Drishyam The Conclusion Movie Release Date: 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' का ऐलान हो गया है। आखिरकार अजय देवगन की यह फिल्म विजय सालगांवकर की कहानी का अंतिम अध्याय होगी।

अजय देवगन के फैंस के लिए आज का दिन बेहद खास है। लंबे समय से जिस फिल्म का इंतजार किया जा रहा था, आखिरकार उसका आधिकारिक ऐलान हो गया है। ‘दृश्यम 3’ अब नए टाइटल ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के साथ दर्शकों के बीच आने वाली है। फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर अपने बेहद चर्चित किरदार विजय सालगांवकर के रूप में नजर आएंगे। यह फिल्म हिंदी ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी का तीसरा और आखिरी अध्याय होगी।

विजय सालगांवकर की कहानी का होगा आखिरी पड़ाव

‘दृश्यम’ की पिछली दोनों फिल्मों में विजय सालगांवकर ने अपनी फैमिली को बचाने के लिए जिस तरह दिमाग और चालाकी का इस्तेमाल किया, उसने दर्शकों को खूब रोमांचित किया था। अब तीसरे पार्ट में इसी कहानी को उसके अंतिम मुकाम तक पहुंचाने की तैयारी है। फिल्म के नए टाइटल ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ से भी साफ संकेत मिल रहा है कि इस बार विजय की कहानी को किसी बड़े और निर्णायक मोड़ तक पहुंचाया जाएगा।

और पढ़ें - 21 साल बाद अजय देवगन बनेंगे विलेन, हॉरर फिल्म Griha Pravesh में होगा ऐसा रोल

2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

अजय देवगन ने फिल्म का पहला पोस्टर शेयर करते हुए इसकी रिलीज डेट भी कन्फर्म कर दी है। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस तारीख का ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी से खास कनेक्शन भी है, क्योंकि पिछली फिल्मों में 2 अक्टूबर की तारीख कहानी के अहम हिस्से के तौर पर सामने आती रही है। पोस्टर पर लिखा है— ‘मेरा सच, मेरा सही, सिर्फ मेरी फैमिली है।’ यह लाइन एक बार फिर बताती है कि विजय के लिए उसकी फैमिली सबसे ऊपर है और वह उन्हें बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है।

YouTube video player

तब्बू और श्रिया सरन भी लौटेंगी

फिल्म में अजय देवगन के साथ पिछली फिल्मों के कई अहम किरदार भी वापस नजर आएंगे। तब्बू एक बार फिर आईजी मीरा देशमुख के रोल में दिखाई देंगी, जबकि श्रिया सरन नंदिनी के किरदार को दोहराएंगी। रजत कपूर की भी वापसी होगी। इसके अलावा फिल्म में प्रकाश राज और जयदीप अहलावत की एंट्री भी बताई जा रही है। यानी इस बार विजय सालगांवकर के सामने नए चेहरे और नई चुनौतियां देखने को मिल सकती हैं।

अभिषेक पाठक के हाथ में डायरेक्शन की कमान

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं। उन्होंने फिल्म की कहानी/स्क्रीनप्ले पर आमिल कीयान खान और परवेज शेख के साथ काम किया है। फिल्म को पैनोरमा स्टूडियोज और स्टार स्टूडियो18 के बैनर तले तैयार किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल यह पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में है।

और पढ़ें - ‘ब्रह्मास्त्र 2’ का बजट ₹550 करोड़? पहले पार्ट से ज्यादा होगा आलिया भट्ट का रोल, दीपिका पादुकोण की सरप्राइज एंट्री

क्या इस बार खुलेगा विजय का सबसे बड़ा राज?

‘दृश्यम’ की पूरी कहानी का सबसे बड़ा आकर्षण यही रहा है कि विजय हर बार पुलिस से एक कदम आगे नजर आता है। लेकिन अब जब तीसरी फिल्म को ‘द कन्क्लूजन’ नाम दिया गया है, तो सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विजय इस बार भी अपनी फैमिली को बचाने में कामयाब होगा या फिर उसके पुराने राज आखिरकार सामने आ जाएंगे? फिल्म के मेकर्स ने कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की है। ऐसे में 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में पहुंचने वाली यह फिल्म दर्शकों के लिए विजय सालगांवकर की कहानी का सबसे बड़ा और आखिरी रहस्य खोल सकती है।