भूमि पेडनेकर के CJP-NEET विरोध प्रदर्शन पर दिए बयान के बाद विवाद बढ़ गया। अब उनकी पूर्व एक्टिंग टीचर ने पुराना व्यवहार याद दिलाते हुए सम्मान और जिम्मेदारी पर सवाल उठाए हैं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। CJP के नेतृत्व में हुए NEET-UG 2026 विरोध प्रदर्शन के दौरान अभद्र भाषा की आलोचना करने वाले उनके वीडियो के बाद अब उनकी पूर्व एक्टिंग टीचर श्रुति देसाई ने भी उन पर निशाना साधा है। श्रुति ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि एक्टिंग स्कूल के दिनों में भूमि अपने शिक्षकों के प्रति सम्मानजनक नहीं थीं और अब उनके सम्मान व जिम्मेदारी पर दिए जा रहे संदेश पर सवाल उठाया। इस बीच भूमि के दो वीडियो और उन पर आई सोशल मीडिया प्रतिक्रियाएं भी बहस का विषय बनी हुई हैं।
Bhumi Pednekar की पूर्व टीचर ने क्या आरोप लगाए?
भूमि पेडनेकर की पूर्व एक्टिंग टीचर श्रुति देसाई ने भूमि पेडणेकर को टैग करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "मुझे याद है कि मैं कुछ समय के लिए मुंबई के एक फिल्म स्कूल में आपकी टीचर थी। बदकिस्मती से मुझे यह भी याद है कि आप अपने शिक्षकों के प्रति कितनी असम्मानजनक और लगभग तिरस्कारपूर्ण थीं। क्या आप बता सकती हैं कि सम्मान और जिम्मेदारी को लेकर आपका नजरिया अचानक इतना कैसे बदल गया?"श्रुति का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
NEET Protest पर भूमि पेडनेकर ने क्या कहा था?
अपने पहले वीडियो में भूमि ने प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा की आलोचना की। उन्होंने कहा, "जो वीडियो सामने आ रहे हैं, उनमें जिस तरह की भाषा इस्तेमाल हो रही है और जिस तरह हमारे देश के युवा बात कर रहे हैं... हम ऐसे बात नहीं करते। हम उस व्यक्ति की बात कर रहे हैं जो आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर है। सिर्फ पद की बात नहीं है, क्या हम अपने घर के बड़ों से भी ऐसे बात करेंगे? क्या किसी भी स्थिति में गाली-गलौज सही हो सकती है?"
उन्होंने आगे कहा, "दोस्तों, यह हमारी संस्कृति नहीं है। यह गलत है और इसी वजह से मैंने इस पर बोलना जरूरी समझा। कोई भी देश तभी आगे बढ़ता है, जब हम मिलकर उसकी अच्छाइयों और कमियों पर सम्मानपूर्वक चर्चा करें। हमारी संस्कृति और हमारे संस्कार हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं। अगर हम उनसे भटक गए, तो सही बात सही तरीके से लोगों तक नहीं पहुंच पाएगी और बदलाव भी नहीं आएगा।"
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्यों उठाए सवाल?
भूमि के पहले वीडियो के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाया कि उन्होंने CJP आंदोलन और छात्रों की मुख्य मांगों पर पहले कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी। कई लोगों ने यह भी पूछा कि संसद मार्च के दौरान छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और पेलेट गन के इस्तेमाल जैसे मुद्दों पर उन्होंने चुप्पी क्यों साधी। इसी वजह से उनका वीडियो सोशल मीडिया पर विवाद का विषय बन गया।
बाद में भूमि ने दूसरा वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने महिला प्रदर्शनकारियों को मिल रही कथित रेप और जान से मारने की धमकियों की निंदा की। उन्होंने कहा, "मैंने इंटरनेट पर एक वीडियो देखा, जिसमें प्रदर्शन में शामिल एक युवा लड़की इंटरव्यू दे रही थी। वह पूरी तरह टूटी हुई और डरी हुई लग रही थी। उसका एक वीडियो वायरल होने के बाद उसे रेप और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उसकी मां को भी ऐसी ही धमकियां मिली हैं। यह बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जा सकता। सिर्फ इसलिए कि हम किसी की राय से सहमत नहीं हैं, हम किसी युवा लड़की को डर के माहौल में नहीं जीने दे सकते।"
