अर्शी खान ने बिग बॉस से जुड़े अपने अनुभव बताए। उन्होंने शो की ट्रॉफी और घर की कथित नेगेटिव एनर्जी को लेकर ऐसा दावा किया, जिसने शो पर नई बहस छेड़ दी है।जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा?
सलमान खान का 'बिग बॉस' सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं, बल्कि कई कंटेस्टेंट्स के करियर का बड़ा मोड़ रहा है। हालांकि, इसी शो को लेकर अब अर्शी खान ने कुछ ऐसी बातें कही हैं, जिनसे इसके ग्लैमर के पीछे छिपे दूसरे पहलू पर चर्चा शुरू हो गई है। एक हालिया इंटरव्यू में अर्शी से पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि बिग बॉस की ट्रॉफी शापित है। जवाब में उन्होंने सीधे तौर पर ऐसा कहने से बचते हुए बताया कि यह ट्रॉफी हर किसी को सूट नहीं करती। इसके बाद उन्होंने शो से जुड़े लोगों की जिंदगी में आई परेशानियों और बिग बॉस के घर के कथित अजीब माहौल को लेकर भी अपनी बात रखी।
बिग बॉस ट्रॉफी हर किसी को क्यों नहीं सूट करती?
अर्शी खान ने ट्रॉफी को लेकर अपने विचार रखते हुए मिर्ची प्लस से बातचीत में कहा, “मुझे ऐसा लगता है कि बिग बॉस की जो ट्रॉफी होती है ना, वह सबको सूट नहीं करती।” हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह उस शो के बारे में बुरा नहीं बोलेंगी, जिसने उन्हें पहचान दिलाई। उनके मुताबिक, बिग बॉस से सफलता हासिल करने वाले कई लोगों को बाद में अपनी निजी जिंदगी में मुश्किल दौर से गुजरना पड़ा।
बिग बॉस से जुड़े लोगों की जिंदगी में आईं मुश्किलें
अर्शी ने आगे कहा, “जिन लोगों ने भी उसको पाया है, उनकी लाइफ के अंदर बहुत डिफिकल्टीज आई हैं। ज्यादातर लोग परेशान हुए हैं। जितने लोग बिग बॉस के घर के अंदर गए हैं, सफर कर रहे हैं।” उनके इस बयान का इशारा सिर्फ ट्रॉफी जीतने वालों तक सीमित नहीं दिखा, बल्कि शो का हिस्सा रहे दूसरे कंटेस्टेंट्स तक भी जाता नजर आया।
प्रत्युषा बनर्जी और स्वामी ओम का भी किया जिक्र
बातचीत के दौरान अर्शी ने दिवंगत कंटेस्टेंट्स प्रत्युषा बनर्जी और स्वामी ओम को भी याद किया। गौर करने वाली बात है कि इन दोनों ने बिग बॉस की ट्रॉफी नहीं जीती थी। ऐसे में अर्शी की बात को सिर्फ विजेताओं के बजाय बिग बॉस के घर में रह चुके लोगों से जोड़कर देखा जा रहा है।
बिग बॉस हाउस में महसूस होती है अजीब एनर्जी?
अर्शी ने बिग बॉस के घर को लेकर भी एक रहस्यमयी दावा किया। उन्होंने बताया कि वहां कुछ मौकों पर कंटेस्टेंट्स को ऐसा महसूस हुआ, जैसे कोई उनका हाथ पकड़ रहा हो या उनके बिल्कुल पास बैठा हो, जबकि आसपास कोई मौजूद नहीं था। हालांकि, यह उनका व्यक्तिगत दावा है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
