ऋतेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’ मराठी बॉक्स ऑफिस पर लगातार इतिहास रच रही है। फिल्म ने रिलीज के पहले हफ्ते में 57 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर मराठी सिनेमा का सबसे बड़ा ओपनिंग वीक रिकॉर्ड बना दिया है। अब फिल्म ‘वेड’ को पीछे छोड़कर तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मराठी फिल्म बनने से सिर्फ कुछ करोड़ दूर है।
ऋतेश देशमुख स्टारर ऐतिहासिक फिल्म ‘राजा शिवाजी’ बॉक्स ऑफिस पर रुकने का नाम नहीं ले रही। शानदार ओपनिंग वीकेंड के बाद फिल्म ने वीकडेज में भी मजबूत पकड़ बनाए रखी और पहले हफ्ते में ही मराठी सिनेमा का सबसे बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। शुरुआती ट्रेंड्स के मुताबिक फिल्म ने सातवें दिन भी दमदार कमाई की है और अब इसका कुल नेट कलेक्शन 57 करोड़ रुपए से ज्यादा पहुंच चुका है। खास बात यह है कि ‘राजा शिवाजी’ पहले हफ्ते में 50 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली पहली मराठी फिल्म बन गई है। अब फिल्म की नजर रितेश देशमुख स्टारर ‘वेड’ का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने पर है।
7वें दिन भी कायम रही ‘राजा शिवाजी’ की मजबूत पकड़
‘राजा शिवाजी’ ने पहले गुरुवार यानी सातवें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। मराठी वर्जन में फिल्म की सुबह की ऑक्यूपेंसी करीब 11% रही, जबकि दोपहर के शोज में यह बढ़कर 25% तक पहुंच गई। शाम के शोज में ऑक्यूपेंसी ने 31% का आंकड़ा छू लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक नाइट शोज में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला। इसी दमदार पकड़ की बदौलत फिल्म सातवें दिन करीब 4.35 से 4.45 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। दिलचस्प बात यह है कि छठे दिन के मुकाबले फिल्म की कमाई में सिर्फ 5 से 7 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली, जो इसके मजबूत बॉक्स ऑफिस रन को दिखाता है।
पहले हफ्ते में बना मराठी सिनेमा का सबसे बड़ा रिकॉर्ड
शुरुआती आंकड़ों के अनुसार ‘राजा शिवाजी’ ने पहले हफ्ते में 57.65 से 57.75 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 68 करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। इसी के साथ यह फिल्म मराठी सिनेमा के इतिहास का सबसे बड़ा ओपनिंग वीक रिकॉर्ड बनाने में सफल रही। इतना ही नहीं, यह पहली मराठी फिल्म भी बन गई है जिसने रिलीज के पहले हफ्ते में ही 50 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की है। ट्रेड सर्किल्स में फिल्म की लगातार चर्चा हो रही है और इसे मराठी इंडस्ट्री के लिए गेम चेंजर माना जा रहा है।
अब ‘वेड’ का रिकॉर्ड टूटना लगभग तय!
फिलहाल ‘राजा शिवाजी’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली चौथी मराठी फिल्म बन चुकी है। अब तीसरे स्थान पर पहुंचने के लिए इसे सिर्फ ‘वेड’ का रिकॉर्ड तोड़ना है, जिसने 61.2 करोड़ रुपए की कमाई की थी। मौजूदा आंकड़ों के हिसाब से फिल्म इस रिकॉर्ड से सिर्फ 3.5 करोड़ रुपए दूर है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि आठवें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को ‘राजा शिवाजी’ आसानी से ‘वेड’ को पीछे छोड़ सकती है। अगर फिल्म इसी रफ्तार से चलती रही तो आने वाले दिनों में यह मराठी सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल हो सकती है। 'सैराट' अभी 90 करोड़ के कलेक्शन के साथ सबसे कमाऊ मराट्ठी फिल्म है, जबकि दूसरे पायदान पर 'बैपन भारी देवा' है, जिसने 76.28 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था।
