कहते हैं कि संगीत की कोई भाषा नहीं होती, लेकिन K-Pop बैंड BTS के लिए दीवानगी ऐसी है कि दुनिया भर के फैंस अब कोरियन भाषा सीख रहे हैं. एक सर्वे में पता चला है कि 93% फैंस या तो कोरियन सीख रहे हैं या सीखना चाहते हैं.
BTS अब सिर्फ एक म्यूज़िक बैंड नहीं, बल्कि एक 'ग्लोबल इंस्ट्रक्टर' बन गया है। दुनिया भर में लाखों फैंस अपने पसंदीदा स्टार्स के गाने समझने और उनसे बेहतर तरीके से जुड़ने के लिए कोरियन भाषा सीख रहे हैं। 69 देशों में मल्टी-कल्चरल कन्वर्जेंस रिसर्च इंस्टीट्यूट के एक ताज़ा सर्वे के मुताबिक, 93 फीसदी BTS फैंस कोरियन भाषा सीखने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं या सीख रहे हैं। ये सिर्फ एक शौक नहीं, बल्कि दुनिया भर में कोरियन भाषा की बढ़ती पहचान का सबूत है।
डिजिटल पढ़ाई और TOPIK का टारगेट
आजकल कोरियन सीखने के लिए कोई क्लासरूम नहीं जा रहा। लोग लर्निंग ऐप्स, ऑनलाइन वीडियो और BTS के गानों के लिरिक्स से ही काम चला रहे हैं। आधे से ज़्यादा सीखने वालों का टारगेट कोरियन भाषा की काबिलियत मापने वाला टेस्ट TOPIK का लेवल 4 पास करना है। हालांकि, अभी तक सिर्फ 3% लोग ही इसे हासिल कर पाए हैं, जो दिखाता है कि ये भाषा सीखना आसान नहीं है। लेकिन फैंस का जोश कम नहीं हुआ है और वे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर डटे हुए हैं।
कोरिया की इकोनॉमी के लिए BTS क्यों है ज़रूरी?
रिपोर्ट्स बताती हैं कि BTS साउथ कोरिया के लिए सिर्फ़ गर्व की बात नहीं, बल्कि कमाई का एक बहुत बड़ा ज़रिया भी है। बैंक ऑफ़ कोरिया के मुताबिक, हर साल BTS से जुड़े एक्सपोर्ट से ही साउथ कोरिया की इकोनॉमी में 5 अरब अमेरिकी डॉलर आते हैं। ये BTS की 'सॉफ्ट पावर' ही है कि 2025 की शुरुआत में कोरिया आने वाले 42% विदेशी टूरिस्ट K-कंटेंट की वजह से आए थे।
कोरियन भाषा सिखाने वाले साउथ कोरिया के ऑफिशियल नेटवर्क 'किंग सेजोंग इंस्टीट्यूट' में अकेले 2025 में ही 2,39,000 स्टूडेंट्स ने एडमिशन लिया। इनमें से 1,10,000 लोग ऑनलाइन प्रोग्राम के ज़रिए पढ़ रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, BTS के इंटरव्यू, गानों के लिरिक्स और परफॉर्मेंस फुटेज का इस्तेमाल करके पढ़ाने से स्टूडेंट्स का सैटिस्फैक्शन लेवल काफी बढ़ गया है।
मार्च में वर्ल्ड टूर, फैंस का जोश हाई
मार्च के आखिरी हफ्ते में सियोल से शुरू हो रहे BTS के नए एल्बम रिलीज़ और वर्ल्ड टूर से भाषा सीखने की इस लहर को और रफ़्तार मिलेगी। फैंस कॉन्सर्ट में अपने चहेते स्टार्स के साथ कोरियन में गाने के लिए आखिरी दौर की तैयारी में जुटे हैं। ऐसा लगता है कि भाषा की सीमाओं को तोड़ने वाला ये BTS मैजिक आने वाले सालों में कोरियन सीखने के क्रेज़ को एक नए लेवल पर ले जाएगा।
