Jiah Khan Death Anniversary: जिया खान, बॉलीवुड की उभरती सितारा, जिनका करियर सिर्फ 4 साल का था, लेकिन उन्होंने बॉलीवुड के दिग्गजों के साथ काम किया। उनकी अचानक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए।

Jiah Khan All Movies : बॉलीवुड एक्ट्रेस जिया खान को गुजरे 12 साल हो गए हैं। 3 जून 2013 को उनकी लाश उनके घर से बरामद हुई थी। वे पंखे से लटकी पाई गई थीं। महज 25 साल की उम्र में उनकी मौत ने ना सिर्फ बॉलीवुड, बल्कि पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। जिया बॉलीवुड की उभरती हुई एक्ट्रेस थीं। उनका करियर सिर्फ 4 साल का था। लेकिन इस दौरान उनकी तीन फ़िल्में रिलीज हुईं और तीनों बॉलीवुड के दिग्गजों के साथ थीं। इन तीन फिल्मों में से दो सुपरहिट रही और ब्लॉकबस्टर रही थीं। बस एक फ्लॉप हुई थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

2007 में जिया खान का डेब्यू, 48 साल बड़े स्टार संग रोमांस

2007 में जिया खान ने बॉलीवुड में कदम रखा था और उनकी पहली फिल्म थी 'निशब्द'। उस वक्त जिया 19 साल की थीं और खुद से 48 साल बड़े अमिताभ बच्चन के साथ रोमांस करती नज़र आई थीं। राम गोपाल वर्मा ने इस फिल्म का निर्देशन किया था फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी। लगभग 8.50 करोड़ रुपए में बनी यह फिल्म करीब 7.53 करोड़ रुपए के कलेक्शन पर सिमट गई थी।

देश की पहली 100 करोड़ी फिल्म की हीरोइन रहीं जिया खान

जिया खान बॉलीवुड की वो एक्ट्रेस थीं, जिनकी दूसरी फिल्म ने 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन अकेले भारत में किया था। खास बात यह है कि यह भारत में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा छूने और इसे पार करने वाली पहली इंडियन फिल्म थी। या यूं कहें कि इस फिल्म से भारत के 100 करोड़ क्लब की शुरुआत हुई थी। हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं, वह है गजनी। ए. आर. मुरुगडॉस के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आमिर खान लीड रोल में दिखे थे और उनके अपोजिट असिन थोट्टूमकल नज़र आई थीं। प्रदीप रावत इस फिल्म के विलेन थे और जिया खान इस फिल्म की सबसे महत्वपूर्ण स्टार्स में से एक थीं। बॉक्स ऑफिस इंडिया की रिपोर्ट की मानें तो 2008 में रिलीज हुई इस ब्लॉकबस्टर फिल्म ने भारत में लगभग 114 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया था।

जिया खान की आखिरी फिल्म अक्षय कुमार संग थी

जिया खान ने आखिरी फिल्म ‘हाउसफुल’ अक्षय कुमार संग की थी। यह फिल्म सुपरहिट रही थी। साजिद खान के निर्देशन में बनी इस कॉमेडी ड्रामा में जिया खान ने अक्षय कुमार की पत्नी (बाद में तलाकशुदा) का रोल निभाया था। लगभग 47 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 72.24 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। यह फिल्म 2010 में रिलीज हुई थी।

2013 में जिया खान ने दुनिया को अलविदा कहा

3 जून 2013 को जिया खान ने दुनिया को अलविदा कहा। पंखे से लटकी उनकी लाश मिलने के बाद पुलिस ने शुरुआत में इसे ख़ुदकुशी का मामला बताया था। 7 जून 2013 को जिया का हाथ से लिखा 6 पेज का सुसाइड नोट मिला था, जिसमें उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड सूरज पंचोली को ख़ुदकुशी का जिम्मेदार ठहराया था। 10 जून 2013 को पुलिस ने सूरज को कस्टडी में लिया और 2 जुलाई 2013 को उन्हें बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। 31 जुलाई 2018 को मुंबई के एक कोर्ट ने सूरज पंचोली को जिया को ख़ुदकुशी के लिए उकसाने का जिम्मेदार ठहराया।अप्रैल 2023 में CBI की स्पेशल कोर्ट ने सबूतों के अभाव में उन्हें बरी कर दिया।