रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर 2’ को रिलीज हुए 7 हफ्ते हो चुके हैं, लेकिन फिल्म अब भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है। इसी बीच एक कानूनी विवाद के दौरान फिल्म की OTT रिलीज को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगभग 1800 करोड़ रुपए कमा चुकी है। जानिए OTT पर 'धुरंधर 2' कब तक आ सकती है।

आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रणवीर सिंह स्टारर यह स्पाई थ्रिलर भारत ही नहीं, दुनियाभर में भी जबरदस्त कमाई कर चुकी है। अब जबकि फिल्म थिएटर्स में सात हफ्ते पूरे कर चुकी है, फैंस इसकी OTT रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हालांकि मेकर्स ने अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन दिल्ली हाईकोर्ट में चल रहे एक कानूनी विवाद के दौरान फिल्म की डिजिटल रिलीज को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। इससे साफ संकेत मिले हैं कि फिल्म जल्द OTT प्लेटफॉर्म पर दस्तक दे सकती है।

‘तिरछी टोपीवाले’ विवाद में खुला OTT रिलीज का राज

‘धुरंधर 2’ के क्लाइमैक्स में इस्तेमाल किए गए गाने ‘तिरछी टोपीवाले’ के रीमिक्स वर्जन ‘रंग दे लाल’ को लेकर विवाद शुरू हुआ। ‘त्रिदेव’ के निर्देशक और निर्माता राजीव राय ने फिल्म के मेकर्स पर बिना अनुमति गाना इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। दिल्ली हाईकोर्ट ने पहले दोनों पक्षों को मध्यस्थता के जरिए मामला सुलझाने की सलाह दी थी, लेकिन बुधवार को कोर्ट को बताया गया कि बातचीत असफल रही। इसी सुनवाई के दौरान ‘धुरंधर 2’ के निर्माता B62 Films ने अदालत को बताया कि फिल्म मई के मध्य तक OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने की संभावना नहीं है। इससे फिल्म की संभावित डिजिटल रिलीज विंडो का संकेत मिल गया।

JioHotstar पर आएगी ‘धुरंधर 2’

रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘धुरंधर 2’ का थिएट्रिकल रन 14 मई को आठ हफ्ते पूरे कर लेगा। बॉलीवुड फिल्मों में आमतौर पर 8 से 10 हफ्तों के बाद OTT रिलीज का ट्रेंड देखा जाता है और यही पैटर्न इस फिल्म में भी लागू हो सकता है। दिलचस्प बात यह है कि दिसंबर 2025 में रिलीज हुई पहली ‘धुरंधर’ फिल्म थिएटर रिलीज के आठ हफ्ते बाद Netflix पर आई थी, लेकिन इस बार सीक्वल को JioHotstar पर स्ट्रीम किया जाएगा। ऐसे में फैंस को जल्द ही घर बैठे रणवीर सिंह का हाई-ऑक्टेन स्पाई अवतार देखने का मौका मिल सकता है।

3100 करोड़ की फ्रेंचाइजी, 1800 करोड़ की अकेली कमाई

‘धुरंधर 2’ का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जबकि इसे Jio Studios और B62 Studios ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में रणवीर सिंह एक भारतीय जासूस के किरदार में नजर आए हैं, जिसकी कहानी कराची के मिशन पर आधारित है। फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त, राकेश बेदी और सारा अर्जुन भी अहम भूमिकाओं में हैं, जबकि इसके पहले पार्ट में अक्षय खन्ना भी नज़र आए थे। ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी की दोनों फिल्मों ने मिलकर दुनियाभर में 3100 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की है। वहीं अकेले ‘धुरंधर 2’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन लगभग 1800 करोड़ रुपए पहुंच चुका है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।