तलाक की खबरों के बीच गौरव खन्ना ने पहली बार चुप्पी तोड़ी। उन्होंने आकांक्षा चमोला के लिए अपना प्यार, सपोर्ट जताते हुए कहा कि वह ताउम्र उनके साथ खड़े रहेंगे।

टीवी एक्टर गौरव खन्ना ने पत्नी आकांक्षा चमोला के तलाक के खुलासे के बाद पहली बार पब्लिकली रिएक्शन दिया है। हाल ही में रियलिटी शो 'लॉकअप: सच या सजा' में आकांक्षा ने बताया था कि दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं और तलाक की प्रोसेस में हैं। अब 'लाफ्टर शेफ्स' के सेट पर मीडिया से बातचीत करते हुए गौरव ने साफ किया कि रिश्ते की स्थिति चाहे जो हो, उनका प्यार और सम्मान आज भी पहले जैसा ही है। उन्होंने आकांक्षा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह हमेशा उनका साथ देंगे। वहीं आकांक्षा ने भी दोनों के अलग होने की वजह खुलकर बताई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आकांक्षा चमोला से तलाक की खबरों पर क्या बोले गौरव खन्ना?

'लाफ्टर शेफ्स' के सेट पर जब पैपराजी ने गौरव खन्ना से उनका हालचाल पूछा तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "बस यार, वही यार... जो पहले था, वही हाल है अभी भी। प्यार अभी भी उतना है, सपोर्ट अभी भी उतना है। मैं तो हमेशा आकांक्षा को सपोर्ट करूंगा, मेरी बीवी है यार। प्यार किया तो पीछे क्यों हटूं?" गौरव ने बातचीत के दौरान आकांक्षा के लिए शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा, "ऑल द वेरी बेस्ट टू आकांक्षा। पूरी लाइफ उसके साथ खड़ा हूं।"

यह भी पढ़ें : कौन हैं आकांक्षा चमोला, गौरव खन्ना से उम्र में कितनी छोटी, संपत्ति में कौन किस पर भारी?

'लॉकअप 2' में आकांक्षा चमोला ने तलाक को लेकर क्या कहा था?

'लॉकअप: सच या सजा' के पहले ही एपिसोड में आकांक्षा चमोला ने खुलासा किया था कि वह और गौरव पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं और अब दोनों ने तलाक लेने का फैसला किया है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके बीच किसी तरह की कड़वाहट नहीं है। उन्होंने कहा, "मेरे और गौरव के बीच चीजें खराब नहीं हैं। हम आज भी एक-दूसरे से बात करते हैं। हमें लगता है कि पार्टनर के तौर पर हम एक-दूसरे के लिए अनुकूल नहीं हैं, क्योंकि हम दोनों भविष्य को बिल्कुल अलग नजरिए से देखते हैं। और दुर्भाग्य से वह भविष्य एक-दूसरे के साथ नहीं है।"

आखिर क्यों हो रहा गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला का तलाक?

'लॉकअप 2' के तीसरे एपिसोड में आकांक्षा चमोला ने गौरव खन्ना से अलग होने की असली वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि वह मां नहीं बनना चाहतीं, जबकि गौरव बच्चों की इच्छा रखते हैं। आकांक्षा ने कहा, "जब हमारी शादी हुई थी, तब मेरे अंदर कभी मां बनने की भावना नहीं थी। लेकिन मैं यह जानने के लिए तैयार थी कि शायद समय के साथ यह भावना आ जाए। धीरे-धीरे मुझे एहसास हुआ कि मैं इसके लिए बनी ही नहीं हूं। उस समय गौरव भी इससे सहमत थे, लेकिन वक्त के साथ उनकी सोच बदल गई।"

यह भी पढ़ें : 43 की उम्र में भी क्यों कुंवारे हैं TV स्टार हर्षद चोपड़ा? खुद बताई हैरान करने वाली वजह

आकांक्षा ने आगे कहा, "अब वह बच्चे चाहते हैं और मैं उन्हें यह नहीं दे सकती। मेरे अंदर वह भावना नहीं है, यह बात मैंने उन्हें बहुत पहले ही बता दी थी। जब मुझे एहसास हो गया कि मैं इसके लिए बनी ही नहीं हूं, तभी मैंने साफ कह दिया था कि मैं ऐसा नहीं करूंगी। फिर हमने बैठकर बात की और मैंने उनसे कहा कि अगर वह मुझे छोड़ना चाहते हैं तो छोड़ दें, इसमें कोई गलत बात नहीं है।"

कब हुई थी गौरव खन्ना-आकांक्षा चमोला की शादी?

गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला ने 24 नवंबर 2016 को कानपुर में तीन दिन तक चले भव्य समारोह में शादी की थी। शादी के लगभग दस साल बाद दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है।