एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने पति पीटर हाग से चल रहे तलाक विवाद को लेकर बड़ा खुलासा किया है। ऑस्ट्रिया में कोर्ट सुनवाई के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अपने बच्चों से मिलने नहीं दिया गया और बच्चों को अनजान जगह ले जाया गया। बेटे शमशेर की कब्र पर पहुंचीं सेलिना ने कहा कि यह उनकी जिंदगी का सबसे क्रूर दौर है और वह मानसिक रूप से टूट चुकी हैं।

बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर बेहद भावुक खुलासा किया है। पति पीटर हाग से तलाक की प्रक्रिया के बीच सेलिना ने दावा किया कि ऑस्ट्रिया में कोर्ट सुनवाई के दौरान उन्हें अपने बच्चों से मिलने तक नहीं दिया गया। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में वह अपने दिवंगत बेटे शमशेर की कब्र पर नजर आईं। सेलिना ने आरोप लगाया कि उनके बच्चों को उनसे दूर किया जा रहा है और उनकी प्रीमैरिटल संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा है। एक्ट्रेस ने इसे अपनी जिंदगी का सबसे क्रूर अनुभव बताया है।

बेटे की कब्र पर पहुंचीं सेलिना जेटली, छलका दर्द

सेलिना जेटली ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि वह ऑस्ट्रिया अपने तलाक केस की सुनवाई के लिए गई थीं, लेकिन वहां उन्हें अपने बच्चों से मिलने तक नहीं दिया गया। उन्होंने लिखा, “मेरे पास यह दर्दनाक वीडियो शेयर करने के अलावा कोई ऑप्शन नहीं था, ताकि दुनिया एक मां का दर्द देख सके। पिछले कुछ हफ्ते मेरी जिंदगी के सबसे मुश्किल दिन रहे। ऑस्ट्रिया की अदालत में सुनवाई के बावजूद मेरे बच्चों को वैवाहिक घर वापस नहीं लाया गया। मैं सिर्फ अपने बेटे शमशेर से मिल पाई, जो अब इस दुनिया में नहीं है।” सेलिना ने दावा किया कि उनके बच्चों को अनजान जगह ले जाया गया और उन्हें उनसे दूर रखने की कोशिश की जा रही है।

मैंने सबकुछ छोड़ा, बदले में मिला दर्द और अपमान: सेलिना

एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने शादी और परिवार के लिए अपना देश, करियर और परिवार तक छोड़ दिया था। सेलिना ने कहा, “मैं भारत छोड़कर दुबई, सिंगापुर और ऑस्ट्रिया तक गई, सिर्फ अपने पति के करियर और सपनों को सपोर्ट करने के लिए। मैंने अकेले बच्चों की परवरिश की और हर कदम पर पति का साथ दिया। लेकिन बदले में मेरी संपत्तियां मुझसे धीरे-धीरे छीनी जाती रहीं और मुझे अपमान और प्रताड़ना झेलनी पड़ी।” उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों को उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है और उनकी बातचीत तक रोकी जा रही है। सेलिना ने कहा कि वह हमेशा बच्चों की भलाई को प्राथमिकता देकर शांतिपूर्ण अलगाव चाहती थीं, लेकिन हर बार उनसे अवास्तविक मांगें की गईं।

View post on Instagram

सेलिना जेटली घरेलू हिंसा केस से लेकर 50 करोड़ के दावे तक

सेलिना जेटली और ऑस्ट्रियन होटल कारोबारी पीटर हाग की शादी 2011 में हुई थी। दोनों के दो सेट ट्विन बेटे हुए थे। साल 2017 में जन्मे जुड़वा बेटों में से शमशेर का जन्मजात दिल की बीमारी के कारण निधन हो गया था। पिछले साल सेलिना ने मुंबई के अंधेरी कोर्ट में पीटर हाग के खिलाफ घरेलू हिंसा, क्रूरता और मानसिक उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। उन्होंने घरेलू हिंसा कानून के तहत केस फाइल करते हुए 50 करोड़ रुपए के हर्जाने और संपत्ति नुकसान की भरपाई की मांग की थी। अब तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर विवाद और ज्यादा गंभीर होता नजर आ रहा है।