दिग्गज अभिनेता राजेश खन्ना का किरदार निभाएंगे। यह फिल्म मशहूर संगीत निर्देशक आरडी बर्मन की जिंदगी पर आधारित होगी और इसमें उस दौर से जुड़े कई महत्वपूर्ण किरदारों को भी पर्दे पर उतारा जाएगा। अक्षय और नीरज पांडे इससे पहले ‘बेबी’ और ‘स्पेशल 26’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। ऐसे में यह उनकी तीसरी साझेदारी होगी। हालांकि, अक्षय का रोल फिल्म में लीड नहीं, बल्कि एक खास और एक्सटेंडेड कैमियो बताया जा रहा है।

अक्षय कुमार को ही राजेश खन्ना के रोल के लिए क्यों चुना गया?

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सूत्र ने बताया, “राजेश खन्ना और आर.डी. बर्मन के बीच का रिश्ता खास था और मेकर्स इसे पर्दे पर दोबारा जीवंत करना चाहते हैं। इस किरदार के लिए स्वाभाविक पसंद अक्षय कुमार हैं, क्योंकि ट्विंकल खन्ना और डिंपल कपाड़िया के साथ उनके पारिवारिक रिश्ते हैं।”अक्षय कुमार की शादी ट्विंकल खन्ना से हुई है, जो राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की बेटी हैं। इसके अलावा अक्षय खुद भी राजेश खन्ना के प्रशंसक बताए जाते हैं। यही वजह है कि फिल्म में काका की भूमिका के लिए उनका नाम खास तौर पर सामने आया है।

आर. डी. बर्मन बायोपिक के लिए कितने दिन शूट करेंगे अक्षय कुमार?

रिपोर्ट के अनुसार, अक्षय कुमार ने इस भूमिका के लिए करीब 10 दिन शूटिंग के लिए दिए हैं। उनका किरदार एक्सटेंडेड कैमियो होगा, यानी स्क्रीन टाइम सीमित होने के बावजूद कहानी में इसकी अहमियत रहने वाली है। फिल्म फिलहाल प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है और मेकर्स सितंबर में इसकी शूटिंग शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में अक्षय की शूटिंग भी फिल्म के प्रोडक्शन शेड्यूल का हिस्सा होगी।

आर. डी. बर्मन बायोपिक में कौन-कौन स्टार्स

फिल्म में आरडी बर्मन की मुख्य भूमिका फरहान अख्तर निभाएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, फरहान ने इस चुनौतीपूर्ण किरदार के लिए तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, कास्टिंग में इमरान हाशमी का नाम भी पहले सामने आ चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरान फिल्म में मशहूर एक्टर और कॉमेडियन महमूद का किरदार निभाएंगे। मेकर्स सिर्फ राजेश खन्ना और महमूद तक सीमित नहीं रहना चाहते। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस दौर के कई और सितारों को फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाओं के लिए कास्ट किया जा सकता है, खासकर वे लोग जिनका आरडी बर्मन की जिंदगी और करियर में अहम योगदान रहा था।