अनुराग कश्यप की फिल्म ‘बंदर’ का टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म में बॉबी देओल एक पूर्व रॉकस्टार के रोल में नजर आ रहे हैं, जिन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगता है। सान्या मल्होत्रा उनकी बहन के किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म 5 जून को रिलीज होगी।

Bandar Teaser Bobby Deol Look: फैंस का इंतजार खत्म करते हुए फिल्म बंदर के मेकर्स ने गुरुवार को इसका टीजर रिलीज कर दिया। करीब डेढ़ मिनट के इस टीज़र में बॉबी देओल एक बिल्कुल अलग और दमदार अंदाज में दिखाई दे रहे हैं। इस फिल्म का डायरेक्शन अनुराग कश्यप ने किया है। फिल्म में सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आजाद, जितेन्द्र जोशी और नागेश भोसले भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बंदर में बॉबी देओल बने रॉकस्टार

टीजर की शुरुआत में बॉबी देओल समीर मेहरा नाम के किरदार में दिखाई देते हैं, जो कभी एक मशहूर रॉकस्टार हुआ करता था। समीर आज भी जहां जाता है, लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लेता है। चमकीले कपड़े, स्टाइलिश चश्मा और हाथ में गिटार लिए वह पार्टियों में परफॉर्म करता नजर आता है। उसके फैंस लगातार मोबाइल से उसकी वीडियो रिकॉर्ड करते दिखाई देते हैं।

डेटिंग ऐप से शुरू होती है कहानी

टीजर की शुरुआत हल्के-फुल्के अंदाज में होती है। इसमें समीर को डेटिंग ऐप के जरिए अलग-अलग महिलाओं से मिलते हुए दिखाया गया है। एक सीन में उसकी एक मैच उससे पूछती है कि वह डेटिंग ऐप पर क्यों है। इसके जवाब में समीर कहता है कि कभी-कभी उसे लगता है कि वह बहुत बुरा और अजीब इंसान है। वह यह भी स्वीकार करता है कि वह ज्यादातर लोगों को सिर्फ तस्वीरें देखकर ही ‘राइट स्वाइप’ करता है।

यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद बदल जाती है कहानी

कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब एक महिला समीर पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा देती है। इसके बाद वह कानूनी मुश्किलों में फंस जाता है। हालांकि, समीर इन आरोपों को गलत बताते हुए कहता है कि उसे जानबूझकर फंसाया जा रहा है। इसके बाद टीजर का फोकस सान्या मल्होत्रा के किरदार पर आ जाता है, जो फिल्म में समीर की बहन बनी हैं। वह एक वकील की मदद से अपने भाई को इस मुश्किल से बाहर निकालने की कोशिश करती नजर आती हैं।

बॉबी देओल का डिस्को एरा लुक चर्चा में

टीजर की सबसे खास बात बॉबी देओल का डिस्को-स्टाइल लुक है। उनका पूरा अंदाज़ पुराने डिस्को एरा की याद दिलाता है। टीजर में बैकग्राउंड में क्लासिक गाना ‘कम ऑन बेबी दिल किसको देगी’ का रीक्रिएटेड वर्जन सुनाई देता है, जो माहौल को और दिलचस्प बनाता है। साथ ही सपोर्टिंग कास्ट की छोटी-छोटी झलकियां भी दिखाई गई हैं, जिससे साफ लगता है कि फिल्म की कहानी में कई बड़े ट्विस्ट और रहस्य छिपे हुए हैं।

‘Paatal Lok’ और ‘Kohrra’ Writers ने लिखी कहानी

फिल्म की कहानी पाताल लोक और कोहरा जैसी चर्चित सीरीज लिख चुके सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है। फिल्म को सैफ्रॉन मैजिकवर्क्स ने प्रोड्यूस किया है, जबकि इसे Zee Studios प्रस्तुत कर रहा है।

5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ‘Bandar’

पिछले साल टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर होने के बाद अब Bandar 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। टीजर रिलीज के बाद फिल्म को लेकर फैंस के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है।