Drishyam 3 Trailer Twitter Review: 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' के ट्रेलर में विजय सालगांवकर फिर मुश्किल में हैं। तब्बू का किरदार अब बदला चाहता है और जयदीप अहलावत की नई एंट्री ने सस्पेंस बढ़ा दिया है।
अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। विजय सालगांवकर के किरदार में अजय देवगन की वापसी ने फैंस की एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है। करीब 3 मिनट के ट्रेलर में एक बार फिर परिवार, पुलिस, पुराने राज और विजय की चालाकी के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिलता है। ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स फिल्म को लेकर जमकर रिएक्शन दे रहे हैं और कई फैंस ने इसे अभी से ‘ब्लॉकबस्टर लोडिंग’ बताया है।
विजय सालगांवकर फिर मुश्किल में फंसा
‘दृश्यम 3’ के ट्रेलर की शुरुआत ही एक बड़े सवाल से होती है कि इस बार विजय सालगांवकर क्या करेगा? पिछले दोनों पार्ट्स में अपनी फैमिली को बचाने के लिए विजय ने जिस तरह पुलिस को चकमा दिया था, अब उसी पुराने केस का साया एक बार फिर उसके परिवार पर मंडराता नजर आ रहा है। ट्रेलर में विजय पहले की तरह शांत और अपने परिवार के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार दिखाई देता है। लेकिन इस बार उसके सामने पहले से ज्यादा बड़ी चुनौती है।
और पढ़ें - ‘दृश्यम 3’ के बाद आएगा चौथा पार्ट, अजय देवगन ने हिंट देकर कहा- ‘कहानी यहीं खत्म होगी...’
तब्बू की मीरा देशमुख अब इंसाफ नहीं, बदला चाहती है
फिल्म में तब्बू एक बार फिर मीरा देशमुख के किरदार में वापसी कर रही हैं। पिछले पार्ट्स में विजय और मीरा के बीच जो टकराव देखने को मिला था, ‘दृश्यम 3’ में वह और भी ज्यादा खतरनाक होता नजर आ रहा है। ट्रेलर से संकेत मिलता है कि मीरा अब सिर्फ इंसाफ पाने की कोशिश नहीं कर रही हैं, बल्कि विजय से बदला लेने के इरादे के साथ आगे बढ़ रही हैं। इस बार उनके पास कुछ नए सबूत भी हैं, जिससे सालगांवकर परिवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
जयदीप अहलावत की एंट्री ने बढ़ाया सस्पेंस
‘दृश्यम 3’ की सबसे बड़ी नई एंट्री जयदीप अहलावत की है। वह फिल्म में क्राइम ब्रांच के एसपी राजवीर सिंह तोमर का किरदार निभा रहे हैं। ट्रेलर में उनका कैरेक्टर विजय के लिए एक नई और मजबूत चुनौती बनकर सामने आता है। सोशल मीडिया पर ट्रेलर देखने के बाद कई दर्शकों ने खास तौर पर जयदीप अहलावत की एंट्री और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ की है। रिपोर्ट्स में भी उनके किरदार को ट्रेलर के सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाले हिस्सों में गिना गया है।
फैंस बोले- ‘ब्लॉकबस्टर लोडिंग’
ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर ‘दृश्यम 3’ को लेकर जबरदस्त बज देखने को मिला। कई यूजर्स ने अजय देवगन के विजय सालगांवकर वाले अंदाज की तारीफ की तो कुछ ने फिल्म के सस्पेंस और जयदीप अहलावत की एंट्री को हाईलाइट किया। कई फैंस ने इसे ‘ब्लॉकबस्टर लोडिंग’, ‘मास्टरपीस’ और ‘साल की सबसे बड़ी थ्रिलर’ जैसे कमेंट्स के साथ रिएक्ट किया। हालांकि, ये दर्शकों की शुरुआती प्रतिक्रियाएं हैं और फिल्म की असली सफलता का फैसला बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के बाद ही होगा।
और पढ़ें - सुशांत सिंह के पोस्टमॉर्टम स्टाफ का दावा, बोले- ‘मौत से पहले 2-3 बार गला दबाया गया’
‘दृश्यम 3’ की कहानी पहले से होगी अलग
इस फिल्म को लेकर एक और खास बात यह है कि हिंदी वर्जन की कहानी मलयालम ‘दृश्यम 3’ से अलग बताई जा रही है। अजय देवगन ने भी कहा है कि हिंदी फिल्म की कहानी को तैयार करने में टीम ने काफी समय लगाया है और यह ओरिजिनल मलयालम कहानी की सीधी कॉपी नहीं होगी। अजय देवगन ने यह भी इच्छा जाहिर की है कि मलयालम ‘दृश्यम’ के स्टार मोहनलाल और डायरेक्टर जीतू जोसेफ हिंदी वर्जन को देखें और अपनी राय दें। उनके मुताबिक, ओरिजिनल टीम की प्रतिक्रिया उनके लिए काफी मायने रखती है।
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ होगी कहानी की आखिरी कड़ी?
फिल्म का टाइटल ही इशारा कर रहा है कि यह विजय सालगांवकर की कहानी का कन्क्लूजन यानी समापन हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक हिंदी फ्रेंचाइजी के इस तीसरे पार्ट को कहानी के अंतिम अध्याय के तौर पर तैयार किया गया है। ऐसे में दर्शकों के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विजय इस बार भी पुलिस को मात देने में कामयाब होगा या फिर इतने सालों से छिपा राज आखिरकार सामने आ जाएगा। अजय देवगन, तब्बू, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज जैसे कलाकारों से सजी ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म का डायरेक्शन अभिषेक पाठक ने किया है।
