- Home
- Entertainment
- Assi Movie Review: एक केस, कई सवाल और बेचैन कर देने वाली कहानी, ज़रूर देखें तापसी पन्नू की यह फिल्म
Assi Movie Review: एक केस, कई सवाल और बेचैन कर देने वाली कहानी, ज़रूर देखें तापसी पन्नू की यह फिल्म
Taapsee Pannu New Film Assi: समाज की सबसे कड़वी सच्चाइयों को बेझिझक सामने रखती 'अस्सी' सिर्फ एक कोर्टरूम ड्रामा नहीं, बल्कि सोच को झकझोर देने वाला अनुभव है। तापसी पन्नू की दमदार मौजूदगी और सशक्त लेखन इसे एक जरूरी फिल्म बना देते हैं।

अस्सी मूवी की कहानी
'अस्सी' की कहानी परिमा (कानी कुसृति) नाम की एक स्कूल टीचर से शुरू होती है, जो देर रात घर लौटते वक्त दरिंदगी का शिकार बनती है। मामला अदालत तक पहुंचता है, जहां आरोपियों की ओर से खुद को निर्दोष साबित करने की कोशिश की जाती है। फिल्म अदालत की कार्यवाही, पीड़िता से पूछताछ और समाज के रवैये को बेहद सख्त और असहज तरीके से सामने रखती है। यह सिर्फ अपराध की कहानी नहीं, बल्कि उस सोच की पड़ताल है जो अपराध को जन्म देती है।
'अस्सी' की स्टार कास्ट और परफॉर्मेंस
पीड़ित टीचर परिमा के रोल में कानी कुसृति ने हैरान कर दिया है। उन्होंने गैंग रेप पीड़िता ले दर्द को आंखों और आवाज के जरिए बेहद संवेदनशील ढंग से पेश किया है। वकील रावी के रोल में तापसी पन्नू जबरदस्त लगी हैं। उनका किरदार प्रभावशाली है। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और डायलॉग डिलीवरी कोर्टरूम सीन्स को मजबूती देती है। मोहम्मद जीशान अयूब कानी कुसृति के पति के रोल में संतुलित नज़र आए हैं। कुमुद मिश्रा, मनोज पाहवा, सत्यजीत शर्मा और नसीरुद्दीन शाह समेत बाकी सभी कलाकारों ने जबरदस्त काम किया है।
'अस्सी' में अनुभव सिन्हा का डायरेक्शन और टेक्निकल फ्रंट
डायरेक्टर अनुभव सिन्हा ने कहानी को बिना मेलोड्रामा के बेहद सधे अंदाज़ में पेश किया है। कैमरा एंगल्स रॉ और असहज हैं, जो दर्शकों को घटना की गंभीरता महसूस कराते हैं।गौरव सोलंकी अनुभव सिन्हा के को-राइटर हैं और दोनों ने कहानी को ज़रूरी गहराई दी है। फिल्म किसी एक किरदार को हीरो नहीं बनाती, बल्कि मुद्दे को केंद्र में रखती है।
'अस्सी' में म्यूजिक कैसा है?
फिल्म 'अस्सी' में पारंपरिक गानों की भरमार नहीं है। बैकग्राउंड स्कोर सिचुएशन के मुताबिक चलता है और कोर्टरूम तथा भावनात्मक दृश्यों को और तीखा बनाता है। साउंड डिजाइन माहौल को गंभीर बनाए रखने में मदद करता है।
तापसी पन्नू की अस्सी देखें या नहीं?
'अस्सी' आसान फिल्म नहीं है, लेकिन जरूरी फिल्म जरूर है। यह मनोरंजन से ज्यादा आत्ममंथन कराती है। इसकी सबसे बड़ी सफलता यही है कि फिल्म खत्म होने के बाद भी मन में बनी रहती है। दमदार एक्टिंग और बैलेंस्ड डायरेक्शन के साथ-साथ अगर आप संवेदनशील और साहसी विषयों में रुचि रखते हैं तो यह फिल्म आपके लिए ही है। निश्चित मानिए कि फिल्म आपको सोच को झकझोर कर रख देगी। हल्का-फुल्का मनोरंजन चाहने वालों के लिए यह फिल्म नहीं है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।