अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ ने तीसरे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार पकड़ बनाए रखी है। फिल्म ने 21 दिनों में भारत में लगभग 150 करोड़ नेट और दुनियाभर में 234 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने नॉस्टैल्जिया, कॉमेडी और हॉरर के दम पर दर्शकों का दिल जीत लिया।

अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ लगातार तीसरे हफ्ते में भी सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी हुई है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस हॉरर-कॉमेडी ने रिलीज के बाद से दर्शकों को जबरदस्त नॉस्टैल्जिया फील कराया और यही वजह है कि नई फिल्मों की एंट्री के बावजूद इसकी कमाई स्थिर बनी हुई है। हालांकि तीसरे हफ्ते में फिल्म की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर हुई, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका दबदबा अभी खत्म नहीं हुआ है। भारत से लेकर ओवरसीज मार्केट तक फिल्म लगातार कमाई कर रही है और अब इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 235 करोड़ रुपए के बेहद करीब पहुंच चुका है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

तीसरे हफ्ते में भी कायम रही ‘भूत बंगला’ की पकड़

प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘भूत बंगला’ का रिलीज के तीन हफ्ते बाद भी बॉक्स ऑफिस पर सम्मानजनक प्रदर्शन जारी है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने 21वें दिन लगभग 1.75 करोड़ रुपए की नेट कमाई की। इसी के साथ तीसरे हफ्ते का कुल कलेक्शन लगभग 21.85 करोड़ रुपए पहुंच गया। फिल्म ने पहले हफ्ते में 84.40 करोड़ और दूसरे हफ्ते में 43.75 करोड़ रुपए कमाए थे। हालांकि नई फिल्मों की रिलीज का असर देखने को मिला, लेकिन इसके बावजूद दर्शकों का प्यार फिल्म को लगातार मिल रहा है। खास बात यह है कि वीकडेज में भी फिल्म की कमाई पूरी तरह नहीं टूटी।

यह भी पढ़ें : Dhuandhar 2 Collection Day 50: 'धुरंधर 2' की कमाई धुआंधार, 50 दिन में हुई इतने करोड़ पार

'भूत बंगला' के वर्ल्डवाइड कलेक्शन ने मचाया तहलका

‘भूत बंगला’ सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने 21वें दिन ओवरसीज मार्केट से लगभग 10 लाख रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसके साथ फिल्म की कुल विदेशी कमाई लगभग 56.95 करोड़ रुपए पहुंच गई है। वहीं भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 177.98 करोड़ रुपए हो चुका है। कुल मिलाकर फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 234.93 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है।

यह भी पढ़ें : Raja Shivaji Collection Day 7: ‘राजा शिवाजी’ ने रचा इतिहास, पहले हफ्ते में तोड़े बड़े रिकॉर्ड!

अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी फिर हुई हिट

‘भूत बंगला’ को दर्शकों से शानदार रिस्पॉन्स मिलने की सबसे बड़ी वजह अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की सुपरहिट जोड़ी को माना जा रहा है। फिल्म में हॉरर और कॉमेडी का क्लासिक मिश्रण देखने को मिला, जिसने पुराने दौर की यादें ताजा कर दीं। फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा परेश रावल, तब्बू, वामिका गब्बी, राजपाल यादव, जिशु सेनगुप्ता, मिथिला पालकर और असरानी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए। 17 अप्रैल 2026 को रिलीज हुई इस फिल्म ने फैमिली ऑडियंस को थिएटर तक खींचने में बड़ी सफलता हासिल की और अब यह साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल हो चुकी है।