Bigg Boss 20 contestants Latest News: बिग बॉस अपने नए सीजन 20 को लेकर सुर्खियों में हैं। कंटेंस्टेंट लिस्ट को लेकर कई नाम सामने आने लगे हैं। अब 2 बड़े नामों के शामिल होने की चर्चा है।

सलमान खान के पॉपुलर रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। शो के संभावित कंटेस्टेंट्स को लेकर लगातार नए नाम सामने आ रहे हैं। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल और अभिनेत्री गीता बसरा इस सीजन का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि, अभी तक शो के मेकर्स या दोनों सितारों की ओर से इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सुनील पाल की एंट्री की चर्चा

रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉमेडियन सुनील पाल 'बिग बॉस 20' के लिए मेकर्स के संपर्क में हैं। अपनी बेबाक राय और कॉमिक अंदाज के लिए मशहूर सुनील पाल अगर शो में आते हैं, तो घर के अंदर दर्शकों को भरपूर मनोरंजन देखने को मिल सकता है। पिछले कुछ समय से सुनील पाल का नाम यूट्यूबर और कॉमेडियन समय रैना के साथ विवाद को लेकर भी सुर्खियों में रहा है। ऐसे में माना जा रहा है कि अगर वह शो में शामिल होते हैं, तो उनकी निजी और प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर बात हो सकती है।

और पढ़ें - यामी गौतम को मिली हिट फ्रेंचाइजी! कहानी-3 में विद्या बालन को करेंगी रिप्लेस

समय रैना के साथ विवाद बना चर्चा का विषय

सुनील पाल ने हाल ही में दावा किया था कि समय रैना ने उन्हें अपने शो में आने का ऑफर दिया था और इसके लिए 25 लाख रुपये की पेशकश की गई थी। सुनील का कहना था कि उन्होंने यह ऑफर इसलिए ठुकरा दिया क्योंकि वह कैमरे पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहते थे। वहीं, समय रैना ने सोशल मीडिया के जरिए इन दावों को "फेक न्यूज" बताया और इस पर तंज भी कसा। दोनों के बीच यह विवाद सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा। 

गीता बसरा भी बन सकती हैं शो का हिस्सा

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि अभिनेत्री गीता बसरा भी 'बिग बॉस 20' में नजर आ सकती हैं। गीता ने 2015 में भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह से शादी के बाद फिल्मों और ग्लैमर की दुनिया से दूरी बना ली थी। बीते साल उन्होंने फिल्म 'मेहर' के जरिए लंबे समय बाद अभिनय की दुनिया में वापसी की थी। इसके अलावा गीता और हरभजन साथ मिलकर एक टॉक शो भी होस्ट कर रहे हैं। अगर गीता शो में शामिल होती हैं, तो फैंस को उनकी निजी जिंदगी, करियर और हरभजन सिंह से जुड़े कई दिलचस्प किस्से सुनने को मिल सकते हैं।

और पढ़ें - हर्षद चोपड़ा का चल रहा शिवांगी जोशी से अफेयर? धीरज धूपर और सूफी मोटीवाला ने बताया सच

जल्द हो सकता है शो का आगाज

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'बिग बॉस 20' का प्रीमियर सितंबर में हो सकता है। हाल ही में शो का लोगो वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया गया है, जिससे फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है। हालांकि, मेकर्स ने अब तक कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आखिर इस बार सलमान खान के शो में कौन-कौन से सितारे नजर आते हैं।