Janhvi Kapoor ने मुंबई के घाटकोपर में दही हांडी कार्यक्रम में 'भारत माता की जय' बोला, जिसका वीडियो वायरल हुआ और ट्रोलिंग का कारण बन गया। इस पर Janhvi ने सफाई दी कि वीडियो को काट-छांटकर पेश किया गया है।

जान्हवी कपूर 16 अगस्त को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मुंबई के घाटकोपर में एक दही हांडी कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने मटकी फोड़ी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लेकिन इस वीडियो में उन्हें 'भारत माता की जय' के नारे लगाते देख लोग जमकर ट्रोल कर रहे हैं। हालांकि, जान्हवी की मानें तो इस वीडियो को कांट-छांट कर मीम की तरह इस्तेमाल किया गया है। एक्ट्रेस ने रविवार को ट्रोलर्स को करारा जवाब भी दिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जान्हवी कपूर की ‘भारत माता की जय’ वाले वीडियो पर सफाई

जान्हवी कपूर ने रविवार (17 अगस्त) को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे दही हांडी के कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के विधायक राम कदम के साथ नज़र आ रही हैं। इस वीडियो में पहले राम कदम 'भारत माता की जय' बोल रहे हैं और फिर जान्हवी कपूर भी ऐसा ही करती हैं। जान्हवी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है, "पूरे वीडियो के सन्दर्भ में…उनके बोलने के बाद नहीं बोलती तो प्रॉब्लम और बोलो तो भी वीडियो को काट के मीम मटेरियल।" इसके साथ उन्होंने लाफिंग इमोजी शेयर की। फिर हाथ जोड़ने, तिरंगे और रेड हार्ट वाली इमोजी शेयर करते हुए उन्होंने लिखा है, "वैसे सिर्फ जन्माष्टमी के दिन नहीं, रोज़ बोलूंगी भारत माता की जय।"

जान्हवी कपूर के वायरल वीडियो पर आए थे ऐसे कमेंट

जान्हवी कपूर का दही हांडी वाला वीडियो वायरल हुआ और जब लोगों ने उनके मुंह से 'भारत माता की जय' का जयकारा सुना तो ट्रोल करना शुरू कर दिया। मसलन, एक यूजर ने लिखा है, "15 अगस्त कल था दीदी। आज दही हांडी है। कृष्ण कन्हैयालाल की जय तो बोलतीं।" एक अन्य यूजर का कमेंट है, "नवरात्रि कब स्टार्ट होगी।" एक यूजर ने तंज करते हुए लिखा, "सभी को होली की शुभकामनाएं।" एक यूजर का कमेंट है, "इसको लगा 15 अगस्त का सेलिब्रेशन हो रहा है।" एक यूजर ने पूछा है, "दही हांडी का भारत माता से क्या लेना देना।"

View post on Instagram

जान्हवी कपूर की अपकमिंग फ़िल्में

जान्हवी कपूर की आने वाली फिल्मों में 'परम सुंदरी' शामिल है, जो 29 अगस्त को रिलीज होने जा रही है। फिल्म में उनके हीरो सिद्धार्थ मल्होत्रा होंगे। वे वरुण धवन के साथ 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' में भी दिखाई देंगी, जो 2 अक्टूबर को थिएटर्स में आएगी। राम चरण स्टारर तेलुगु फिल्म 'पेड्डी' में भी वे लीड रोल में होंगी, जो 2026 में आएगी।