आमिर खान प्रोडक्शंस की 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। सनी देओल, शबाना आज़मी और प्रिटी जिंटा की फिल्म विभाजन के दर्द और इंसानियत की कहानी दिखाती है।
आमिर खान प्रोडक्शंस की मोस्ट अवैटेड फिल्म 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी यह पीरियड ड्रामा भारत-पाकिस्तान विभाजन की त्रासदी के बीच इंसानियत, उम्मीद और रिश्तों की भावुक कहानी दिखाती है। ट्रेलर में सनी देओल, शबाना आज़मी और प्रिटी जिंटा अपने दमदार किरदारों से गहरी छाप छोड़ते हैं। शानदार विजुअल्स, इमोशनल कहानी और बड़े पैमाने पर फिल्माए गए सीन्स फिल्म को लेकर ऑडियंस का एक्साइटमेंट बढ़ाने वाले हैं। 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली यह फिल्म साल की सबसे चर्चित फिल्मों में गिनी जा रही है।
आमिर खान प्रोडक्शंस ने फिल्म का ट्रेलर रिलीज करते हुए इसके कैप्शन में लिखा है, "हर इंसान का पहला मज़हब मां है। 'बटवारा 1947' का ट्रेलर रिलीज हुआ। 14 अगस्त को अपने नजदीकी सिनेमाघर में देखिए।"
यह भी पढ़ें : अगले 5 महीने में आएंगी ये 13 बड़ी फिल्में,बॉक्स ऑफिस पर लगा 6000 करोड़ से ज्यादा का दांव!
कैसा है सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' ट्रेलर?
फिल्म का ट्रेलर 1947 के विभाजन के दर्दनाक दौर की झलक दिखाता है। कहानी एक ऐसे परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी हिंसा, डर और जबरन पलायन से पूरी तरह बदल जाती है। ट्रेलर यह संदेश देता है कि हालात कितने भी मुश्किल क्यों न हों, इंसानियत और उम्मीद सबसे बड़ी ताकत होती है। सनी देओल ट्रेलर में ऐसे शख्स की भूमिका निभा रहे हैं, जो हर परिस्थिति में अपने जमीर और सिद्धांतों पर कायम रहता है। वहीं शबाना आज़मी एक समझदार और मजबूत बुजुर्ग महिला के किरदार में नजर आती हैं, जबकि प्रिटी जिंटा अपने परिवार को हर हाल में एकजुट रखने की कोशिश करती दिखाई देती हैं।
यह भी पढ़ें : 18वें दिन 76% गिरा 'धमाल 4' का कलेक्शन, जानिए तीसरे सोमवार कितनी कमाई की
'बंटवारा 1947' की स्टारकास्ट में कौन-कौन शामिल?
फिल्म में शबाना आज़मी, सनी देओल, प्रिटी जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। करीब 30 साल बाद डायरेक्टर राजकुमार संतोषी और सुपरस्टार सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी फिर साथ आई है, जिससे दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान का है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। आमिर खान और अपर्णा पुरोहित द्वारा निर्मित 'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का बजट 80-120 करोड़ रुपए बताया जा रहा है।
